Kanpur News : ‘बाप-बाप होता है,’ T20 वर्ल्डकप में भारत ने पाकिस्तान को पीटा, पटाखों से गूंजा कानपुर, लोग बोले- इस बार ट्रॉफी पक्की

0
Kanpur News : ‘बाप-बाप होता है,’ T20 वर्ल्डकप में भारत ने पाकिस्तान को पीटा, पटाखों से गूंजा कानपुर, लोग बोले- इस बार ट्रॉफी पक्की


Last Updated:

India Pak Match Kanpur Celebrations : भारत की जीत होते ही कानपुर में जबरदस्त माहौल बन गया. कई इलाकों में लोगों ने जमकर पटाखे फोड़े और सड़कों पर निकलकर खुशी मनाई. जश्न मना रहे युवाओं ने टीम इंडिया की जमकर तारीफ की. उनका कहना था, “बाप बाप होता है. भारतीय खिलाड़ियों के सामने टिकना मुश्किल है.” कानपुर के क्रिकेट प्रेमियों का मानना है कि इस बार टीम इंडिया के वर्ल्ड कप जीतने के पूरे चांस बन रहे हैं. खिलाड़ियों का प्रदर्शन लगातार बेहतर होता जा रहा है. लोगों को उम्मीद है कि इस बार इतिहास दोहराया जाएगा. टीम इंडिया ट्रॉफी लेकर आएगी.

कानपुर. भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए टी-20 वर्ल्ड कप के हाईवोल्टेज मुकाबले में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 61 रनों से बड़ी जीत दर्ज की. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 175 रन बनाए. टीम की ओर से ईशान किशन ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 77 रन की शानदार पारी खेली और टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया. बाकी बल्लेबाजों ने भी समय-समय पर रन जोड़कर टीम को संभाले रखा. जवाब में 176 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर टिक नहीं सकी और 114 रन पर ही सिमट गई. भारतीय गेंदबाजों ने शुरू से ही दबाव बनाए रखा और लगातार विकेट लेकर मैच पूरी तरह भारत के पक्ष में कर दिया.

हर मोर्चे पर मजबूत

इस मुकाबले में भारतीय टीम हर मोर्चे पर मजबूत नजर आई. बल्लेबाजों ने समझदारी से खेलते हुए रन बनाए और आखिरी ओवरों में तेजी दिखाकर स्कोर को 175 तक पहुंचाया. गेंदबाजों ने सटीक लाइन और लेंथ से गेंदबाजी करते हुए पाकिस्तान को संभलने का मौका ही नहीं दिया. लगातार विकेट गिरने से पाकिस्तान की टीम दबाव में आ गई और बड़ा लक्ष्य हासिल नहीं कर पाई. भारत की जीत होते ही कानपुर में जबरदस्त माहौल बन गया. शहर के कई इलाकों में लोगों ने जमकर पटाखे फोड़े और सड़कों पर निकलकर खुशी मनाई. युवा हाथों में तिरंगा लेकर “भारत माता की जय” के नारे लगाते नजर आए.

कई जगहों पर लोग बाइक और कारों से जुलूस निकालते दिखे. मोहल्लों में बच्चे और बड़े सभी लोग जीत की खुशी में झूमते नजर आए. कानपुर के लोगों का कहना था कि भारत-पाकिस्तान का मैच हमेशा खास होता है और जब भारत जीतता है तो खुशी और भी बढ़ जाती है. कई लोगों ने मिठाई बांटी और एक-दूसरे को गले लगाकर जीत की बधाई दी. ऐसा लग रहा था मानो पूरा शहर किसी बड़े त्योहार का जश्न मना रहा हो.

शुरू से ही दबाव

जश्न मना रहे कानपुर के युवाओं ने टीम इंडिया की जमकर तारीफ की. उनका कहना था कि “बाप बाप होता है, पाकिस्तान भारत के सामने कहीं नहीं टिकता. चाहे वो किसी भी तरह का बॉलर ले आए, हाथ घुमाने वाला या तेज गेंदबाज, भारतीय खिलाड़ियों के सामने टिकना मुश्किल है.” लोगों ने कहा कि आंकड़े भी यही बताते हैं कि बड़े मैचों में भारत का पलड़ा हमेशा भारी रहता है. इस मैच में भी टीम इंडिया ने शुरू से ही दबाव बनाकर रखा और पाकिस्तान को वापसी का मौका ही नहीं दिया. कई लोगों ने यह भी कहा कि भारत के सामने पाकिस्तान किसी भी तरीके से मुकाबला नहीं कर पाता.

वर्ल्ड कप जीतने की उम्मीद और मजबूत
कानपुर के क्रिकेट प्रेमियों का मानना है कि इस बार टीम इंडिया के वर्ल्ड कप जीतने के पूरे चांस बन रहे हैं. खिलाड़ियों का प्रदर्शन लगातार बेहतर होता जा रहा है और टीम पूरे आत्मविश्वास के साथ खेल रही है. कुछ लोगों ने यह भी कहा कि जिस तरह इस बार जिम्बॉब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को हराया है, वैसे ही संयोग पहले भी बने थे, जब भारत ने पहली बार वर्ल्ड कप जीता था. लोगों को उम्मीद है कि इस बार भी इतिहास दोहराया जा सकता है और टीम इंडिया ट्रॉफी भारत लेकर आएगी. भारत की इस जीत ने कानपुर के माहौल को पूरी तरह देशभक्ति के रंग में रंग दिया है. हर गली-मोहल्ले में सिर्फ एक ही चर्चा है- टीम इंडिया के वर्ल्ड कप जीतने की उम्मीद.

About the Author

Priyanshu Gupta

Priyanshu has more than 10 years of experience in journalism. Before News 18 (Network 18 Group), he had worked with Rajsthan Patrika and Amar Ujala. He has Studied Journalism from Indian Institute of Mass Commu…और पढ़ें



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों