Kanpur News: कानपुर की इस छात्रा ने संभाला जिलाधिकारी का चार्ज, एक दिन में किए कई बड़े फैसले
Last Updated:
Kanpur Latest News: कानपुर में “मिशन शक्ति 5.0” के तहत एक दिन के लिए छात्रा श्रद्धा दीक्षित ने जिलाधिकारी का पद संभाला. इस दौरान उन्होंने जनता की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए.
कानपुर: मिशन शक्ति 5.0 के तहत आज कानपुर नगर में एक खास कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और प्रशासनिक समझ विकसित करना है. इस अवसर पर कानपुर के पारितोष इंटर कॉलेज, हंसपुरम, नौबस्ता की मेधावी छात्रा कुमारी श्रद्धा दीक्षित ने एक दिन के लिए जिलाधिकारी का कार्यभार संभाला.
मेधावी छात्रा बनी ‘सांकेतिक जिलाधिकारी’
श्रद्धा दीक्षित ने वर्ष 2025 की हाईस्कूल परीक्षा में 600 में से 581 अंक प्राप्त कर पूरे जनपद में पहला स्थान हासिल किया था. उनकी इस उपलब्धि को सम्मानित करने के लिए जिला प्रशासन ने उन्हें एक दिन के लिए जिलाधिकारी बनने का अवसर दिया. सुबह कलेक्ट्रेट पहुंचकर उन्होंने औपचारिक रूप से चार्ज संभाला. इस दौरान अधिकारियों ने उनका स्वागत किया और जिले के कार्यों से परिचित कराया.
श्रद्धा ने जिलाधिकारी की कुर्सी पर बैठकर अधिकारियों से जनता से जुड़ी समस्याओं के बारे में जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए.
जनता की समस्याओं को समझा, तुरंत दिए निर्देश
जनसुनवाई के दौरान श्रद्धा के सामने कई शिकायतें आईं. मीरपुर छावनी निवासी अनीसा ने अपने मकान के सामने अवैध कब्जे की समस्या बताई और सुरक्षा की मांग की. श्रद्धा ने इसे गंभीरता से लिया और क्षेत्राधिकारी तथा थाना प्रभारी रेलबाजार को तुरंत कार्रवाई का निर्देश दिया.
इसी तरह रामनगर, दर्शनपुरवा निवासी अरविंद कुमार गुप्ता ने अपनी भूमि पर हो रहे अवैध कब्जे की शिकायत की. श्रद्धा ने एसीएम‑प्रथम और थाना फजलगंज को तत्काल जांच कर शीघ्र समाधान करने का आदेश दिया. कलेक्ट्रेट परिसर में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने श्रद्धा के कार्यशैली और संवेदनशील रवैये की प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि श्रद्धा ने जिस गंभीरता और आत्मविश्वास के साथ कार्य किया, वह प्रेरणादायक है.
डीएम का सशक्तिकरण संदेश
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि “मिशन शक्ति 5.0” का मकसद महिलाओं और बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास पैदा करना है. उन्होंने कहा कि श्रद्धा जैसी प्रतिभाशाली बालिकाएं भविष्य में समाज और शासन की दिशा तय करेंगी.
एक दिन के लिए जिलाधिकारी बनने का यह अनुभव न केवल श्रद्धा दीक्षित के लिए बल्कि पूरे शहर के लिए प्रेरणादायक रहा. श्रद्धा ने कहा कि भविष्य में वह समाज की सेवा करना चाहती हैं और प्रशासनिक सेवा में अपना योगदान देना चाहती हैं. मिशन शक्ति के इस आयोजन ने यह स्पष्ट कर दिया कि बेटियों को सही अवसर दिया जाए तो वे हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू सकती हैं.
सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. मैने शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 ( नेटवर्क 18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News 18 (नेटवर्क 18) के साथ जुड़ी हूं…और पढ़ें
सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. मैने शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 ( नेटवर्क 18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News 18 (नेटवर्क 18) के साथ जुड़ी हूं… और पढ़ें