Kanpur News : “दिमाग खराब हो गया है क्या?” एक्सईएन पर भड़कीं महापौर, वीडियो वायरल, जानें पूरा मामला
Last Updated:
Kanpur latest news : कानपुर की खस्ताहाल सड़कों से परेशान जनता की शिकायत पर महापौर प्रमिला पांडे खुद मौके पर पहुंचीं. बन्नानापुरवा में दो दिन पहले बनी सड़क उखड़ी देख वह भड़क उठीं और पीडब्ल्यूडी एक्सईएन को फोन पर फटकार लगाई. अब यह मामला मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पास जाएगा. शहर में सड़क निर्माण की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की तैयारी है.
कानपुर: यूपी के कानपुर शहर की खस्ता हाल सड़कों ने लोगों की जिंदगी दूभर कर दी है. शहर के कई इलाकों में सड़कें इतनी जर्जर हो चुकी हैं कि हर कदम पर गड्ढे ही गड्ढे दिखाई देते हैं. इससे न केवल लोगों को सफर में परेशानी हो रही है बल्कि जाम की स्थिति भी बार-बार बन रही है. भन्नानापुरवा इलाके के लोगों ने हाल ही में बनी सड़क के दो दिन में उखड़ जाने की शिकायत नगर निगम में की थी. इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए गुरुवार को महापौर प्रमिला पांडे खुद मौके पर पहुंचीं. जब उन्होंने सड़क की हालत देखी तो वह काफी नाराज हो गईं.
फोन पर एक्सईएन को लगाई फटकार
साइट पर मौजूद अफसरों से जानकारी लेने के बाद महापौर ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के एक्सईएन को मौके पर ही फोन मिलाया और जमकर फटकार लगाई. उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. वीडियो में वह कहती नजर आ रही हैं, “अभी मैं मुख्यमंत्री के पास जाकर बैठ जाऊंगी. काम तुम लोग करते हो और फोन मेरे पास आता है. दो दिन में सड़क उखड़ गई है, तुम लोगों का दिमाग खराब हो गया है क्या?”
सड़क निर्माण में मिली गंभीर खामियां
महापौर ने बताया कि बन्नानापुरवा की सड़क की शिकायत मिलने पर वह खुद जांच के लिए गई थीं. जांच में सड़क निर्माण में गंभीर कमियां पाई गईं. उन्होंने कहा कि अगर किसी विभाग द्वारा सड़क का निर्माण गलत तरीके से किया गया तो तुरंत कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने यह भी कहा कि “अगर कोई विभाग सड़क बनाता है और वह टूटती है तो तत्काल हमें जानकारी देनी चाहिए, वरना सख्त कार्रवाई होगी.”
मुख्यमंत्री के पास पहुंचेगा मामला
महापौर प्रमिला पांडे ने कहा कि यह मामला अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संज्ञान में लाया जाएगा ताकि दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो सके. उन्होंने स्पष्ट कहा कि आगे से किसी भी विभाग द्वारा शहर की सड़कों की खुदाई या निर्माण में लापरवाही बरती गई तो कोई रियायत नहीं दी जाएगी.
जनता को राहत की उम्मीद
कानपुर की सड़कें लंबे समय से लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई हैं. अब जब खुद महापौर मैदान में उतर आई हैं तो उम्मीद की जा रही है कि जिम्मेदार विभाग शहर की सड़कों की गुणवत्ता और मरम्मत पर ध्यान देंगे. ताकि कानपुर की जनता को राहत मिल सके और शहर की तस्वीर बदली जा सके.