Kanpur News :-विदेश जाकर कारोबार को मिलेगी उड़ान, केंद्र सरकार दे रही निर्यातकों को बड़ी मदद..
Last Updated:
Kanpur Latest News : केंद्र सरकार ने बजट 2025 में घोषित एक्सपोर्ट प्रमोशन मिशन के तहत निर्यातकों को बड़ी राहत दी है. 25 हजार करोड़ रुपये का फंड जारी होने से वैश्विक बाजार में संघर्ष कर रहे भारतीय निर्यातकों को सीधी मदद मिलेगी. इससे विदेश में कारोबार, रिसर्च और नए बाजार तलाशने में मजबूती आएगी.
कानपुर: देशभर के निर्यातकों के लिए केंद्र सरकार की ओर से एक राहतभरी और उत्साह बढ़ाने वाली खबर सामने आई है.बजट 2025 में घोषित किए गए एक्सपोर्ट प्रमोशन मिशन (ईपीएम) के तहत केंद्र सरकार ने 25 हजार करोड़ रुपये का फंड जारी कर दिया है.लंबे समय से वैश्विक बाजार में मांग कम होने, लागत बढ़ने और फाइनेंस की दिक्कतों से जूझ रहे निर्यातकों को इससे सीधी मदद मिलने की उम्मीद है.सरकार का साफ कहना है कि अब निर्यातकों को विदेश जाकर कारोबार बढ़ाने में हर संभव सहायता दी जाएगी.
निर्यातकों की परेशानियों को मिलेगी राहत
पिछले कुछ महीनों से देश के निर्यातकों के सामने कई तरह की चुनौतियां थीं. अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रतिस्पर्धा बढ़ गई थी, वहीं छोटे और मझोले निर्यातकों के लिए विदेश जाकर नए बाजार तलाशना आसान नहीं था.ऐसे में एक्सपोर्ट प्रमोशन मिशन के तहत मिलने वाला फंड उनके लिए संजीवनी की तरह साबित होगा.सरकार का मकसद है कि भारतीय उत्पादों की पहुंच नए देशों तक बढ़े और निर्यात में लगातार इजाफा हो
विदेश जाकर कारोबार के लिए मिलेगी वित्तीय सहायता
फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गेनाइजेशन (फियो) के सहायक निदेशक आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि ईपीएम के तहत निर्यातकों को विदेश जाकर कारोबार करने में सीधी मदद मिलेगी. उन्होंने बताया कि अगर कोई निर्यातक विदेश में रिसर्च एंड डेवलपमेंट के लिए तीन लाख रुपये खर्च करता है, तो सरकार उसे 30 से 40 प्रतिशत तक की आर्थिक सहायता देगी. इससे नए उत्पाद तैयार करने और विदेशी बाजार की जरूरतों को समझने में आसानी होगी.
ब्रांडिंग और ट्रेड फाइनेंस में भी सहयोग
ईपीएम के तहत सिर्फ रिसर्च ही नहीं, बल्कि उत्पादों की ब्रांडिंग पर भी सरकार मदद करेगी. अब निर्यातकों को अपने उत्पादों के प्रचार और पहचान बनाने के लिए ज्यादा चिंता करने की जरूरत नहीं होगी.इसके अलावा ट्रेड फाइनेंस के क्षेत्र में भी सरकार ने बड़ी राहत दी है.निर्यातकों को पूंजी की कमी से जूझना नहीं पड़ेगा और समय पर फाइनेंस उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे ऑर्डर पूरे करने में आसानी होगी.
ऐसे करें आवेदन
अगर कोई निर्यातक एक्सपोर्ट प्रमोशन मिशन के तहत सहायता लेना चाहता है, तो उसे विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) के पोर्टल पर जाकर आवेदन करना होगा.पोर्टल पर दिए गए लिंक पर क्लिक कर पूरा फॉर्म भरना होगा और उसे सब्मिट करना होगा. आवेदन के बाद डीजीएफटी की ओर से संबंधित निर्यातक से संपर्क किया जाएगा और पूरी प्रक्रिया में उसकी मदद की जाएगी, एक्सपोर्ट प्रमोशन मिशन के जरिए केंद्र सरकार ने साफ संकेत दे दिया है कि वह निर्यातकों के साथ मजबूती से खड़ी है. इस योजना से न सिर्फ कारोबार बढ़ेगा, बल्कि भारत की पहचान वैश्विक बाजार में और मजबूत होगी.