Krishi Tips: नवंबर में उगाएं ये खास सब्जियां, मिलेगा बेहतर गुणवत्ता और उत्पादन, जानें देखभाल के खास टिप्स
Last Updated:
Vegetable cultivation in November: इन पांच सब्जियों को उगाने में ज्यादा खर्च नहीं आता. सिर्फ कुछ गमले, थोड़ी मिट्टी, जैविक खाद और बीज से घर का किचन गार्डन तैयार हो सकता है। इससे न सिर्फ रसोई का खर्च कम होगा, बल्कि परिवार को मिलेगी ताजी, सुरक्षित और रासायनिक मुक्त सब्जियां.
अगर आप अपने घर की छत या आंगन में किचन गार्डन बनाना चाहते हैं, तो नवंबर का महीना इसके लिए सबसे बेहतर समय है. इस मौसम में कई ऐसी सब्जियां हैं जो कम मेहनत और खर्च में उगाई जा सकती हैं और पूरे सर्दियों भर ताजा उत्पादन देती हैं. कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि सही समय पर बीज बोने और थोड़ी देखभाल से घर पर ही रसोई की जरूरतें पूरी की जा सकती हैं.

नवंबर में मेथी की बुवाई के लिए मौसम बिल्कुल अनुकूल होता है। इसे गमले या छोटे ट्रे में आसानी से उगाया जा सकता है. सिर्फ आधा किलो बीज से पूरे सीजन तक ताजी हरी मेथी मिल सकती है. बीज बिखराकर मिट्टी की हल्की परत से ढक दें और रोजाना हल्की सिंचाई करें. 25 से 30 दिन में कटाई शुरू हो जाती है.

सर्दियों की यह हरी सब्जी पोषक तत्वों से भरपूर होती है. पालक की बुवाई नवंबर में करने पर 20-25 दिन में पहली फसल मिल जाती है. इसे बालकनी या छत पर रखे गमलों में भी उगाया जा सकता है. ध्यान रखें कि मिट्टी में गोबर की खाद या वर्मी कम्पोस्ट जरूर मिलाएं.

नवंबर में मूली की खेती बेहद आसान है. इसके लिए गहरी और दोमट मिट्टी की जरूरत होती है. बीज को सीधे गमले में बो दें और नियमित सिंचाई करें. लगभग 40-45 दिन में मूली तैयार हो जाती है. मूली की पत्तियां भी हरी सब्जी के रूप में खाई जा सकती हैं.

धनिया हर रसोई की जरूरत है और इसे घर पर उगाना बहुत आसान है. बीज को हल्का कुचलकर मिट्टी में बिखेर दें और ऊपर से हल्की मिट्टी डालें. 15-20 दिन में हरी पत्तियां तोड़कर उपयोग की जा सकती हैं.

टमाटर की पौध नवंबर में लगाने पर फरवरी तक फल देना शुरू कर देती है. इसके लिए अच्छी धूप जरूरी है. पौधे लगाने से पहले मिट्टी में जैविक खाद मिलाएं और नियमित पानी दें.