LIVE: पटना से मथुरा तक रंग का हुआ आगाज, मंत्री से लेकर जवान तक मना रहे होली
Last Updated:
Holi 2026 Live: देशभर में होली 2026 की धूम है. दिल्ली में बीजेपी, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के दफ्तरों में होली मिलन समारोह हो रहे हैं. कांग्रेस कार्यक्रम में राहुल गांधी शामिल होंगे, जबकि अरविंद केजरीवाल ‘कट्टर ईमानदार’ होली मना रहे हैं. मथुरा-वृंदावन, अयोध्या और पुष्कर में पारंपरिक अंदाज में जश्न है. कई शहरों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.
Holi 2026 Celebration Live: देशभर में आज होली की धूम मची है. सुबह से ही होली मनाने की तस्वीरें आने लगी हैं. पटना से लेकर मथुरा तक लोग रंग से खेल रहे हैं. राजधानी दिल्ली में जहां आज मंत्री से लेकर सांसद विधायक तक होली के रंग में सराबोर होंगे. वहीं आम आदमी होली की मस्ती में झूमेगा. भारतीय जनता पार्टी (BJP) के ऑफिस से लेकर कांग्रेस के ऑफिस तक आज होली मिलन समारोह होगा. कांग्रेस मुख्यालय में सुबह 9:30 बजे एक भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया जा रहा है. इस होली मिलन समारोह में लोगसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी शामिल होने वाले हैं. वहीं लंबे समय बाद आम आदमी पार्टी (AAP) भी होली के रंग में खूब नाचेगी. क्योंकि AAP के राष्ट्रीय कन्वीनर अरविंद केजरीवाल शराब घोटाले मामले में बरी हो गए हैं. तो दिल्ली में आम आदमी पार्टी ‘कट्टर ईमानदार’ होली मनाएगी और इसे लीड करेंगे खुद अरविंद केजरीवाल.
देशभर में होली की धूम. (फोटो PTI)
पढ़िए होली पर देशभर में कहां-कैसे मनाया जा रहा है उसपर लाइव अपडेट:
- Holi 2026 Celebration Live: बिहार के मंत्री राम कृपाल यादव ने पटना के गांधी मैदान में लोगों के साथ होली 2026 का उत्साहपूर्वक जश्न मनाया. इस दौरान उन्होंने फगुआ गीत गाया और जमकर डांस भी किया. उन्होंने कहा कि पिछले 40 सालों से मॉर्निंग वॉकर यहां होली मिलन समारोह आयोजित करते आ रहे हैं और इस बार भी उसी परंपरा को निभाया गया है. उन्होंने लोगों को गले मिलकर प्रेम और भाईचारे का संदेश देने की बात कही और बताया कि पूरा बिहार रंगों के इस त्योहार में डूबा हुआ है. उन्होंने सभी प्रदेशवासियों को खासकर किसानों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अन्नदाता खुशहाल रहेंगे और अधिक उत्पादन करेंगे तो बिहार भी समृद्ध होगा.
- Holi 2026 Live: 14300 फीट की ऊंचाई पर जमी हुई पांगोंग झील के बीच ITBP के नॉर्थ वेस्ट फ्रंटियर के जवानों ने सीमावर्ती ‘वाइब्रेंट विलेज’ के ग्रामीणों के साथ होली मनाई. कड़ाके की ठंड और बर्फीले माहौल के बावजूद जवानों और स्थानीय लोगों ने मिलकर रंगों का यह त्योहार उत्साह के साथ मनाया. इस दौरान स्थानीय बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समारोह में गर्मजोशी और खुशियों के रंग भर दिए.
- Holi 2026 Celebration Live: ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने होली के मौके पर X पर पोस्ट किया. अपने पोस्ट में उन्होंने कहा कि हिंदू और दक्षिण एशियाई मूल के कई ऑस्ट्रेलियाई लोगों के लिए होली साझा इतिहास, विरासत और परंपराओं का उत्सव मनाने का समय है. उन्होंने कहा कि होली जैसे त्योहार यह याद दिलाते हैं कि दुनिया के हर कोने से आए लोगों के विश्वास, रीति-रिवाज, अनुभव, उनकी आकांक्षाएं, मेहनत और देशप्रेम से पूरा ऑस्ट्रेलिया समृद्ध होता है. अल्बनीज ने कहा कि हम अपनी विविधताओं का सम्मान करते हुए एक साझा ऑस्ट्रेलियाई पहचान के रूप में साथ आते हैं और एक-दूसरे के त्योहारों का उत्सव मनाते हैं.
- Holi 2026 Celebration Live: कांग्रेस मुख्यालय में आज भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया जा रहा है. कार्यक्रम सुबह 9:30 बजे शुरू होगा, इसमें पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे. सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी भी इस समारोह में शिरकत कर सकते हैं. हालांकि उनकी उपस्थिति को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
- Holi 2026 Live: दिल्ली में आम आदमी पार्टी इस बार ‘कट्टर ईमानदार’ होली मनाने जा रही है. लंबे समय बाद पार्टी पूरे जोश के साथ जश्न मनाएगी, क्योंकि AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल शराब घोटाले मामले में बरी हो चुके हैं. इसी के बाद पार्टी ने खास अंदाज में होली मनाने का ऐलान किया है. इस कार्यक्रम की अगुवाई खुद अरविंद केजरीवाल करेंगे और इसे पार्टी अपनी राजनीतिक मजबूती और नई शुरुआत के तौर पर पेश कर रही है.
About the Author

सुमित कुमार News18 हिंदी में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं. वे पिछले 3 साल से यहां सेंट्रल डेस्क टीम से जुड़े हुए हैं. उनके पास जर्नलिज्म में मास्टर डिग्री है. News18 हिंदी में काम करने से पहले, उन्ह…और पढ़ें