Live: गाजियाबाद में दक्ष चौधरी गिरफ्तार, मुरादाबाद में पति-पत्नी की मौत

0
Live: गाजियाबाद में दक्ष चौधरी गिरफ्तार, मुरादाबाद में पति-पत्नी की मौत


UP Breaking News Today Live Updates: उत्तर प्रदेश में आज अपराध और सियासत की खबरों ने हलचल मचा दी है. गाजियाबाद में महिलाओं से अभद्रता के आरोप में चर्चित हिंदूवादी कार्यकर्ता दक्ष चौधरी और अक्कू पंडित की गिरफ्तारी ने सबको चौंका दिया है, वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आज गाजियाबाद दौरा सुरक्षा के लिहाज से बेहद अहम है. मुरादाबाद में घरेलू कलह में पति-पत्नी की मौत और आजमगढ़ में पुलिस एनकाउंटर की खबरों के बीच, कानपुर के महाठग सुशील धवन पर मुकदमों की झड़ी लग गई है. यूपी की इन तमाम बड़ी और सनसनीखेज खबरों पर बनी हुई है हमारी पैनी नजर.

गाजियाबाद: दक्ष चौधरी और अक्कू पंडित गिरफ्तार, महिलाओं से बदसलूकी का आरोप
गाजियाबाद के थाना अंकुर विहार क्षेत्र में होली के दौरान महिलाओं से कथित छेड़छाड़ और अभद्रता का गंभीर मामला सामने आया है. इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ता दक्ष चौधरी और अक्कू पंडित को हिरासत में लिया. पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. हिंदूवादी संगठनों से जुड़े इन चेहरों की गिरफ्तारी के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है.

मुरादाबाद: खूनी खेल! पत्नी की चाकू से गोदकर हत्या के बाद पति ने की खुदकुशी
मुरादाबाद के थाना मझोला क्षेत्र में रूह कंपा देने वाली वारदात हुई है. शादी के 9 साल बाद भी बच्चा न होने के विवाद में एक पति ने अपनी पत्नी की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद पति ने खुद को भी चाकू मार लिया. अस्पताल में इलाज के दौरान पति की भी मौत हो गई. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है.

कानपुर: 100 घंटे में 10 मुकदमे! महाठग सुशील धवन के खिलाफ शिकायतों का अंबार
शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले महाठग सुशील धवन की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. जेल जाने के बाद मात्र 100 घंटों के भीतर उसके खिलाफ 10 नए मुकदमे दर्ज हो चुके हैं. 4 करोड़ से अधिक की ठगी के मामले में पुलिस अब उसे कस्टडी रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है.

आजमगढ़: पुलिस का ‘ऑपरेशन क्लीन’ जारी, दो अलग-अलग मुठभेड़ में गौ तस्कर ढेर
आजमगढ़ में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का कड़ा प्रहार जारी है. चंद घंटों के भीतर हुई दो अलग-अलग मुठभेड़ों में पुलिस ने शातिर गौ तस्करों को दबोचा है. निजामाबाद में तस्कर मेराज और फूलपुर में आमिर पुलिस की गोली से घायल हुए हैं. इनके कब्जे से अवैध असलहे और बाइक बरामद की गई है. फरार बदमाशों की तलाश में पुलिस कांबिंग कर रही है.

गाजियाबाद: सीएम योगी आदित्यनाथ का दौरा आज, ट्रैफिक डायवर्जन लागू
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज गाजियाबाद में संघ पदाधिकारियों की बैठक में शामिल होंगे. सीएम के दौरे को देखते हुए नेहरू नगर और आसपास के इलाकों में सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है. हिंडन एयरफोर्स स्टेशन से लेकर विद्या मंदिर तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं.

आगरा: प्रेमिका ने प्रेमी पर केरोसिन डालकर लगाई आग, इलाज के दौरान चांद ने तोड़ा दम
ताजनगरी के शाहगंज क्षेत्र से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां चांद नामक युवक की इलाज के दौरान एसएन मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई. परिजनों का आरोप है कि बीते 27 फरवरी को चांद की प्रेमिका और उसके घर वालों ने उस पर केरोसिन छिड़ककर आग लगा दी थी. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है. प्रेम प्रसंग में हुई इस हत्या से इलाके में तनाव का माहौल है.

प्रयागराज: दबंगों का कहर, ट्रक हटाने को लेकर विवाद में युवक को राइफल से मारी गोली
प्रयागराज के गंगानगर जोन के होलागढ़ में दबंगई का एक डराने वाला वीडियो सामने आया है. यहां सड़क पर ट्रक खड़ा करने को लेकर हुए विवाद में दबंगों ने ट्रक चालक के भाई को दौड़ा-दौड़कर पीटा और राइफल से गोली मार दी. घटना का 26 सेकंड का वीडियो वायरल हुआ है जिसमें गोलियों की आवाज साफ सुनी जा सकती है. पुलिस ने जिला पंचायत सदस्य समेत 7 लोगों पर केस दर्ज किया है. एक आरोपी को गिरफ्तार कर दो राइफलें बरामद की गई हैं.

कानपुर: वर्चस्व की जंग में चले तमाचे, मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
कानपुर जिले के बाबूपुरवा थाना क्षेत्र के लोको इलाके में दबंगई का ट्रेंड सिर चढ़कर बोल रहा है. यहां कई युवकों ने मिलकर एक युवक की जमकर पिटाई कर दी और उसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया. वीडियो में युवक सरेआम मारपीट करते दिख रहे हैं. हालांकि, पुलिस अभी इस वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि कर रही है, लेकिन स्थानीय स्तर पर इसे वर्चस्व की लड़ाई बताया जा रहा है.

ललितपुर: शराब के नशे में सगे भाइयों पर कैंची से हमला, बड़े भाई की हालत गंभीर
ललितपुर सदर कोतवाली क्षेत्र के काला पहाड़ इलाके में देर रात शराबियों ने आतंक मचाया. यहां नशे में धुत कुछ युवकों ने दो सगे भाइयों पर कैंची से जानलेवा हमला कर दिया. इस हमले में बड़ा भाई गंभीर रूप से घायल है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है.

कानपुर आरपीएफ की बड़ी कामयाबी: रेलवे रिले रूम से केबल चोरी करने वाले 3 शातिर गिरफ्तार
कानपुर-लखनऊ रेल मार्ग पर केबल चोरी करने वाले गैंग का आरपीएफ ने पर्दाफाश किया है. शातिरों ने जयपुरिया फाटक के पास RH4 रिले रूम का ताला तोड़कर कीमती केबल और TRU बॉक्स चोरी किए थे. आरपीएफ और क्राइम ब्रांच ने 16 सीसीटीवी कैमरों की मदद से महज 9 घंटे में तीन आरोपियों (नजमुल, शाह आलम और सफुल) को दबोच लिया. इनके पास से चोरी का माल बरामद हुआ है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *