LIVE: सोनभद्र खदान हादसे में अब तक 7 शव बरामद, प्रयागराज में तहसीलदार पर हमला
Last Updated:
UP News Live: सोनभद्र खदान हादसे में अब तक 7 शव बरामद हुए हैं, राहत कार्य जारी है. प्रयागराज में अवैध कब्जा हटाने गई राजस्व टीम पर हमला हुआ, नायब तहसीलदार घायल. पुलिस ने एफआईआर दर्ज की और दो अभियुक्त हिरासत में…और पढ़ें
UP News Live: यूपी की सभी बड़ी ख़बरें
लखनऊ. सोनभद्र जिले के ओबरा क्षेत्र स्थित बिल्ली मारकुंडी कोयला खदान में हुए हादसे के बाद अब तक मलबे के नीचे से सात मजदूरों के क्षत-विक्षत शव निकाले जा चुके हैं, जिनमें दो सगे भाइयों के शव भी शामिल हैं. राहत एवं बचाव कार्य तेजी से जारी है और आशंका जताई जा रही है कि अभी भी कई मजदूर मलबे में दबे हो सकते हैं. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय खदान में करीब 15 मजदूर काम कर रहे थे. अचानक बड़ा हिस्सा धंसने से सभी मलबे की चपेट में आ गए. हादसा इतना भयावह था कि शवों की हालत देखकर मौके पर मौजूद लोग सिहर उठे. कई शव पूरी तरह टुकड़ों में बिखर चुके थे, जिससे पहचान कर पाना बेहद मुश्किल हो रहा था. अब तक बरामद सात शवों में से पांच शवों का अंतिम संस्कार परिजनों द्वारा कर दिया गया है. बाकी दो शवों की शिनाख्त पूरी होने के बाद उन्हें सौंपा जाएगा. राहत कार्य में एनडीआरएफ की टीम, जिला प्रशासन और खदान प्रबंधन की टीमें जुटी हुई हैं. भारी मशीनों की मदद से मलबा हटाया जा रहा है ताकि लापता अन्य मजदूरों को जल्द से जल्द बाहर निकाला जा सके.
उधर पुलिस कमिश्नरेट प्रयागराज के गंगानगर जोन के बहरिया थाना क्षेत्र के करनाईपुर गांव में सोमवार को पट्टे की जमीन से अवैध कब्जा हटाने गई राजस्व टीम पर अवैध कब्जेदारों ने हमला कर दिया. भीड़ ने राजस्व टीम पर पथराव भी किया. इस हमले में नायब तहसीलदार राजीव शुक्ला घायल हो गए. नायब तहसीलदार के घायल होने से हड़कंप मच गया. आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. इस दौरान एक मकान और झोपड़ी में किसी अज्ञात व्यक्ति ने आग भी लगा दी. पथराव और आगजनी के चलते राजस्व टीम बेदखली की कार्रवाई किए बगैर दलबल और जेसीबी मशीनों के साथ वापस लौट गई.
एसीपी फूलपुर विवेक यादव के मुताबिक एसडीएम फूलपुर कोर्ट द्वारा परित बेदखली आदेश के क्रम में राजस्व टीम पुलिस बल के साथ करनाईपुर गांव गई थी. एसीपी के मुताबिक बेदखली की कार्रवाई शुरू होते ही कबजेदारों ने राजस्व टीम के साथ अभद्रता की और सरकारी काम में बाधा पहुंचाने के लिए पथराव शुरू कर दिया. इसी दौरान नायब तहसीलदार राजीव शुक्ला के सिर में चोट लग गई. प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति सामान्य है. लेकिन इस मामले में राजस्व निरीक्षक की तहरीर पर बहरिया थाने में सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है. इस मामले में दो अभियुक्तों को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. जबकि अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगी हुई है. जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी. मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है. पूरे मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है.
November 18, 202509:45 IST
भाजपा विधायक के पुश्तैनी घर पर चला बुलडोजर
लखीमपुर खीरी: भाजपा विधायक के पुश्तैनी घर पर चला बुलडोजर. विधायक ने अपनी देखा रेख में पुश्तैनी मकान पर चलवाया बुलडोजर. गोला गोकर्णनाथ में मंदिर कॉरिडोर के निर्माण के नक़्शे में आया था भाजपा विधायक अमन गिरी का पुश्तैनी मकान.
November 18, 202509:05 IST
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अयोध्या दौरा आज
Ayodhya News. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अयोध्या दौरा आज. राम मंदिर परिसर में आयोजित ध्वजारोहण समारोह में प्रधानमंत्री के आगमन की तैयारी का लेंगे जायजा. लगभग ढाई घंटे अयोध्या में रहेंगे मुख्यमंत्री. दोपहर 2:35 पर अयोध्या पहुंचेंगे सीएम. राम कथा पार्क हेलीपेड से हनुमानगढ़ी और राम जन्म भूमि के लिए होंगे रवाना. दर्शन पूजन के उपरांत तीर्थ यात्री सुविधा केंद्र राम मंदिर परिसर में भवन निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा और राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय की मौजूदगी में प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ करेंगे बैठक. सीएम योगी साकेत महाविद्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए बनाए गए हेलीपैड का भी करेंगे निरीक्षण. एयरपोर्ट से शाम 5:00 बजे लखनऊ के लिए सीएम होंगे रवाना. 25 नवंबर को अयोध्या में है राम मंदिर का ध्वजारोहण, जिसमें प्रधानमंत्री हैं मुख्य अतिथि.
November 18, 202508:38 IST
बलिया में ट्रिपल मर्डर के आरोपियों को आजीवन कारावास
बलिया. बलिया में ट्रिपल मर्डर के आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा. मर्डर के दोषी पति और सास को आजीवन कारावास. नवविवाहिता को प्रताड़ित कर उसके सोलह माह की बच्ची और गर्भ मे पल रहे बच्चे की हत्या की गई थी. 3 जून 2024 को रात हुई थी हत्या. 1 साल 5 माह 14 दिन में कोर्ट ने सुनाई सजा. जिला सत्र न्यायालय अनिल झा की अदालत ने सुनाई सजा. उभांव थाना क्षेत्र के करनी गांव का था मामला.
November 18, 202508:10 IST
कानपुर में डिजिटल अरेस्ट का नया मामला: दिल्ली ब्लास्ट का डर दिखाकर महिला से ठगे 6.66 लाख रुपये
कानपुर. दिल्ली में हुए कार बम ब्लास्ट के बाद पूरे देश में आतंक‑संबंधी अफवाहों का माहौल बना हुआ है. इसी बीच, साइबर ठगों ने इस स्थिति का फायदा उठाते हुए कई लोगों को डिजिटल अरेस्ट करना शुरू कर दिया. ठग खुद को ATS, NIA और बाकी जांच एजेंसियों के अधिकारी बताकर लोगों को डराते हैं और लाखों रुपये की वसूली करते हैं.
November 18, 202508:09 IST
आगरा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, डबल डेकर बस पलटी, तीन की मौत
कानपुर. आगरा एक्सप्रेसवे पर हुआ बड़ा हादसा. डबल डेकर बस पलटने से तीन यात्रियों की हुई मौत, जबकि दो दर्जन से अधिक लोग हुए घायल. गंभीर घायल 15 लोगों को कानपुर किया गया रेफर. दिल्ली से बिहार जा रही थी बस. भोर पहर हुआ हादसा. अरौल थाना क्षेत्र में हुआ हादसा.
November 18, 202506:59 IST
शिक्षकों के तबादले के लिए निदेशालय ने जारी किए निर्देश
लखनऊ. शिक्षकों के तबादले के लिए निदेशालय ने जारी किए निर्देश. डीएम की अध्यक्षता में जिला स्तर पर बनेगी तबादला कमेटी. कमेटी में CDO, DIET प्राचार्य सदस्य, बीएसए होंगे सदस्य सचिव. ग्रामीण से ग्रामीण और नगर से नगर सेवा वाले शिक्षकों का ही होगा तबादला. U-DISE डेटा के आधार पर अतिरिक्त व शिक्षक-विहीन विद्यालय चिन्हित किए जाएंगे. हर विद्यालय में कम से कम दो शिक्षक सुनिश्चित करने का निर्देश. पदोन्नति, मृत्यु या अन्य कारणों से खाली पदों पर भी कमेटी करेगी कार्रवाई.