LIVE: राष्ट्रपति द्रौपदी मूर्मू ने की श्रीराम यंत्र की पूजा-अर्चना, पाएं हर अपडेट
President Droupadi Murmu Ayodhya Mathura Vrindavan Visit Live Updates : राम मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रीराम यंत्र की भव्य स्थापना की गई. इस विशेष अनुष्ठान में राष्ट्रपति मूर्मू ने विधिवत पूजा-अर्चना कर सहभागिता की. वैदिक आचार्यों के निर्देशन में पूरे विधि-विधान के साथ पूजा संपन्न कराई गई. श्रीराम यंत्र को राम मंदिर के द्वितीय तल पर स्थापित किया गया है, जिसे अत्यंत शुभ और आध्यात्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. इस अवसर पर पूरे अयोध्या में धार्मिक वातावरण में श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है और इसे भक्तों के लिए ऐतिहासिक क्षण के रूप में देखा जा रहा है.
अयोध्या: राम मंदिर से राष्ट्र मंदिर की भावना- CM
इस दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कभी राम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम और मथुरा-वृंदावन की बातों को अंधविश्वास बताया जाता था, लेकिन आज वही आस्था देश के गौरव का प्रतीक बन चुकी है. उन्होंने कहा कि जय श्री राम आज सिर्फ उद्घोष नहीं, बल्कि नई चेतना का प्रतीक है. मुख्यमंत्री ने कहा कि 500 वर्षों तक तमाम संघर्षों और विपरीत परिस्थितियों के बावजूद रामभक्तों की आस्था कभी डिगी नहीं. यह संघर्ष किसी एक सत्ता के खिलाफ नहीं, बल्कि उस मानसिकता के खिलाफ था जो आस्था का अपमान करती थी. उन्होंने Ram Janmabhoomi मंदिर को केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि “राष्ट्र मंदिर” और रामराज्य की आधारशिला बताया. योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2025 में 156 करोड़ श्रद्धालु और पर्यटक उत्तर प्रदेश के धार्मिक स्थलों—अयोध्या, काशी, प्रयागराज महाकुंभ और मथुरा-वृंदावन—में दर्शन के लिए पहुंचे. उन्होंने कहा कि यह संख्या कई देशों की कुल आबादी से भी अधिक है, जो भारत की आस्था की शक्ति को दर्शाती है. मुख्यमंत्री ने नई पीढ़ी का जिक्र करते हुए कहा कि जिसे कभी दिग्भ्रमित कहा जाता था, वही आज सही दिशा में आगे बढ़ रही है. अब युवा नए साल जैसे अवसरों पर भी मंदिरों में जाकर परिवार के साथ पूजा-अर्चना कर रहे हैं, जो बदलते भारत की तस्वीर पेश करता है.
इससे पहले सुबह करीब 10 बजे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज से अपने तीन दिवसीय यूपी के दौरे पर पहुंची. हवाई अड्डे पर राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या और बृजेश पाठक ने उनका स्वागत किया. इसके बाद वह राम जन्मभूमि मंदिर में पूजा करेंगी. इस कार्यक्रम में कई मजदूर, दुकानदार और कारीगरों को बुलाया गया है. कार्यक्रम सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगा. इस मौके पर पूरे शहर को सजाया गया है. मुख्य रास्तों, चौराहों और मंदिर तक जाने वाले मार्गों पर बड़े-बड़े बैनर और पोस्टर लगाए गए हैं, जिनमें राष्ट्रपति, नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ की तस्वीरें दिखाई दे रही हैं. सड़कों पर केसरिया झंडे और सजावटी पताकाएं लगाई गई हैं, जिससे पूरे शहर में धार्मिक और उत्सव का माहौल बन गया है. प्रशासन ने सुरक्षा, सफाई और ट्रैफिक के लिए खास इंतजाम किए हैं. राष्ट्रपति की यात्रा के दौरान राम मंदिर में विशेष धार्मिक कार्यक्रम होंगे, जिसमें बड़ी संख्या में भक्त और संत शामिल होंगे. राष्ट्रपति विशेष पूजा करेंगी, राम की मूर्ति के सामने आरती करेंगी और राम यंत्र स्थापित करेंगी.
Ayodhya News : राम यंत्र स्थापना से आध्यात्मिक ऊर्जा, राष्ट्रपति के आगमन से बढ़ा उत्साह
अयोध्या में नवरात्र के पावन अवसर पर मठ-मंदिरों में विशेष अनुष्ठान जारी हैं. इसी बीच राम यंत्र की स्थापना को बेहद खास माना जा रहा है. महंत विष्णु दास के अनुसार, श्री राम यंत्र से एक अलग तरह की दिव्य ऊर्जा प्राप्त होती है, जो दुख-दरिद्र को दूर करती है. यह भगवान श्रीराम का हृदय स्वरूप है और जहां इसकी स्थापना होती है, वहां सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है. उन्होंने कहा कि नवरात्र जैसे शुभ समय में यंत्र स्थापना का विशेष महत्व है और इस दौरान देश की राष्ट्रपति Droupadi Murmu का अयोध्या आगमन सनातन परंपरा के लिए गर्व का विषय है. महंत विष्णु दास ने आगे कहा कि Ram Janmabhoomi मंदिर निर्माण में लाखों लोगों ने अपना योगदान दिया है और आज का समय उन सभी के सम्मान का प्रतीक है. ऐसे में राष्ट्रपति का यह दौरा श्रद्धालुओं के उत्साह को और बढ़ाने वाला है.
इसके बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बृहस्पतिवार को तीन दिवसीय यात्रा पर मथुरा पहुंचेंगी और शुक्रवार को वृंदावन में स्थित रामकृष्ण सेवा मिशन चेरिटेबल अस्पताल में स्थापित कैंसर ब्लॉक का लोकार्पण करेंगी. जिला प्रशासन के अधिकारियों के अनुसार, वह 21 मार्च को गोवर्धन में गिरिराज जी की परिक्रमा करेंगी. अधिकारियों के अनुसार इस बीच वह तीन अलग-अलग मंदिर और तीन आश्रमों में संतों से मुलाकात करेंगी और फिर वृन्दावन में ही वात्सल्य ग्राम में स्थापित समविद बालिका सैनिक स्कूल पहुंचकर छात्राओं से बातचीत करेंगी. उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति की यात्रा के दौरान वृन्दावन, मथुरा तथा गोवर्धन कस्बे के अंदर यातायात पूरी तरह से बंद रहेगा तथा इन सभी शहरों की ओर जाने वाले यातायात का मार्ग परिवर्तित किया जाएगा. राष्ट्रपति के इस कार्यक्रम के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे.
मथुरा में किस-किस पर रखी जा रही है नजर?
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्लोक कुमार ने बताया कि राष्ट्रपति की यात्रा के लिए बेहद चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था की गई है. पुलिस के साथ-साथ सशस्त्र पुलिस बल (पीएसी) के कर्मी भी तैनात किए गए हैं. उनकी यात्रा के हर पड़ाव की सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस अधीक्षक रैंक के अधिकारी को दी गई है. उन्होंने बताया, “वह तीन दिन की यात्रा के दौरान विभिन्न आश्रमों एवं मंदिरों में दर्शन करेंगी तथा आरतियों में भाग लेंगी. उनके लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है. सोशल मीडिया और अवांछित तत्वों की निगरानी की जा रही है. सभी संबंधित अधिकारी अपनी जिम्मेदारी के अनुसार लगातार क्षेत्र का भ्रमण करके निरीक्षण कर रहे हैं.” एसएसपी ने बताया कि राष्ट्रपति के काफिले का आवागमन सुगम बनाने के लिए विशेष यातायात योजना लागू कर दी गई है और हर जरूरी पॉइंट पर पर्याप्त मात्रा में पुलिसकर्मी तैनात हैं.
राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू का आज मथुरा-वृंदावन का 3 दिवसीय धार्मिक दौरा
आज (19 मार्च)
शाम 5 बजे मथुरा आर्मी के हैलीपैड पर लेंड करेगा महामहिम का हेलीकॉप्टर.
आर्मी हेलीपैड से वाईकार वृंदावन रेडिसन होटल पहुंचेंगी राष्ट्रपति.
6:30 बजे वृंदावन इस्कॉन मंदिर में दर्शन पूजन करेंगी.
शाम 7 बजे म्यूजिकल फाउंटेन, लाइटिंग के बीच प्रेम मंदिर की अलौकिकता और दिव्यता के दर्शन कर करेंगी दर्शन पूजन.
20 मार्च
प्रातः 8 बजे केलिकुंज आश्रम में संत प्रेमानंद महाराज के करेंगी दर्शन व मुलाकात.
11 बजे वृंदावन स्थित नीम करोरी आश्रम में दर्शन पूजन करेंगी.
वृंदावन में उड़िया आश्रम भी जाएंगी राष्ट्रपति.
रामकृष्ण मिशन सेवा ट्रस्ट अस्पताल में कैंसर यूनिट का उद्घाटन करेंगी राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू.
शाम 5 बजे दीदी मां साध्वी ऋतंभरा के वात्सल्य ग्राम पहुंचेंगी महामहिम राष्ट्रपति.
21 मार्च
प्रातः 8 बजे वृंदावन से गोवर्धन के लिए प्रस्थान करेगा राष्ट्रपति का काफिला.
8:40 बजे दानघाटी मंदिर पहुंचकर गिर्राजजी का दुग्धाभिषेक कर पूजन करेंगी महामहिम.
गोल्फ कार्ट से 21 किलोमीटर की गिरिराज परिक्रमा लगाएंगी राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू.
गोवर्धन गिरिराज महाराज जी की परिक्रमा लगाने वाली देश की पहली राष्ट्रपति हैं द्रोपदी मुर्मू.
दानघाटी मंदिर में दर्शन पूजन के उपरांत पेठा हेलीपोर्ट से आगरा के लिए रवाना होंगी राष्ट्रपति मुर्मू.