Magh Mela 2026: माघ मेला में पहुंचे बॉलीवुड एक्टर राजपाल यादव, लगाई आस्था की डुबकी, फिर भक्ति गीतों पर झूमे
Last Updated:
Magh Mela 2026: प्रयागराज में चल रहे माघ मेले का बुधवार को 12वां दिन है. मकर संक्राति के चलते मेले में पहली बार जबरदस्त भीड़ है. भीड़ के चलते मेला एरिया में नो-व्हीकल जोन लागू कर दिया है. वहीं साधू-संत और आमजन के अलावा सेलिब्रिटी भी आस्था की डुबकी लगाने पहुंच रहे हैं. आज राजपाल यादव भी माघ मेला में पहुंचे और जमकर भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए.
प्रयागराज: माघ मेले में एक ओर जहां देश के कोने-कोने से साधु संत, श्रद्धालु और कल्पवासी पहुंचे हैं. वहीं दूसरी ओर धर्म और अध्यात्म की ओर खिचे हुए सेलिब्रिटी भी माघ मेले में चले आ रहे हैं. पिछले कई वर्षों से माघ मेले और कुंभ मेले में आ रहे बॉलीवुड के हास्य अभिनेता राजपाल यादव भी माघ मेले में पहुंचे. उन्होंने सेक्टर 6 में स्थित दादा जी के शिविर में खुद अपने हाथों से जमीन पर बैठकर पार्थिव शिवलिंग का निर्माण कर पूजन किया. इसके बाद आयोजित हो रही श्रीमद् भागवत कथा के शुभारंभ में भी शामिल हुए. इस मौके पर बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए.
वहीं, फिल्मों को लेकर राजपाल यादव ने कहा कि कोरोना लॉकडाउन के बाद 2022 से बीते दो-तीन सालों में बॉलीवुड ने रफ्तार पकड़ी है. आने वाले 10-15 साल बॉलीवुड के लिए स्वर्णिम काल रहेगा. इसमें दो हजार से चार हजार करोड़ के बजट की फिल्में बन रही हैं. 2 लाख से लेकर 10-20 हजार करोड़ की फिल्में भारत में बनकर पूरे देश और दुनिया में अपना नाम स्थापित करेगी. उन्होंने कहा है क्योंकि अब तमाम सुविधाएं आ गई हैं. फिल्म निर्माता एक फिल्म जो बनाते हैं उसे दुनिया में 72 भाषाओं में तकनीक की मदद से पहुंचा सकते हैं. उन्होंने कहा सोशल मीडिया की वजह से 5-5 पैसे का बिजनेस आ गया है.
उन्होंने आगे कहा कि आज एआई का जमाना आ गया है. इसलिए एआई की तकनीक का सबको प्रयोग करना चाहिए. अगर मिशन की तरह प्रयोग करेंगे तो यह औषधि के रूप में काम करेगा, लेकिन अगर एआई के साथ खिलवाड़ किया तो आपके साथ खिलवाड़ होगा कि समेटना मुश्किल हो जाएगा. अगर बबूल बोएंगे तो बबूल मिलेगा और अगर आम बोएंगे तो आम ही खाने को मिलेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि फैसला आपके हाथ में है सब सुविधा आपके पास मौजूद हैं.