Magh Mela 2026 LIVE: बसंत पंचमी पर टूटा महाकुंभ का रिकॉर्ड, 3.56 करोड़ श्रद्धालुओं ने लगाई ‘आस्था की डुबकी’, बॉलीवुड स्टार गोविंदा भी हुए नतमस्तक

0
Magh Mela 2026 LIVE: बसंत पंचमी पर टूटा महाकुंभ का रिकॉर्ड, 3.56 करोड़ श्रद्धालुओं ने लगाई ‘आस्था की डुबकी’, बॉलीवुड स्टार गोविंदा भी हुए नतमस्तक


Prayagraj Magh Mela 2026 Live: संगम की रेती पर चल रहे माघ मेले के चौथे मुख्य स्नान पर्व ‘बसंत पंचमी’ पर 23 जनवरी को आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा कि पिछले सारे रिकॉर्ड ध्वस्त हो गए. उत्तर प्रदेश प्रशासन के आंकड़ों के मुताबिक, इस पावन अवसर पर संगम सहित गंगा-यमुना के विभिन्न घाटों पर 3.56 करोड़ श्रद्धालुओं ने पुण्य की डुबकी लगाई. यह संख्या महाकुंभ-2025 की बसंत पंचमी (2.57 करोड़) के मुकाबले कहीं अधिक है. पढ़ें पूरी रिपोर्ट…

Magh Mela 2026 Latest News: इमरजेंसी प्लान और रूट डायवर्जन
दोपहर 12 बजे तक आंकड़ा 2.10 करोड़ पार कर गया था, जिसे देखते हुए प्रशासन ने ‘इमरजेंसी प्लान’ लागू किया. काली मार्ग पर भीड़ का दबाव बढ़ने पर बैरियर लगाकर श्रद्धालुओं को ऐरावत घाट की ओर डायवर्ट किया गया. मेलाधिकारी ऋषिराज ने बताया कि अब तक के स्नान पर्वों में 15 करोड़ से अधिक लोग डुबकी लगा चुके हैं.

Magh Mela 2026 Latest Updates: अव्यवस्था और वीआईपी कल्चर पर उठे सवाल
एक तरफ जहां प्रशासन रिकॉर्ड तोड़ भीड़ का दावा कर रहा है, वहीं दूसरी ओर श्रद्धालुओं को भारी दिक्कतों का सामना भी करना पड़ा. सुरक्षा के नाम पर शटल बसें शहर के बाहर रोक दी गईं, जिससे बुजुर्गों और बच्चों को भारी सामान लेकर कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ा. ई-रिक्शा और ऑटो चालकों ने मजबूरी का फायदा उठाकर 500 से 1000 रुपये तक वसूले. जहां आम जनता पैदल चल रही थी, वहीं संगम नोज तक 20 गाड़ियों का वीआईपी काफिला पहुंचने पर लोगों में रोष दिखा.

प्रयागराज माघ मेला 2026 लाइव: ‘कांटा वाले बाबा’ का 40 साल पुराना संकल्प
मेले में बिहार के रहने वाले ‘कांटा वाले बाबा’ भी चर्चा का विषय बने रहे. पिछले 40 वर्षों से कांटों पर लेटकर तपस्या करने वाले बाबा ने बसंत पंचमी पर अपना व्रत तोड़ा. उन्होंने बताया कि परिवार से विरक्त होकर वे भगवान की शरण में हैं और दान में मिले अन्न व धन से वे भंडारा करेंगे.

Magh Mela 2026 Live News: जब ‘चीची’ (गोविंदा) पहुंचे गंगा तट
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता गोविंदा भी माघ मेले की अलौकिक छटा देखने प्रयागराज पहुंचे. उन्होंने पूर्व सांसद संगम लाल गुप्ता के साथ फाफामऊ घाट पर मां गंगा का पूजन-अर्चन किया. गोविंदा ने मेले की व्यवस्थाओं की प्रशंसा करते हुए कहा, ‘मोदी-योगी शासन में ऐसी व्यवस्था हुई है, जो न भूतों न भविष्यति है.’

Magh Mela 2026 Prayagraj: शंकराचार्य और किन्नर अखाड़ा रहे आकर्षण का केंद्र
आस्था के इस महापर्व पर पुरी पीठ के शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती जी महाराज ने भी संगम में डुबकी लगाई. स्वास्थ्य कारणों से वे व्हीलचेयर से घाट तक पहुंचे, जहां उनके साथ बंधवा लेटे हनुमान मंदिर के मुख्य पुजारी बलबीर गिरी भी मौजूद रहे. वहीं, संगम तट पर नागा संन्यासियों और सनातनी किन्नर अखाड़े की मौजूदगी ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया. नागा साधुओं के साहसिक करतब और किन्नर अखाड़े की भव्यता देखने के लिए भारी भीड़ जुटी रही.

Magh Mela 2026 Live: भोर से ही शुरू हुआ स्नान, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
माघ शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि गुरुवार रात से ही लगने के कारण स्नान का सिलसिला शुक्रवार भोर से ही प्रारंभ हो गया. प्रशासन ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए 24 स्नान घाटों पर व्यापक इंतजाम किए थे. संगम नोज, दशाश्वमेध, झूंसी, अरैल और फाफामऊ घाटों पर श्रद्धालुओं के लिए स्नान क्षेत्र का विस्तार किया गया. सुरक्षा के लिए RAF, जल पुलिस, PAC के जवान और गोताखोरों की टीमें स्टीमर और नावों के साथ मुस्तैद रहीं.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *