Navratri Special : पांच ट्रेनों का विंध्याचल स्टेशन पर होगा ठहराव, दो में बढ़ेंगे कोच
Last Updated:
Navratri Special : भक्तों की संभावित भीड़ को देखते हुए रेलवे ने विशेष इंतजाम किया है. विंध्याचल रेलवे स्टेशन पर पांच सुपरफास्ट ट्रेनों का ठहराव होगा. दो ट्रेनों में दो-दो कोच भी बढ़ाए जाएंगे.
ट्रेन
हाइलाइट्स
- नवरात्रि में विंध्याचल स्टेशन पर पांच ट्रेनों का ठहराव होगा.
- दो ट्रेनों में दो-दो कोच बढ़ाए जाएंगे.
- विंध्याचल में पांच नए टिकट काउंटर बनाए जाएंगे.
मिर्जापुर. नवरात्रि में मां विंध्यवासिनी धाम में लाखों की संख्या में भक्त पहुंचते हैं. अलग-अलग प्रांतों से दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ मां के धाम में उमड़ती है. नवरात्रि में भक्तों की संभावित भीड़ को देखते हुए रेलवे की ओर से विशेष इंतजाम किया गया है. विंध्याचल रेलवे स्टेशन पर पांच सुपरफास्ट ट्रेनों का ठहराव होगा. वहीं, दो ट्रेनों में दो-दो कोच बढ़ाए जाएंगे. इससे दूर से आने वाले भक्तों को परेशानी नहीं होगी. टिकट काउंटर के साथ अन्य सुविधाएं भी बढ़ाई गई हैं.
पांच जोड़ी ट्रेनें
नवरात्रि में भक्तों की भीड़ को देखते हुए यहां पांच जोड़ी ट्रेनें 12141 लोकमान्य तिलक-पाटलिपुत्र एक्सप्रेस, 12142 पाटलिपुत्र-लोकमान्य एक्सप्रेस, 15946 डिब्रूगढ़-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस, 15648 गुवाहाटी-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस और 12335 भागलपुर-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस का ठहराव होगा. दो मिनट के लिए ट्रेन स्टेशन पर रुकेगी. 13309/13310 चोपन प्रयागराज एक्सप्रेस और 15073/15074/15075/15076 त्रिवेणी एक्सप्रेस में 30 मार्च से छह अप्रैल तक दो सामान्य कोच बढ़ाए जाएंगे.
पांच नए टिकट काउंटर
प्रयागराज रेल मंडल के पीआरओ अमित कुमार सिंह ने बताया कि नवरात्रि में मां विंध्यवासिनी धाम में पांच नए टिकट काउंटर बनाए जाएंगे. एक खोया-पाया केंद्र और एक पूछताछ केंद्र बनाया जाएगा. अतिरिक्त कर्मचारियों की भी तैनाती की गई है. यात्रियों के लिए पांच वॉटर पॉइंट, 10 स्नानघर, 20 प्रसाधन, एम्बुलेंस और प्राइमरी चिकित्सा स्वास्थ्य बूथ बनाए गए हैं. हमारा पूरा प्रयास है कि विंध्याचल में आने वाले भक्तों को कोई परेशानी नहीं होने पाएं.