Pilibhit News : चूका बीच की बोट सफारी पर PTR और सिंचाई विभाग में रार! बताया- डैम के लिए खतरनाक
Last Updated:
Pilibhit News : पीलीभीत टाइगर रिज़र्व के चूका बीच पर चल रही बोट सफारी पर संकट के बादल छा गए हैं. सिंचाई विभाग ने मोटर बोट संचालन को अवैध बताते हुए कार्रवाई की है, जिसे डैम सेफ्टी एक्ट 2021 से जोड़ा जा रहा है. विभाग और टाइगर रिज़र्व प्रशासन के बीच पुरानी तनातनी भी एक बार फिर चर्चा में है.
पीलीभीत. उत्तर प्रदेश के सुप्रसिद्ध चूका बीच पर होने वाली बोट सफारी के संचालन पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं. सिंचाई विभाग ने मोटर बोट के संचालन को अवैध बताते हुए उन्हें क़ब्ज़े में ले लिया था. हालांकि चेतावनी के बाद बोट संबंधित को सुपुर्द कर दिया गया. गौरतलब है कि लंबे समय से पीलीभीत टाइगर रिजर्व प्रशासन और सिंचाई विभाग के बीच तनातनी का माहौल बना हुआ है. ऐसे में लोग इस कार्रवाई को भी इसी रार से जोड़कर देख रहे हैं.
गौरतलब है कि इन दिनों उत्तर प्रदेश के पीलीभीत टाइगर रिज़र्व का पर्यटन सत्र चल रहा है ऐसे दूर दराज़ के सैलानी यहां की सैर करने आ रहे हैं. टाइगर सफारी के इतर यहां का चूका बीच काफ़ी अधिक लोकप्रिय है ऐसे में अधिकांश सैलानी बीच भी पहुंचते हैं. बीच पर डैम का ख़ूबसूरत नज़ारा देखने के साथ ही साथ सैलानी यहां बनी हट्स में ठहरते हैं. इसके साथ ही साथ सैलानी मोटर बोट के ज़रिए वोटर एडवेंचर का लुत्फ भी उठाते हैं.
क्या है विवाद की वजह?
मगर हाल ही में सिंचाई विभाग ने मोटर बोट के संचालन को अवैध बताते हुए बोट को जब्त कर संचालन करने वाली ईको विकास समिति को नोटिस भी भेजा था. मामले पर अधिक जानकारी देते हुए शारदा सागर खंड के अधिशासी अभियंता पीपी गौतम ने बताया कि पीलीभीत टाइगर रिज़र्व की ओर से डैम में नौकायन की अनुमति मांगी गई थी मगर इस अनुमति की आड़ में मोटर बोट का संचालन किया जा रहा है.
डैम की संरचना के लिए खतरनाक?
मोटर बोट से निकलने वाला कंपन और पानी की तेज लहर डैम की संरचना के लिए खतरनाक साबित हो सकती है. इसके साथ ही साथ डैम में मोटर बोट का संचालन डैम सेफ्टी एक्ट 2021 का उल्लंघन है. संबंधित अधिकारियों को भी चेतावनी दी गई है कि भविष्य में मोटरबोट संचालन करने पर भी कड़ी से कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.
About the Author
मीडिया क्षेत्र में पांच वर्ष से अधिक समय से सक्रिय हूं और वर्तमान में News-18 हिंदी से जुड़ा हूं. मैने पत्रकारिता की शुरुआत 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव से की. इसके बाद उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड चुनाव में ग्राउंड…और पढ़ें