Rampur News: किसानों… सरकार दे रही 50% सब्सिडी, उठा लीजिए योजना का झट से लाभ, हो जाइए मालामाल
Last Updated:
Agriculture News in Hindi: पहले किसान गेहूं-धान जैसी परंपरागत फसल पर ही निर्भर रहते थे, लेकिन अब सरकार उन्हें बागवानी के लिए प्रेरित कर रही है. आइए जानते हैं सरकार की एक बेहतरीन योजना के बारे में.
रामपुर: खेती-किसानी को मुनाफे का सौदा बनाने और किसानों को परंपरागत फसल से हटकर नई दिशा देने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार लगातार प्रयास कर रही है. उन्होंने एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना शुरू की है. इस योजना का फायदा रामपुर जिले के किसान भी उठा सकते हैं. योजना के तहत किसानों को फल, फूल, सब्जी, मसाला, ग्रीन हाउस, मशरूम उत्पादन, ट्रैक्टर, पावर ट्रिलर, पैक हाउस और प्रसंस्करण इकाई तक पर लागत का 50 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है. साथ ही किसानों को निशुल्क बीज, खाद और पौधशालाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं.
योजना के तहत किसानों को मुफ्त में संकर शाकभाजी बीज, मसाला बीज, प्याज-लहसुन और फूलों के बीज उपलब्ध कराए जाते हैं. साथ ही ऑर्गेनिक खाद की किट भी दी जाती है. अगर कोई किसान पाली हाउस, प्याज भंडारण गृह, पैक हाउस, कोल्ड स्टोरेज या प्रिजर्वेशन यूनिट लगाना चाहता है तो सरकार उसकी आधी लागत खुद वहन करती है. यही नहीं 20 बीएचपी तक के ट्रैक्टर और पावर ट्रिलर खरीदने पर भी 50 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है.
योजना का लाभ लेने के लिए किसान के पास अपने नाम पर जमीन का होना जरूरी है. जमीन के दस्तावेज राजस्व अभिलेख में दर्ज होने चाहिए. खेत के पास सिंचाई की व्यवस्था होनी चाहिए. इस योजना का लाभ लेने के लिए किसान को उद्यान विभाग की वेबसाइट www.uphorticulture.gov.in पर ऑनलाइन पंजीकरण कराना पड़ता है. पंजीकरण करते समय वर्तमान खतौनी, आधार कार्ड और बैंक पासबुक की प्रति अपलोड करनी होती है. चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है और लाभार्थियों का चुनाव पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर होता है.
इस मिशन का मुख्य उद्देश्य किसानों को नई तकनीक से जोड़ना कृषि को लाभकारी बनाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है. किसान सिर्फ परंपरागत फसलों पर न रुकें बल्कि बाजार की जरुरतों के हिसाब से नई फसलों और बागवानी की ओर बढ़ें.