Rampur News: कैंसर मरीजों के लिए नई उम्मीद! अब न सफर का झंझट न खर्च का बोझ, रामपुर में ही मिल सकेगा बेहतर इलाज
Last Updated:
Rampur Latest News: रामपुर जिले के कैंसर मरीजों के लिए बड़ी राहत, अब इलाज के लिए दिल्ली या ऋषिकेश जाने की जरूरत नहीं. राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत जिला अस्पताल में डे केयर कैंसर सेंटर की स्थापना से मरीजों कई सुविधाएं एक ही जगह मिलेगी.
रामपुर: जिले के कैंसर मरीजों के लिए अब एक बड़ी राहत की खबर है. अब इलाज के लिए उन्हें न दिल्ली जाना पड़ेगा और न ही ऋषिकेश. दरअसल, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत जिला अस्पताल में डे केयर कैंसर सेंटर (DCCC) बनाया जाएगा. इस सेंटर में मरीजों को कीमोथेरेपी, बायोप्सी और दवाओं की सुविधा एक ही जगह मिलेगी.
फिलहाल जिले में कैंसर मरीजों के इलाज की कोई सुविधा उपलब्ध नहीं है. आर्थिक रूप से सक्षम लोग दिल्ली के बड़े अस्पतालों का रुख करते हैं, जबकि गरीब और मध्यम वर्ग के मरीजों को ऋषिकेश या लखनऊ जैसे शहरों में इलाज के लिए जाना पड़ता है. इस सेंटर के बनने से रामपुर जिले की लगभग 30 लाख आबादी को फायदा मिलेगा.
सेंटर का ढांचा और सुविधाएं
जिला अस्पताल का भवन तीन मंजिला है, जिसमें पुरुष और महिला वार्ड पहले से संचालित हैं. अस्पताल का ढांचा इतना बड़ा है कि यहां पहले मेडिकल कॉलेज बनाने का प्रस्ताव भी भेजा जा चुका है. अब इसी भवन में डे केयर कैंसर सेंटर स्थापित किया जाएगा.
यह सेंटर खासतौर पर उन मरीजों के लिए है जिन्हें लंबे समय तक अस्पताल में भर्ती रहने की जरूरत नहीं होती. मरीज को दिन में ही इलाज दिया जाएगा, जिसमें कीमोथेरेपी और अन्य उपचार शामिल होंगे, और शाम तक मरीज को घर भेज दिया जाएगा. इससे मरीजों को आर्थिक और मानसिक राहत मिलेगी.
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) दीपा सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत जिला अस्पताल में डे केयर कैंसर सेंटर की स्थापना की जाएगी. इसके लिए पर्याप्त स्थान मौजूद है और तीन डॉक्टर और तीन नर्सों को प्रशिक्षित करने की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी. सेंटर शुरू होने के बाद कैंसर मरीजों को बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
समय पर मिल सकेगा इलाज
सेंटर शुरू होने के बाद कैंसर पीड़ितों को न सिर्फ समय पर इलाज मिलेगा बल्कि मरीजों और उनके परिजनों का आर्थिक बोझ भी कम होगा. अब रामपुर जिले में ही कैंसर मरीजों के लिए आधुनिक उपचार की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है.
सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. मैने शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 ( नेटवर्क 18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News 18 (नेटवर्क 18) के साथ जुड़ी हूं…और पढ़ें
सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. मैने शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 ( नेटवर्क 18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News 18 (नेटवर्क 18) के साथ जुड़ी हूं… और पढ़ें