Saharanpur News : अंजीर से तैयार किया ‘हेल्थ टॉनिक, युवाओं की इम्युनिटी और मसल्स बढ़ाने में होगी मददगार
Last Updated:
Immunity Health Tonic : अगर परंपरागत खेती में विज्ञान और नवाचार का संगम हो, तो गांवों से भी बड़ा परिवर्तन संभव है. अंजीर की खेती को बढ़ावा देने के साथ-साथ आशुतोष आर्य ने एक ऐसा हेल्थ प्रोडक्ट तैयार किया है, जो देशभर के युवाओं के लिए लाभदायक साबित हो सकता है.
सहारनपुर. उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के युवा किसान आशुतोष आर्य ने खेती के साथ नवाचार का बेहतरीन उदाहरण पेश किया है. 22 वर्षीय यह युवा जहां एक ओर अपनी पढ़ाई कर रहा है, वहीं दूसरी ओर अंजीर की खेती से तैयार किए गए एक अनोखे ‘अंजीर हेल्थ टॉनिक’ के माध्यम से लोगों की सेहत को बेहतर बनाने का काम कर रहा है. यह टॉनिक युवाओं की इम्युनिटी पावर को बढ़ाने और मसल्स डेवलपमेंट में मददगार साबित हो रहा है.
अंजीर की खेती से शुरू हुई सफलता की कहानी
सहारनपुर के रहने वाले आशुतोष आर्य पिछले कई वर्षों से अपने पिता सुधीर कुमार सैनी के साथ खेती में हाथ बंटा रहे हैं. उनके पास लगभग एक एकड़ (छह बीघा) जमीन है, जिस पर वे अंजीर की खेती करते हैं. यह फल गूलर प्रजाति का हिस्सा है और इसे सुपर फूड के रूप में भी जाना जाता है. अंजीर की खेती में किसी विशेष खाद या पानी की जरूरत नहीं होती, जिससे यह फसल किसानों के लिए कम लागत में अधिक लाभ देने वाली साबित होती है. आशुतोष बताते हैं कि उनके पिता ने ही अंजीर की खेती की शुरुआत की थी, और अब वह इस परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं. इस खेती से उन्हें प्रति वर्ष करीब 7 से 8 क्विंटल अंजीर का उत्पादन मिलता है.
अंजीर हेल्थ टॉनिक, सेहत का प्राकृतिक मंत्र
अंजीर से तैयार किए गए इस हेल्थ टॉनिक में केवल अंजीर ही नहीं बल्कि कई आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियां भी शामिल हैं। इसमें ब्राह्मी, जटामांसी, शंखपुष्पी, बादाम, सौंठ और शहद जैसे घटक मिलाकर यह टॉनिक तैयार किया जाता है. आशुतोष का कहना है कि अंजीर अपने आप में एक पोषक तत्वों से भरपूर फल है, और जब इसे इन जड़ी-बूटियों के साथ मिलाया जाता है, तो यह शरीर के लिए रामबाण औषधि बन जाता है. यह टॉनिक विशेष रूप से इम्युनिटी बढ़ाने, थकान दूर करने और युवाओं के मसल्स डेवलपमेंट में सहायक है. इसका सेवन सुबह और शाम 15 मिलीलीटर की मात्रा में करने की सलाह दी जाती है.
बाजार में बढ़ती मांग और सफलता की उड़ान
कोरोना काल के बाद लोगों में इम्युनिटी को लेकर जागरूकता बढ़ी है. ऐसे समय में आशुतोष का यह हेल्थ टॉनिक लोगों के लिए एक उपयोगी उत्पाद बन गया है. वर्तमान में यह टॉनिक उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों में तेजी से लोकप्रिय हो रहा है. 200 ग्राम की एक बोतल की कीमत ₹210 रखी गई है, और हर महीने 700 से 800 बोतलें आसानी से बिक जाती हैं. इससे न केवल आशुतोष की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है, बल्कि उन्होंने अपने क्षेत्र के अन्य किसानों को भी प्रेरित किया है कि वे अंजीर जैसी वैकल्पिक खेती अपनाकर अपनी आय को बढ़ा सकते हैं.