Saurabh Murder: सिर अलग, धड़ अलग… ड्रम से बॉडी निकालने में लगे 2 घंटे, पोस्टमार्टम स्टाफ बोले- जीवन में ऐसा नहीं देखा
Last Updated:
Meerut: मेरठ में सौरभ हत्याकांड ने पुलिस, डॉक्टरों और कर्मचारियों को झकझोर दिया. मुस्कान और साहिल ने सौरभ की हत्या कर लाश को ड्रम में सीमेंट और रेत से छिपाया. पुलिस ने ड्रम तोड़कर लाश बरामद की.
मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल शुक्ला ने 4 मार्च को सौरभ की चाकू घोंपकर हत्या कर दी
हाइलाइट्स
- सौरभ हत्याकांड ने पुलिस और डॉक्टरों को झकझोरा.
- मुस्कान और साहिल ने सौरभ की हत्या कर लाश ड्रम में छिपाई.
- ड्रम तोड़ने में पुलिस को घंटों मेहनत करनी पड़ी.
मेरठ में हाल ही में ऐसा खौफनाक हत्याकांड हुआ है, जिसे सुनकर रूह कांप जाए. सौरभ हत्याकांड ने न सिर्फ पुलिस बल्कि पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों और कर्मचारियों तक को झकझोर दिया. लाश को ठिकाने लगाने के लिए ड्रम, चाकू, सीमेंट और रेत का ऐसा इस्तेमाल हुआ कि जिसने भी इसके बारे में सुना, वह सन्न रह गया. ये कहानी है एक कत्ल की, एक ड्रम की, और उस ड्रम में छुपी लाश की.
नेटवर्क 18 ने पोस्टमार्ट से पहले ड्रम को काटने वाले बलवीर से बातचीत की. बता दें कि सौरव को मारकर इसी ड्रम में रखकर सीमेंट से पैक कर दिया गया था. तकरीबन 45 साल के दिखने वाले पोस्टमार्ट स्टाफ बलवीर ने कहा कि उसने अपने अब तक के जीवन में इस हालत में कोई लाश नहीं देखी थी. उन्होंन कहा, ‘प्लास्टिक के ड्रम को काटने में आधे घंटे का समय लगा.उसके बाद कटर और हथौड़े की मदद से जमे हुए सीमेंट को तोड़ा गया. उसी में सबसे नीचे प्लास्टिक में पैक सिर रखा था. जिसे कपड़े से ढका भी गया था. दोनों कलाई भी धड़ से अलग कटी हुई पड़ी थी.’
चाकू घोंपकर हत्या कर दी
पुलिस पहले ही बता चुकी है कि मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल शुक्ला ने 4 मार्च को सौरभ की चाकू घोंपकर हत्या कर दी. लेकिन हत्या के बाद उन्होंने जो किया, वह किसी फिल्मी सीन से कम नहीं था. पहले छाती पर चाकू से हमला किया, फिर बाथरूम में ले जाकर शरीर के अलग-अलग हिस्से काट दिए—सिर अलग, धड़ अलग, उंगलियां अलग. इसके बाद इन टुकड़ों को एक ड्रम में डाला और ऊपर से सीमेंट और रेत से उसे पूरी तरह सील कर दिया ताकि बदबू न फैले और किसी को शक न हो.
ड्रम तोड़ने में पसीने छूट गए
पोस्टमार्ट के स्टाफ बलवीर ने आगे बताया कि ड्रम के ऊपरी हिस्से पर 6 इंच मोटी सीमेंट की परत थी. इसे तोड़ने के लिए 5 मजदूरों को 2 से ढाई घंटे तक मेहनत करनी पड़ी. हथौड़े, कटर और ग्राइंडर का इस्तेमाल किया गया. सीमेंट से लाश को जमाया गया था, जिसे निकालने में कई घंटे लग गए. जब ड्रम खुला, तो अंदर का मंजर देख वहां मौजूद हर शख्स सिहर उठा.
पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर भी रह गए दंग
मेरठ के सीएमओ डॉ. अशोक कटारिया ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक, सौरभ की हत्या दो हफ्ते पहले हुई थी. हत्यारों ने लाश को ठिकाने लगाने के लिए सीमेंट से ढक दिया, जिससे शरीर गलने लगे. डॉक्टरों ने कहा कि शव कई टुकड़ों में था, दांत हिल चुके थे और स्किन पूरी तरह ढीली पड़ चुकी थी. डॉ. कटारिया ने कहा, ‘अपने 30 साल के करियर में मैंने ऐसा खौफनाक मामला पहले कभी नहीं देखा.’
ऐसा हत्याकांड पहले नहीं देखा गया
सौरभ की हत्या की यह कहानी न सिर्फ दिल दहला देने वाली है, बल्कि यह भी दिखाती है कि अपराधी अब अपराध छिपाने के लिए कितनी खतरनाक तरकीबें अपना रहे हैं. पुलिस इस केस की हर एंगल से जांच कर रही है, लेकिन इस कांड ने मेरठ और पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है.