Shahjahanpur News : सड़कों पर ई-रिक्शा का ‘मकड़जाल’…अनट्रेंड चालकों ने बढ़ाई मुसीबत! जाम और हादसों से कांप रहा शहर

0
Shahjahanpur News : सड़कों पर ई-रिक्शा का ‘मकड़जाल’…अनट्रेंड चालकों ने बढ़ाई मुसीबत! जाम और हादसों से कांप रहा शहर


शाहजहांपुर : ई-रिक्शा जो कभी शहर की लाइफलाइन थे, अब बड़ी समस्या बनते जा रहे हैं. ई-रिक्शा की तेजी से बढ़ती संख्या की वजह से शहर की सड़कों पर गंभीर जाम लगाना शुरू हो गया है. सबसे बड़ी चिंता का विषय है अनट्रेंड चालक, ज्यादातर ई-रिक्शा चालकों को कोई प्रशिक्षण नहीं दिया गया है. बिना किसी नियम की जानकारी के ये सड़कों पर बेतरतीब ढंग से ई रिक्शा चला रहे हैं, जिससे न सिर्फ जाम लग रहा है, बल्कि सुरक्षा का खतरा भी बढ़ गया है. प्रशासन को इस बढ़ती समस्या पर तुरंत ध्यान देने और प्रशिक्षण और नियमों को लागू करने की सख्त जरूरत है.

दरअसल पूरे जिले में करीब 15 हजार ई रिक्शा हैं, जिनमें से करीब 6000 ई- रिक्शा शाहजहांपुर शहर यानी कि नगर क्षेत्र में चलते हैं, जिले में चलने वाले इन ई-रिक्शा में करीब 5% गैर पंजीकृत ई रिक्शा भी हैं. गैर पंजीकृत रिक्शा की सबसे ज्यादा संख्या ग्रामीण क्षेत्रों में है. लेकिन ये ई रिक्शा अब लोगों के लिए परेशानी सबब बन रहे हैं. लोगों को अपना छोटा सा सफर तय करने के लिए ज्यादा समय गवाना पड़ता है. इसकी सबसे बड़ी वजह है कि ई रिक्शा चालक नियमों को तक पर रख कर सड़कों पर चलते हैं.

बीच सड़क पर रोक देते हैं ई-रिक्शा
स्थानीय नागरिक अजय का कहना है कि शहर में ई-रिक्शा की संख्या बेतहाशा बढ़ रही है. तेजी के साथ बढ़ रही यह संख्या लोगों के लिए परेशानी की वजह बन रही है. ई रिक्शा चालक सवारी देखते ही बीच सड़क पर रुक जाते हैं, जिसकी वजह से कई बार लोग घटनाओं का शिकार भी हो रहे हैं. अजय ने बताया कि लाली में चौराहे पर आईटीएमएस सिस्टम के तहत ट्रैफिक सिग्नल लाइट लगाई गई हैं, लेकिन वह अभी तक सुचारू रूप से काम नहीं कर रही हैं. जिसकी वजह से चौराहे पर अक्सर जाम की समस्या बनी रहती है. शाम के वक्त यह समस्या और भी ज्यादा बढ़ जाती है, कई बार तो एंबुलेंस भी काफी देर तक इस चौराहे पर फंसी रहती है.

परेशानी का कारण बनी ई-रिक्शा 
शहर के ही रहने वाले तनुज चतुर्वेदी ने बताया कि ई-रिक्शा पहले तो लोगों के लिए सहूलियत के तौर पर देखे जा रहे थे, लेकिन अब यह शहर के लोगों के सामने एक बड़ी चुनौती हैं. सड़कों पर बाइक के मुकाबले दर्जनों ई-रिक्शा दिखाई देते हैं, जिनकी वजह से सड़कों पर जाम लगता है. ई रिक्शा का कोई भी रूट फिक्स नहीं है, कोई भी ई रिक्शा शहर के किसी भी इलाके में चला जाएगा, इसके लिए कोई रोक टोक नहीं है. मुख्य मार्गों पर जैसे ही ट्रैफिक बढ़ता है तो यह रिक्शा चालक शहर की छोटी-छोटी गलियों में चले जाते हैं, जिसकी वजह से समस्याएं और भी बढ़ जाती हैं

बेलगाम रिक्शा चालक नहीं करते नियमों का पालन
रवि शुक्ला ने बताया कि ई-रिक्शा चालक बेलगाम हो चुके हैं, वह किसी भी नियम और कानून का पालन नहीं करते हैं, जिसका जहां मन करता है, वहीं बीच सड़क पर ई – रिक्शा रोक कर सवारियां बैठाने लग जाता है. यह रिक्शा चालक इतना बेलगाम हो चुके हैं कि बीच सड़क पर दोनों ओर से सवारियों को बैठाने लग जाते हैं, जिसकी वजह से कई बार लोग हादसे का शिकार भी हो जाते हैं.

1 घंटे में तय होता है 10 मिनट का सफर
स्थानीय नागरिक कृष्ण चंद्र गुप्ता का कहना है कि शहर की हर सड़क पर जाम की समस्या से लोगों को दो-चार होना पड़ता है. ई रिक्शा चालक भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी आडा तिरछा चलते हैं, जिसकी वजह से जाम लग जाती है. आलम यह है कि जो रास्ता 10 मिनट का होता है, उसको तय करने के लिए 1 घंटे का समय लग जाता है. जाम की इस समस्या से निपटने के लिए प्रशासन के प्रयास भी नाकाफी हैं. कई बार प्रशासन ने रोक लगाई की भीड़भाड़ वाले बाजारों में ई- रिक्शा नहीं जाएंगे, लेकिन उसके बावजूद भी इनको रोकना मुश्किल हो रहा है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *