SIR में महिला BLO की लगी थी ड्यूटी, हार्ट अटैक से हुई मौत, होने वाली थी बेटे की शादी
Last Updated:
Bijnaur Latest News: बिजनौर में BLO शोभारानी की हार्ट अटैक से मौत हो गई. वह डायबिटीज से पीड़ित थीं और तबीयत बिगड़ने पर उन्हें मुरादाबाद अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया.
बिजनौर. उत्तर प्रदेश के बिजनौर से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है. जहां जिले में एक महिला बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) की शनिवार रात हार्ट अटैक से मौत हो गई. अधिकारियों ने रविवार को इसकी पुष्टि की. धामपुर क्षेत्र के मोहल्ला बड़वान की रहने वाली 56 वर्षीय शोभारानी बूथ संख्या 97 की BLO थीं. तबीयत खराब होने पर उन्हें मुरादाबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. यह जानकारी जिला कार्यक्रम अधिकारी विमल चौबे ने दी. उनकी मौत से उनके परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.
मृतका के पति कृपाल सैनी ने बताया कि शोभारानी पहले से डायबिटीज की मरीज थीं और कुछ समय से तबीयत ठीक नहीं थी. इसके बावजूद वह देर रात तक काम कर रही थीं और शुक्रवार रात भी SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) फॉर्म ऑनलाइन अपलोड कर रही थीं. उसी रात उन्हें तेज सीने में दर्द हुआ, जिसके बाद उन्हें तुरंत एक अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने मुरादाबाद के प्राइवेट हॉस्पिटल के लिए रेफर कर दिया. जहां उनकी मौत हो गई.
परिवार ने यह भी बताया कि घर में बेटे की शादी की तैयारियां भी चल रही थीं, जिससे उन पर और दबाव बढ़ गया था. धामपुर की उप जिलाधिकारी (SDM) स्मृति मिश्रा ने बताया कि परिवार के अनुसार शोभारानी डायबिटीज की मरीज थीं और तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई. जिला कार्यक्रम अधिकारी चौबे ने कहा कि शोभारानी पर किसी तरह का काम का दबाव नहीं था. वे आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भी थीं.
About the Author

न्यूज18 हिंदी डिजिटल में कार्यरत. उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल और हरियाणा की पॉलिटिक्स और क्राइम खबरों में रुचि. वेब स्टोरी और AI आधारित कंटेंट में रूचि. राजनीति, क्राइम, मनोरंजन से जुड़ी खबरों को लिखने मे…और पढ़ें