SIR फार्म भरने की दौड़ में जुटा मथुरा, 6-7 दिसंबर को बूथों पर जुटेगा जनसैलाब, जानें पूरी प्रक्रिया
Last Updated:
Mathura Latest News : मतदाता सूची को सटीक और अद्यतन बनाने के लिए गणना प्रपत्र भरने का व्यापक अभियान जारी है. प्रशासन ने 6 और 7 दिसंबर को सभी बूथों पर मेगा कैंप आयोजित किए हैं, ताकि कोई भी मतदाता प्रपत्र भरने से वंचित न रहे. बी.एल.ओ. घर–घर जाकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं और प्रपत्र भरने में मदद दे रहे हैं.
मथुरा: उत्तर प्रदेश सहित मथुरा जनपद में मतदाता सूची को शुद्ध और सटीक बनाने के लिए गणना प्रपत्र भरने का अभियान तेजी से चल रहा है. जिन लोगों से प्रपत्र भरना छूट गया था, उनके लिए 6 और 7 दिसंबर को जिले के सभी बूथों पर मेगा कैंप आयोजित किए जा रहे हैं. इस पहल का उद्देश्य आगामी मतदान में किसी भी मतदाता का नाम छूटने से बचाना है.
युद्धस्तर पर चल रहा अभियान
श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा में गणना प्रपत्र विशेष अभियान लगातार गति पकड़ रहा है. जिले के सैकड़ों बी.एल.ओ. अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर लोगों को प्रपत्र भरने की जानकारी दे रहे हैं. प्रशासन द्वारा विभिन्न माध्यमों से लगातार अपील की जा रही है कि सभी नागरिक अपने गणना प्रपत्र समय से भरकर जमा करें. लोगों में जागरूकता बढ़ने से प्रपत्र भरने की प्रक्रिया में उल्लेखनीय तेजी देखी जा रही है.
6-7 दिसंबर को मेगा कैंप, सभी बूथों पर मौजूद रहेंगे बीएलओ
मथुरा जिला प्रशासन ने 6 और 7 दिसंबर को दो दिवसीय महा मेगा कैंप आयोजित किया है. इन कैंपों में बूथ लेवल ऑफिसर स्वयं मौजूद रहकर लोगों को यह बताएंगे कि गणना प्रपत्र सही तरीके से कैसे भरा जाए. मेगा कैंप का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी मतदाता प्रपत्र भरने से वंचित न रह जाए. प्रशासन की मानें तो यह अभियान मतदाता संख्या और उनके आंकड़ों की शुद्धता के लिए बेहद महत्वपूर्ण है.
मथुरा वृंदावन नगर निगम के अपर आयुक्त सौरभ सिंह ने बताया कि लोगों की समस्याओं को देखते हुए यह मेगा कैंप लगाए गए हैं. अधिकाधिक नागरिकों को जागरूक कर अभियान को गति देने की मंशा के साथ यह पहल की गई है. उन्होंने मतदाताओं से अनुरोध किया कि वे अपने गणना प्रपत्र जल्द से जल्द भरकर बी.एल.ओ. को उपलब्ध कराएं.
बीएलओ का सम्मान, सौंपा गया महत्वपूर्ण दायित्व
विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले सदर तहसील क्षेत्र के 50 बीएलओ को जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह द्वारा सम्मानित किया गया. जिलाधिकारी ने सभी बीएलओ को निर्देश दिया कि वे समय पर गणना प्रपत्र एकत्र करने के साथ-साथ उनका डिजिटाइजेशन भी सुनिश्चित करें. इसके साथ ही बूथों की मैपिंग पूर्ण करना भी अनिवार्य बताया गया. मैपिंग में लापरवाही आगे बड़ी चुनौतियों का कारण बन सकती है, इसलिए अधिकारियों को पूर्ण निष्ठा से कार्य करने के निर्देश दिए गए.
मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी से अभियान को मिल रही ताकत
अभियान के चलते मथुरा में नागरिक भी बढ़-चढ़कर प्रपत्र भरने में रुचि दिखा रहे हैं. प्रशासन का मानना है कि सक्रिय जनभागीदारी से मतदाता सूची अधिक सटीक बनेगी और मतदान प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित होगी. मेगा कैंप में बड़ी संख्या में लोगों के आने की उम्मीद है, जिससे यह अभियान और अधिक सफल हो सकेगा.