UP Encounter: यूपी में ऑपरेशन लंगड़ा का असर, इन जिलों में बदमाशों के साथ हुई मुठभेड़; पुलिस धड़ाधड़ कर रही एनकाउंटर
Last Updated:
Operation Langda: उत्तर प्रदेश पुलिस ने एक बार फिर यह साफ कर दिया है कि कानून से खेलने वालों के लिए अब कोई राहत नहीं बची है. अपराधियों की घेराबंदी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन लंगड़ा के तहत सीतापुर, मैनपुरी और गाजियाबाद में पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई की है.
UP Encounter News: उत्तर प्रदेश में बढ़ते अपराध पर लगाम लगाने के लिए यूपी पुलिस एक अभियान चला रही है. जिसका नाम दिया गया है ऑपरेशन लंगड़ा. इस अभियान से सीतापुर, मैनपुरी और गाजियाबाद में ताबड़तोड़ कार्रवाइ हुई. ऑपरेशन लंगड़ा के तहत पुलिस अपराधियों को पकड़ने के लिए उनकी टांगों में गोली मार रही है. उन्हें लंगड़ा बना रही है. पुलिस का मकसद अपराधियों को गिरफ्तार करना है.
गाजियाबाद में एनकाउंटर
गाजियाबाद के सिहानीगेट थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई. इस दौरान गोली लगने से चार बदमाश घायल हो गए, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया. मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है. पुलिस के अनुसार ये बदमाश ऑटो में सवारी बैठाकर लूटपाट करने वाले गिरोह के सदस्य है. पुलिस ने इनके कब्जे से लूटे गए आभूषण, नकदी, अवैध असलाह और ऑटो बरामद किया है. फिलहाल बदमाशों से पूछताछ जारी है.
सीतापुर में बार बालाओं से हुई लूटपाट की घटना का पुलिस ने 36 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया. एसओजी और सदरपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मुठभेड़ के दौरान 25 हजार के इनामी बदमाश श्रीचंद्र यादव के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. एक अन्य बदमाश मौके से फरार हो गया. पुलिस ने आरोपी के पास से एक हुंडई कार अवैध तमंचा, खोखा, जीवित कारतूस, मोबाइल और 3480 रुपए नकद बरामद किए. पुलिस के मुताबिक, बदमाशों ने सड़क पर बार बालाओं को रोककर लूटपाट की थी. घायल बदमाश का इलाज कराया जा रहा है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है.
गाजियाबाद में एनकाउंटर
थाना वेव सिटी क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ में दो शातिर अपराधी गिरफ्तार किए गए. इनमें से एक बदमाश गोली लगने से घायल हुआ है. पुलिस ने मौके से दो तमंचे, जिंदा कारतूस, चोरी के बिजली तारों से भरे दो बोरे, कटर और बिना नंबर की बाइक बरामद की. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनुज उर्फ खम्भा उर्फ खब्बा (निवासी मेरठ) और रफीक अहमद (निवासी बुलंदशहर) के रूप में हुई है. दोनों पर चोरी, लूट और हत्या के प्रयास जैसे एक दर्जन से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज हैं. पूछताछ में दोनों ने दिल्ली-एनसीआर में चोरी और लूट की वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की है. घायल बदमाश का इलाज कराया जा रहा है और पुलिस ने दोनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है.
मैनपुरी में मुठभेड़
मैनपुरी में कुरावली पुलिस और सर्विलांस टीम को बड़ी सफलता मिली है. देर रात कुरावली थाना क्षेत्र के नगला ऊसर जाने वाली सड़क नहर पुल के पास पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक बदमाश आशू गिहार पुत्र सुनील कुमार गिहार, निवासी गिहार कॉलोनी, कुरावली गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी फरार होने में सफल रहा. मौके से पुलिस ने एक बिना नंबर की लाल रंग की सीडी डाउन मोटरसाइकिल, एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया. पूछताछ में आशू ने बताया कि वह चोरी की फिराक में घूम रहा था. उसके खिलाफ आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी और एटा जिलों में चोरी, डकैती और छिनैती जैसे गंभीर मामलों में एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज है. रात्रि चेकिंग के दौरान जब पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने फायरिंग कर दी, जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी. घायल बदमाश को सीएचसी कुरावली में भर्ती कराया गया. बताया जा रहा है कि लगभग दो माह पहले मंडी स्थित अनिल आढ़तिया से 50 हजार रुपये की लूट में भी आशू वांछित था. मौके पर एसपी ग्रामीण राहुल मिठास और सीओ कुरावली सचितानंद सिंह पहुंचे.

काशी के बगल चंदौली से ताल्लुक रखते है. बिजेनस, सेहत, स्पोर्टस, राजनीति, लाइफस्टाइल और ट्रैवल से जुड़ी खबरें पढ़ना पसंद है. मीडिया में करियर की शुरुआत ईटीवी भारत हैदराबाद से हुई. अभी लोकल18 यूपी के कॉर्डिनेटर की…और पढ़ें
काशी के बगल चंदौली से ताल्लुक रखते है. बिजेनस, सेहत, स्पोर्टस, राजनीति, लाइफस्टाइल और ट्रैवल से जुड़ी खबरें पढ़ना पसंद है. मीडिया में करियर की शुरुआत ईटीवी भारत हैदराबाद से हुई. अभी लोकल18 यूपी के कॉर्डिनेटर की… और पढ़ें