UP Hindi Live: संगम नगरी में तेज रफ्तार कार ने 2 को मारी टक्कर, 1 की मौत, सीएम बारांबकी पहुंचे

0
UP Hindi Live: संगम नगरी में तेज रफ्तार कार ने 2 को मारी टक्कर, 1 की मौत, सीएम बारांबकी पहुंचे


संगम नगरी में तेज रफ्तार कार का कहर, करेली में टक्कर से महिला की मौत 

संगम नगरी के करेली थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार ने दो लोगों को टक्कर मार दी, जिससे 50 वर्षीय विमला देवी की दर्दनाक मौत हो गई. महिला सुबह किसी घर में चौका-बर्तन का काम करने जा रही थी. टक्कर के बाद ग्रैंड विटारा कार सड़क पर पलट गई. पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है, जो करेली के डॉक्टर जुबैर अहमद के नाम पर रजिस्टर्ड है. यह हादसा ऐसे समय हुआ जब 3 नवंबर से जिले में यातायात माह चल रहा है और दिल्ली लाल किला ब्लास्ट के बाद पुलिस लगातार सड़क चेकिंग कर रही है.

बाराबंकी पहुंचे CM योगी आदित्यनाथ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज बाराबंकी के कुर्सी विधानसभा क्षेत्र के झांसा पूर्व में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए. हैलीपेड पर उनका स्वागत भाजपा विधायक सकेंद्र और राज्य मंत्री सतीश शर्मा ने किया. कार्यक्रम सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती के अवसर पर आयोजित किया गया है. सीएम योगी पहले सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे. इसके अलावा वे विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण भी करेंगे. कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन सतर्क है.

उन्नाव में सांसद साक्षी महाराज का बयान: दिल्ली बम विस्फोट की कड़ी निंदा, जांच पर जताया भरोसा

उन्नाव के कैम्प कार्यालय में सांसद साक्षी महाराज ने दिल्ली में हुए बम विस्फोट पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि जैसे ही घटना की जानकारी मिली, गृहमंत्री अमित शाह तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि सघन जांच जारी है और यह जांच और महत्वपूर्ण हो जाती है जब पूरा देश भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की एकता यात्रा के माध्यम से एक सूत्र में बंधा हुआ है. सांसद ने कहा कि इस अमृत में विष घोलने की साजिश के पीछे जिम्मेदारों को कोई भी बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने बताया कि सरकार पूरी गहनता से जांच कर रही है और इस घटना की जितनी निंदा की जाए, वह भी कम है.

बाराबंकी में आज पहुंचेगे CM योगी, करोड़ों की परियोजनाओं का करेंगे शिलान्यास-लोकार्पण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज बाराबंकी के फतेहपुर थाना क्षेत्र के झांसा पूर्व गांव में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे. सीएम का हेलीकॉप्टर सुबह 10 बजे लैंड करेगा. उनके आगमन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद है. सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती के अवसर पर सीएम योगी जनसभा को संबोधित करेंगे और करोड़ों की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण करेंगे. इसके साथ ही लाभार्थियों को चेक भी वितरित किए जाएंगे. विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकास योजनाओं के स्टॉलों का सीएम निरीक्षण भी करेंगे. मौके पर भारी पुलिस फोर्स तैनात है.

दिल्ली ब्लास्ट में अमरोहा के दो दोस्तों की मौत, अस्पताल में रिश्तेदार से मिलने गए थे
दिल्ली में हुए भीषण ब्लास्ट में अमरोहा जिले के दो दोस्तों की मौत हो गई. मृतकों की पहचान हसनपुर के रहरा अड्डे निवासी 52 वर्षीय लोकेश अग्रवाल और मंगरोला गांव के अशोक कुमार के रूप में हुई है. जानकारी के मुताबिक, लोकेश अपने एक बीमार रिश्तेदार को देखने दिल्ली के अस्पताल गए थे. इसी दौरान उन्होंने अपने दोस्त अशोक को फोन कर लाल किला मेट्रो स्टेशन पर बुलाया था. दोनों स्टेशन के पास ही मौजूद थे जब अचानक धमाका हुआ. विस्फोट इतना तेज था कि मौके पर ही दोनों की दर्दनाक मौत हो गई. घटना से अमरोहा में शोक की लहर है.

यूपी में समय से पहले सर्दी की दस्तक, इटावा सबसे ठंडा जिला
उत्तर प्रदेश में इस बार सर्दी ने समय से पहले दस्तक दे दी है. मौसम विभाग के अनुसार इटावा में न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा. कानपुर में रात का पारा 9.2 डिग्री, जबकि बाराबंकी में 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. कई जिलों में तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री तक नीचे चला गया है. मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले तीन दिनों तक रात के समय शीतलहर जैसी स्थिति बनी रह सकती है. सुबह के समय कोहरा बढ़ेगा, हालांकि दिन में हल्की धूप निकलने से कुछ राहत मिलेगी.

हापुड़ में मदर डेयरी प्लांट की बिजली कटी
हापुड़ के पिलखुवा स्थित मदर डेयरी प्लांट पर बड़ी कार्रवाई की गई है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) द्वारा मानक उल्लंघन की रिपोर्ट मिलने के बाद जिला प्रशासन ने प्लांट की बिजली आपूर्ति काट दी है. बोर्ड ने डीएम हापुड़ को पत्र लिखकर प्रदूषण फैलाने की शिकायत की थी. जांच के दौरान प्लांट में प्रदूषण नियंत्रण के तय मानकों का पालन न किए जाने की पुष्टि हुई थी. इसके बाद डीएम के निर्देश पर विद्युत विभाग की टीम ने प्लांट की बिजली काट दी. प्रशासन ने साफ किया है कि पर्यावरण नियमों का उल्लंघन करने पर किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा.

दिल्ली विस्फोट में अमरोहा के दो दोस्तों की मौत
दिल्ली में हुए बम धमाके में अमरोहा जिले के दो युवकों की मौत की पुष्टि हुई है. हसनपुर तहसील क्षेत्र के रहने वाले अशोक और लोकेश इस विस्फोट में मारे गए. अशोक मंगरोला गांव का निवासी था, जबकि लोकेश हसनपुर नगर के रहरा अड्डे के पास रहता था. दोनों आपस में घनिष्ठ दोस्त बताए जा रहे हैं और किसी काम से दिल्ली गए हुए थे. हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया है. अब तक अमरोहा से इस धमाके में मरने वालों की संख्या दो हो चुकी है. स्थानीय प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है.

आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा की आज अदालत में पेशी
आईएमसी (इत्तेहादे मिल्लत काउंसिल) प्रमुख मौलाना तौकीर रजा की आज मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेशी होगी. वह फिलहाल फतेहगढ़ सेंट्रल जेल में निरुद्ध हैं. मौलाना तौकीर रजा और उनके करीबी सहयोगियों के खिलाफ कुल 12 मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें वे सभी मामलों में आरोपी हैं. 26 सितंबर को बरेली में जुमे की नमाज के बाद हुए बवाल के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई हुई थी. मामले की जांच डीआईजी अजय साहनी के नेतृत्व में गठित एसआईटी कर रही है. आज मौलाना की पेशी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग या फिजिकल उपस्थिति, दोनों में से किसी भी माध्यम से कराई जा सकती है.

दिल्ली ब्लास्ट के बाद यूपी हाई अलर्ट, लखनऊ समेत अयोध्या, काशी और मथुरा में बढ़ाई गई सुरक्षा
दिल्ली में हुए बम धमाके के बाद उत्तर प्रदेश में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं. राजधानी लखनऊ में लोकभवन, विधानसभा, बापू भवन और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी खुद गश्त पर निकलकर हालात का जायजा ले रहे हैं. पुलिस, PAC और SSF के जवानों को हाई अलर्ट पर रखा गया है. धार्मिक दृष्टि से संवेदनशील शहर अयोध्या, काशी, मथुरा और प्रयागराज में भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है. खुफिया एजेंसियों को संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके.

आज लखनऊ में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस और बड़ी बैठक
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आज दोपहर 1 बजे पार्टी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे. इससे पहले सुबह 11 बजे सपा की प्रदेश कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है, जिसकी अध्यक्षता खुद अखिलेश यादव करेंगे. बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और विधायकों की मौजूदगी रहेगी. माना जा रहा है कि बैठक में आगामी चुनावों की रणनीति, संगठन की मजबूती और SIR (Social Impact & Reach) प्लान को लेकर गहन चर्चा होगी. प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव बड़े राजनीतिक ऐलान भी कर सकते हैं.

लखनऊ से बैंकॉक के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान बंद
लखनऊ एयरपोर्ट से बैंकॉक के लिए संचालित एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान अब बंद कर दी गई है. यात्रियों की संख्या कम होने और आर्थिक नुकसान के चलते यह निर्णय लिया गया. एयरलाइन की उड़ानें IX-106 और IX-105 इस फैसले से प्रभावित हुई हैं. अब यह विमान रियाद (सऊदी अरब) रूट पर शिफ्ट किया गया है. फिलहाल बैंकॉक के लिए लखनऊ से केवल थाई एयर एशिया की सीधी उड़ान ही उपलब्ध है, जो आगे बाली समेत अन्य अंतरराष्ट्रीय रूट्स पर भी जाती है. एयरलाइन प्रबंधन के मुताबिक सीमित रूट और कम पैसेंजर लोड के कारण यह कदम उठाया गया है.

लखनऊ विश्वविद्यालय में देर रात बवाल: छात्र नेता अमन दुबे की गिरफ्तारी पर छात्रों का हंगामा
लखनऊ विश्वविद्यालय में देर रात उस समय हंगामा मच गया जब हसनगंज पुलिस ने छात्र नेता अमन दुबे को लाल बहादुर शास्त्री छात्रावास से हिरासत में ले लिया. गिरफ्तारी की खबर फैलते ही छात्र हॉस्टल से बाहर निकल आए और लविवि पुलिस चौकी के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया. छात्रों ने अमन दुबे की रिहाई की मांग करते हुए प्रॉक्टर ऑफिस के बाहर धरना दिया. बताया जा रहा है कि अगस्त में अमन दुबे पर रंजिश के चलते हमला हुआ था और उसी मामले में क्रॉस एफआईआर दर्ज हुई थी. देर रात पुलिस ने अमन दुबे को रिहा किया, तब जाकर छात्रों का गुस्सा शांत हुआ.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *