UP Live News Today: यूपी में कड़ाके की ठंड और घना कोहरा, 40 जिलों में अलर्ट जारी, 7 डिग्री तक लुढ़का पारा
Last Updated:
UP Live News Today: उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है. मौसम विभाग ने प्रदेश के 40 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. तापमान में गिरावट से शीतलहर जैसे हालात बने हुए हैं, वहीं सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड पर है. इसी बीच कुशीनगर में पेट्रोल पंप पर मारपीट की घटना सामने आई, जबकि आगरा में रैन बसेरों की अव्यवस्था उजागर हुई है.
UP Live News Today: उत्तर प्रदेश समेत पूरे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है. दिल्ली-एनसीआर से लेकर यूपी के कई जिलों में तापमान तेजी से गिरा है, वहीं विजिबिलिटी कम होने से सड़क हादसों का खतरा भी बढ़ गया है. मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इसी बीच यूपी के अलग-अलग जिलों से कानून-व्यवस्था और ठंड से जुड़ी बड़ी खबरें सामने आई हैं. आइए जाते हैं यूपी की पल-पल की अपडेट…
आगरा में नगर निगम की लापरवाही उजागर, रैन बसेरे बंद
ताजनगरी में शीतलहर और कड़ाके की सर्दी लोगों को परेशान कर रही है. लोग अलाव और गर्म कपड़ों के सहारे ठंड से बचाव कर रहे हैं. नगर निगम द्वारा शहर में 12 स्थाई और 3 अस्थाई रैन बसेरे बनाए गए हैं, लेकिन हकीकत कुछ और ही है. न्यूज़ 18 की टीम के रियलिटी चेक में नगर निगम की पोल खुल गई. आईएसबीटी बस अड्डे पर बना अस्थाई रैन बसेरा अभी तक शुरू नहीं हुआ, जिससे यात्री और आम लोग ठंड में ठिठुरने को मजबूर हैं.
कुशीनगर में पेट्रोल पंप पर उत्पात, तीन युवक गिरफ्तार
हाटा नगर के पिपराइच चौराहे स्थित आरके पेट्रोल पंप पर स्कूटी से पहुंचे तीन युवकों ने जमकर उत्पात मचाया. पेट्रोल भरवाने के दौरान युवकों ने सेल्समैन पर चोरी का आरोप लगाकर विवाद शुरू कर दिया. देखते ही देखते मामला हाथापाई में बदल गया और युवकों ने लाठी से पेट्रोल पंप कर्मियों पर हमला कर दिया. इस हमले में दो कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए. सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर थाने भेज दिया. पूरी घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई है.
मौसम विभाग का ऑरेंज अलर्ट, सतर्क रहने के निर्देश
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण ठंड और कोहरे का प्रकोप और बढ़ गया है. इसे देखते हुए राज्य सरकार सतर्क हो गई है. मुख्य सचिव ने सड़क हादसों को रोकने के लिए उच्च स्तरीय बैठक कर पुलिस और प्रशासन को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं. आम लोगों से अपील की गई है कि अनावश्यक यात्रा से बचें और वाहन चलाते समय फॉग लाइट का उपयोग जरूर करें. वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी आज सड़क सुरक्षा को लेकर उच्च स्तरीय बैठक करेंगे.
यूपी में घना कोहरा और शीतलहर का कहर, 40 जिलों में अलर्ट
दिल्ली-एनसीआर सहित गाजियाबाद और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में घने कोहरे और भीषण ठंड का असर देखने को मिल रहा है. तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे सुबह के समय विजिबिलिटी काफी कम हो गई है. ठंडी हवाओं के चलते शीतलहर जैसे हालात बने हुए हैं. मौसम विभाग ने प्रदेश के 40 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है. बुलंदशहर में न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस जबकि, बाराबंकी में 7.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
About the Author

राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें