UP News Hindi Live: बुलंदशहर में कार लूट के आरोपी से मुठभेड़, सपा कार्यालय में नव वर्ष पर ‘बाटी-चोखा’ कार्यक्रम
यूपी समाचार लाइव: नमस्कार, उत्तर प्रदेश के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है. हम इस लाइव ब्लॉग में प्रदेश की क्राइम, राजनीति और वायरल के अलावा अन्य खबरों को बताएंगे. लखनऊ, कानपुर और नोएडा के अलावा यूपी के 75 जिलों की हर एक बड़ी खबर यहां पढ़ने को मिलेगी. इसलिए जुड़े रहे हमारे साथ इस लाइव ब्लॉग में…
Etah News: साइबर क्राइम थाना ने 58 लाख की ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार
एटा साइबर क्राइम थाना ने जीवन साथी ऐप के जरिए शादी का झांसा देकर और नौकरी लगवाने के बहाने 58 लाख रुपये की ठगी करने वाले वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी को एटीएम के साथ पकड़ा गया है. पुलिस ने बताया कि आरोपी ने लोगों को विश्वास में लेकर धन हड़पने की कई वारदातों को अंजाम दिया था. इस कार्रवाई से साइबर अपराध के खिलाफ लगातार हो रही चौकसी और कार्रवाई की पुष्टि हुई है.
Bijnaur News: बच्ची पर चाकू से हमला, पुलिस ने बदमाश को किया गिरफ्तार
बिजनौर के थाना नजीबाबाद क्षेत्र में स्टेशन रोड स्थित बाजार में एक बदमाश ने बच्चियों के साथ अभद्रता की और एक बच्ची पर चाकू से हमला कर दिया. हालांकि, हमले में बच्ची की जान बच गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है. यह घटना स्थानीय लोगों में डर और सुरक्षा को लेकर चिंता पैदा कर रही है.
Lucknow News: कफ सिरप तस्करी सिंडिकेट में ईडी की कार्रवाई
लखनऊ में कफ सिरप तस्करी सिंडिकेट से जुड़े मामले में ईडी की छानबीन तेज़ हो गई है. गिरफ्तार आरोपी विशाल सिंह और विभोर राणा के परिवार को नोटिस भेजकर 5 और 8 जनवरी को पूछताछ के लिए तलब किया गया है. एजेंसी बीते तीन सालों में सिंडिकेट की कमाई और संपत्तियों की जांच कर रही है. इस मामले का मास्टरमाइंड 75 हजार रुपये का इनामी शुभम जायसवाल अभी भी फरार है. उसके खिलाफ जल्द ही रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया जाएगा. इसके अलावा बर्खास्त सिपाही आलोक सिंह और अमित सिंह टाटा की संपत्तियों को भी ईडी खंगाल रही है, जबकि शुभम के पिता भोला जायसवाल से भी आगामी दिनों में पूछताछ होगी.
Lucknow News: सीएम योगी की आवाज में भड़काऊ पोस्ट पर एफआईआर दर्ज
लखनऊ में एक वीडियो को एडिट करके सीएम योगी की आवाज में X पर भड़काऊ और अभद्र पोस्ट डाले जाने पर सुर्ख़ियां बन गई हैं. “Memes of BJP” नाम के अकाउंट @tuvter AI पर यह वीडियो पोस्ट किया गया. भाजपा किसान मोर्चा के नेता नवनीत तिवारी ने सुशांत गोल्फ सिटी थाने में मामले की शिकायत की, जिसके बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
Bahraich News: नशे में कार चढ़ाने से 65 वर्षीय वृद्ध की मौत, पत्नी और बेटा घायल
बहराइच के दरगाह थाना क्षेत्र में एक शराबी ने नशे की हालत में कार चलाते हुए एक ही परिवार के तीन सदस्यों को टक्कर मार दी. हादसे में 65 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और बेटा गंभीर रूप से घायल हुए. घटना के बाद परिजनों ने हंगामा किया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है.
Bulandshahr News: पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़
बुलंदशहर के थाना सिकंदराबाद क्षेत्र में पुलिस ने शातिर लुटेरों के साथ मुठभेड़ की. बीते 4 दिसंबर को हुई वेगनार कार लूट की वारदात के आरोपी प्रवीण के अन्य साथी भागने में सफल रहे. पुलिस ने चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को पैर में गोली लगाकर गिरफ्तार किया. आरोपी के कब्जे से लूटी हुई कार, तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं. पुलिस फरार बदमाशों की तलाश लगातार कर रही है.
Lucknow News: सपा कार्यालय में नव वर्ष की पार्टी
समाजवादी पार्टी कार्यालय में आज नव वर्ष के अवसर पर ‘बाटी-चोखा’ स्नेह भोज का आयोजन किया जा रहा है. कार्यक्रम को लेकर पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने X पर पोस्ट कर अग्रिम शुभकामनाएं दी हैं. उन्होंने लिखा कि ‘बाटी-चोखा’ या ‘लिट्टी-चोखा’ में सिर्फ़ क्षेत्रीय भेद है, और मूलतः दोनों का स्वाद और भावना एक समान है.