UP News Hindi LIVE: ठंड-कोहरे ने यूपी को जकड़ा, लखनऊ में 8 डिग्री गिरा तापमान, प्रदेश के इन जिलों में स्कूल बंद, हापुड़ में 34 लाख की ठगी
यूपी समाचार लाइव: नमस्कार, उत्तर प्रदेश के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है. हम इस लाइव ब्लॉग में प्रदेश की क्राइम, राजनीति और वायरल के अलावा अन्य खबरों को बताएंगे. लखनऊ, कानपुर और नोएडा के अलावा यूपी के 75 जिलों की हर एक बड़ी खबर यहां पढ़ने को मिलेगी. इसलिए जुड़े रहे हमारे साथ इस लाइव ब्लॉग में…
लखनऊ आज सुबह से ही घने कोहरे की चादर में लिपटा नजर आया. हालात ऐसे रहे कि लोगों को दिन में भी वाहनों की हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा. कोहरे और बर्फीली हवाओं के चलते सड़कों पर आवाजाही काफी कम रही और आम जनजीवन प्रभावित हुआ. तापमान गिरकर करीब 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे लोग ठिठुरने को मजबूर हैं. पहाड़ों पर हुई बर्फबारी का असर अब मैदानी इलाकों में भी साफ दिखाई दे रहा है. शीतलहर को देखते हुए प्रशासन ने कक्षा आठवीं तक के सभी स्कूलों को 8 जनवरी तक बंद रखने के आदेश दिए हैं.
पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह के जन्मदिन के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की. इस दौरान पवन सिंह ने खुद धनंजय सिंह को केक खिलाया. कार्यक्रम में पूर्व सांसद धनंजय सिंह के साथ एमएलसी बृजेश सिंह प्रिंसू भी मौजूद रहे. कार्यक्रम लखनऊ के एक होटल में आयोजित किया गया था. इस मौके की तस्वीरें धनंजय सिंह ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा कीं, जो तेजी से वायरल हो गई हैं.
लखनऊ को मिली इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस
लखनऊवासियों और पर्यटकों के लिए खुशखबरी है. राजधानी में अब इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस सेवा शुरू होने जा रही है. पर्यटन मंत्री आज सुबह 10 बजे 1090 चौराहे से लखनऊ दर्शन इलेक्ट्रिक बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. यह बस सेवा आम जनता के लिए 7 जनवरी से नियमित रूप से शुरू हो जाएगी. नई इलेक्ट्रिक बस से लखनऊ के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आधुनिक स्थलों का भ्रमण आसानी से किया जा सकेगा. बस सुबह और शाम दोनों शिफ्ट में उपलब्ध रहेगी. इसके अलावा, 31 जनवरी तक टिकट बुकिंग पर 10 प्रतिशत की विशेष छूट भी रहेगी. वयस्कों के लिए टिकट 500 रुपये और बच्चों के लिए 400 रुपये तय किया गया है. यह कदम राजधानी में पर्यटन को बढ़ावा देने और पर्यटकों के लिए यात्रा को आसान बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है.

लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश में चल रहे ‘मिशन कर्मयोगी’ कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा करेंगे. बैठक में कैपेसिटी बिल्डिंग कमीशन द्वारा किए गए प्रयासों का खाका पेश किया जाएगा और फील्ड स्तर पर कर्मियों के प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. कई विभागों के प्रमुख सचिव भी इस समीक्षा बैठक में मौजूद रहेंगे.
उन्नाव में डिपार्टमेंटल स्टोर में भीषण आग, 30 लाख का सामान जलकर खाक
उन्नाव में देर रात शॉर्ट सर्किट से एक डिपार्टमेंटल स्टोर में अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा स्टोर आग के गोले में बदल गया. इस हादसे में दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
हापुड़ में फैक्ट्री लगाने के नाम पर 34 लाख की ठगी, उद्यमी ने पुलिस से लगाई गुहार
हापुड़ में एक उद्यमी के साथ बड़ी ठगी का मामला सामने आया है. इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स बनाने की फैक्ट्री लगाने के नाम पर गाजियाबाद के एक व्यापारी ने 34 लाख रुपये हड़प लिए. पीड़ित उद्यमी का आरोप है कि आरोपी ने निवेश और फैक्ट्री शुरू कराने का भरोसा देकर उससे बड़ी रकम ले ली, लेकिन न तो फैक्ट्री शुरू हुई और न ही पैसे वापस किए गए. ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने मामले की शिकायत हापुड़ पुलिस से की है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.