UP News Live: आ रही ब्रह्मोस की नई खेप, दुश्मनों का करेंगी काम तमाम… भारतीय सेना को मिलेंगी आज यूपी में बनीं मिसाइलें

0
UP News Live: आ रही ब्रह्मोस की नई खेप, दुश्मनों का करेंगी काम तमाम… भारतीय सेना को मिलेंगी आज यूपी में बनीं मिसाइलें


UP Live News: उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों की खबरों को पढ़ने के लिए न्यूज18 के साथ बने रहें. यहां आपको हर तरह की खबरें मिलेंगी. राज्य में होने वाली बड़ी से बड़ी और छोटी से छोटी खबरें भी मिलेंगी.

वाराणसी में माता अन्नपूर्णेश्वरी के स्वर्णमयी दरबार के खुले कपाट, भक्तों पर बरसेगा खजाना
वाराणसी में आज भक्तों के लिए एक अद्भुत अवसर आया है. माता अन्नपूर्णेश्वरी की स्वर्णमयी प्रतिमा के कपाट विधिवत पूजन और भव्य आरती के बाद खोल दिए गए. सोने के सिक्कों और चांदी के भोग के साथ पूजा-अर्चना संपन्न हुई. साल में केवल पांच दिन ही इस स्वर्णमयी प्रतिमा के दर्शन का सौभाग्य मिलता है. कुछ ही देर में श्रद्धालुओं के लिए दर्शन शुरू होंगे और उन्हें माता के खजाने का प्रसाद बांटा जाएगा. काशी में लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी है, जो इस दिव्य क्षण के साक्षी बनने पहुंची है.

सोनभद्र में अवैध मदरसा प्रकरण पर सख्ती, अंजुमन इस्लामिया कमेटी के सदर समेत कई पर मुकदमा दर्ज
सोनभद्र के राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में संचालित एक अवैध मदरसे को लेकर बड़ा मामला सामने आया है. कोर्ट के आदेश पर अंजुमन इस्लामिया कमेटी के सदर समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. इन पर अवैध मदरसा संचालन और चंदा उगाही के गंभीर आरोप लगाए गए हैं. यह कार्रवाई भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा काशी क्षेत्र के सदस्य अल्ताफ अहमद क़ादरी की शिकायत के बाद की गई. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है.

लखनऊ से आज उड़ान भरेगी ताकत की नई मिसाल: पहली देसी ब्रह्मोस मिसाइल खेप होगी रवाना
देश की रक्षा क्षमता में नया अध्याय जुड़ने जा रहा है. लखनऊ स्थित ब्रह्मोस एयरोस्पेस यूनिट से आज ब्रह्मोस मिसाइल की पहली खेप रवाना होगी. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह 11 बजे मिसाइल को हरी झंडी दिखाएंगे. यह वही मिसाइल है जिसने ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान को करारा जवाब दिया था. लखनऊ यूनिट में बड़े स्तर पर मिसाइलों का निर्माण किया जा रहा है. इसके बाद दोपहर 12:30 बजे राजनाथ सिंह और योगी आदित्यनाथ PTC इंडस्ट्री का दौरा करेंगे और सिस्टम इंटीग्रेशन संकाय के भूमि पूजन में शामिल होंगे.

Saharanpur News: सहारनपुर में रोड रेज का खौफनाक अंजाम, मामूली साइड लगने पर युवक की पीट-पीटकर हत्या
सहारनपुर के नकुड़ थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. खेड़ा अफगान निवासी 42 वर्षीय हामिद अली की रोड रेज में बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. बताया जा रहा है कि हामिद अपनी पिकअप लेकर फंदपुरी की ओर जा रहे थे, तभी खेड़ा अफगान बस स्टैंड के पास उनकी गाड़ी एक कार से साइड लग गई. इसी बात पर कार में सवार 6-7 युवकों से कहासुनी हो गई. युवकों ने हामिद का पीछा किया और उनकी पिकअप रोककर लाठी-डंडों से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल हामिद ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया. घटना के बाद लोगों ने सड़क जाम कर विरोध जताया, वहीं पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.

Ayodhya Deepotsav 2025: रोशनी, रिकॉर्ड और राम भक्ति का संगम
रामनगरी अयोध्या दीपोत्सव के लिए पूरी तरह सजकर तैयार है. धर्मपथ पर डिजिटल रामायण की झांकियां श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रही हैं. दूधिया रोशनी से नहाई सड़कों और सनातन संस्कृति के प्रतीक चिन्हों से शहर की शोभा बढ़ गई है. 26 लाख 1101 दीप जलाकर नया इतिहास रचने की तैयारी है, वहीं 2100 वैदिक बटुक मां सरयू की आरती से विश्व रिकॉर्ड बनाएंगे. तीन दिन तक चलेगा ग्रीन आतिशबाजी, ड्रोन और लेजर शो का भव्य आयोजन. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और पूरी कैबिनेट रहेंगी मौजूद.

Ghaziabad News: गाजियाबाद की महागुन सोसाइटी में पानी से फैली बीमारी, स्वास्थ्य विभाग ने लगाया कैंप
गाजियाबाद की कविनगर थाना क्षेत्र स्थित महागुन सोसाइटी में दूषित पानी से कई लोग बीमार पड़ गए. पिछले कुछ दिनों से निवासियों को उल्टी, दस्त, पेट दर्द और बुखार जैसी समस्याएं हो रही थीं. स्वास्थ्य विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सोसाइटी में स्वास्थ्य शिविर लगाया, जहां करीब 64 लोगों को दवाएं दी गईं. पीने के पानी के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं. अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही कारणों की पुष्टि हो सकेगी.

Varanasi News: वाराणसी में चेन स्नेचरों से पुलिस की मुठभेड़, दोनों बदमाशों के पैरों में लगी गोली
वाराणसी के थाना रोहनिया क्षेत्र के भदवर रोड पर आधी रात पुलिस और चेन स्नेचरों के बीच मुठभेड़ हो गई. पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैरों में गोली मारी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया. ये दोनों आरोपी वाराणसी में चेन स्नेचिंग की कई वारदातों में शामिल थे. पुलिस को चेकिंग के दौरान संदिग्ध बाइक सवारों पर शक हुआ, जिसके बाद मुठभेड़ हुई. घायल बदमाशों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है.

Sonbhadra News: सोनभद्र में तेज रफ्तार का कहर, डिवाइडर से टकराई बाइक, सवार की मौके पर मौत
सोनभद्र के दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के झारो खुर्द रेलवे फाटक के पास तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकरा गई. हादसा इतना भीषण था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और सवार की मौके पर ही मौत हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक की रफ्तार काफी तेज थी जिसके कारण चालक ने नियंत्रण खो दिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है.

Sonbhadra News: सोनभद्र में बड़ी वारदात: चोरों ने आरपीएफ दरोगा को पहाड़ी से धकेला, हालत गंभीर
सोनभद्र जिले के चोपन थाना क्षेत्र के गुरमुरा गांव में चोरों ने आरपीएफ दरोगा वंशीधर पर जानलेवा हमला कर दिया. दरोगा को आरोपियों ने पहाड़ी से धक्का दे दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी रेफर किया गया है. पुलिस ने घटना में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश जारी है. घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है.

Ghaziabad Latest News: गाजियाबाद में 650 किलो घटिया पनीर नष्ट, खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई
गाजियाबाद में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा से बिक्री के लिए लाया गया 650 किलो पनीर नष्ट कराया. जांच में पनीर की गुणवत्ता ठीक नहीं पाई गई. विभाग ने मौके से नमूने लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं. इसके साथ ही बुलंदशहर से राकेश मार्ग पर बिक्री के लिए लाया गया 25 किलो पनीर भी खराब गुणवत्ता के चलते नष्ट किया गया. अधिकारियों का कहना है कि मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

Ghaziabad Today News: गाजियाबाद में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़, रंगदारी मांगने वाला आरोपी घायल होकर गिरफ्तार

गाजियाबाद के टीलामोड़ थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई. जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया. आरोपी कैलाश कुछ दिन पहले खनन व्यापारी से रंगदारी मांगने के मामले में फरार था. पुलिस ने उसके पास से अवैध असलहा, मोबाइल फोन और चोरी की बाइक बरामद की है. घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है.

Lucknow News: लखनऊ में ज्वेलरी शॉप से करोड़ों की चोरी, भरोसेमंद ग्राहक निकला चोर
लखनऊ के चौक सर्राफा बाजार में स्थित ओपी ज्वेलर्स से करोड़ों के जेवर चोरी होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. दुकान के मालिक ओमप्रकाश सोनी ने व्यापारी राजन सोनी पर चोरी का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है. राजन पिछले एक साल से नियमित ग्राहक था और 30 सितंबर को ओपी सोनी की बेटी का ध्यान भटका कर उसने जेवर चुरा लिए. सीसीटीवी फुटेज में खुलासा हुआ कि आरोपी इससे पहले भी तीन बार चोरी कर चुका है. कुछ जेवर लौटाने के बाद उसने बाकी लौटाने से इनकार करते हुए जान से मारने की धमकी दी. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *