UP News Live: प्रयागराज में ज्योतिष्पीठ के शंकराचार्य पर टिकी निगाहें, मेरठ में ‘वसूलीबाज’ दरोगा गिरफ्तार और एम्बुलेंस से शराब तस्करी, पढ़ें यूपी की बड़ी खबरें

0
UP News Live: प्रयागराज में ज्योतिष्पीठ के शंकराचार्य पर टिकी निगाहें, मेरठ में ‘वसूलीबाज’ दरोगा गिरफ्तार और एम्बुलेंस से शराब तस्करी, पढ़ें यूपी की बड़ी खबरें


UP Breaking News Today Live: उत्तर प्रदेश में आज कानूनी और आपराधिक गतिविधियों के लिहाज से बड़ा दिन है. प्रयागराज में जहां ज्योतिष्पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के खिलाफ यौन शोषण के आरोपों पर अदालत अपना फैसला सुना सकती है, वहीं मेरठ में खाकी को दागदार करने वाले दरोगाओं पर बड़ी कार्रवाई हुई है. बहराइच में भेड़िये का आतंक जारी है, तो अमेठी में पुलिस ने ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ के तहत गौकश को ढेर किया है.

प्रयागराज: शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद पर FIR होगी या नहीं? दोपहर 12 बजे फैसला
प्रयागराज की एडीजे रेप एंड पोक्सो स्पेशल कोर्ट आज दोपहर 12 बजे एक बेहद संवेदनशील मामले में अपना फैसला सुनाएगी. ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती पर नाबालिगों के यौन शोषण का आरोप है. शाकुंभरी पीठाधीश्वर आशुतोष ब्रह्मचारी ने धारा 173(4) के तहत एफआईआर दर्ज करने की मांग की है. 13 फरवरी को कोर्ट में दो नाबालिगों के बयान वीडियोग्राफी के साथ दर्ज किए गए थे. वादी ने कोर्ट को एक कथित सीडी भी सौंपी है. कोर्ट ने पिछली सुनवाई पर फैसला सुरक्षित रख लिया था. अगर आज कोर्ट एफआईआर का आदेश देता है, तो शंकराचार्य की मुश्किलें बढ़ सकती हैं.

मेरठ: 20 लाख की रंगदारी वसूलने वाले दो दरोगा गिरफ्तार
मेरठ में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दरोगा लोकेंद्र साहू और महेश कुमार को प्रयागराज से गिरफ्तार किया है. इन पुलिसकर्मियों ने एक धागा कारोबारी को डरा-धमकाकर 20 लाख रुपये की रंगदारी वसूली थी. एसएसपी अविनाश पांडेय ने इन्हें पहले ही निलंबित कर दिया था. ये दोनों हाईकोर्ट से स्टे लेने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही दबोच लिए गए. थाना प्रभारी योगेश चंद्र को भी सस्पेंड कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है.

बहराइच: भेड़िये का फिर खौफ, 5 साल के मासूम पर हमला
बहराइच के कैसरगंज क्षेत्र में आदमखोर भेड़िये का आतंक खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है. लोनियन पुरवा गांव में घर के बाहर सो रहे 5 साल के बच्चे आदित्य पर भेड़िये ने हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया. मां के शोर मचाने पर भेड़िया बच्चे को छोड़कर भाग निकला. घायल आदित्य को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है.

अमेठी: ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ में गौकश जुनैद को लगी गोली
अमेठी की इन्हौना थाना पुलिस और गौकशों के बीच मुठभेड़ हुई है. सेमरौता मार्ग पर हुई इस फायरिंग में शातिर अपराधी जुनैद अहमद के पैर में गोली लगी है. पुलिस ने जुनैद के साथ उसके 6 अन्य साथियों को भी गिरफ्तार किया है. जुनैद को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

आगरा: एम्बुलेंस से ढोई जा रही थी ‘अंग्रेजी शराब’
आगरा पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक ऐसी एम्बुलेंस पकड़ी है जिसमें मरीजों की जगह शराब भरी थी. हरियाणा ब्रांड की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई है, जिसकी कीमत करीब 3.60 लाख रुपये है. पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया है जो हरियाणा से शराब लाकर यूपी के जिलों में सप्लाई करते थे.

उन्नाव: होटल की तीसरी मंजिल से कूदा युवक, मौत से पहले का CCTV आया सामने
उन्नाव के होटल ‘आवा कॉन्टिनेंटल’ में एक युवक की तीसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई. घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें युवक एक बच्ची को गोद में लेकर हॉल तक आता है, फिर उसे उतारकर अचानक सीढ़ियों की तरफ भागता है. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सीसीटीवी के आधार पर जांच कर रही है.

यूपी पुलिस का बड़ा अभियान: 88 हजार से ज्यादा गुमशुदा लोग मिले
डीजीपी मुख्यालय से जारी आंकड़ों के मुताबिक, यूपी पुलिस ने 1 जनवरी 2024 से 18 जनवरी 2026 के बीच लापता हुए 1,08,372 लोगों में से 88,022 लोगों को खोज निकाला है. पुलिस का रिकवरी रेट 81.22% रहा है. अभी भी 20,350 लोग लापता हैं, जिनकी तलाश के लिए डीजीपी राजीव कृष्ण ने सभी पुलिस कप्तानों को सख्त निर्देश जारी किए हैं.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों