UP News Live: बरेली बवाल का आरोपी तौकीर रजा आज कोर्ट में होगा पेश, महोबा में अनियंत्रित ट्रैक्टर ने 4 छात्रों को रौंदा

0
UP News Live: बरेली बवाल का आरोपी तौकीर रजा आज कोर्ट में होगा पेश, महोबा में अनियंत्रित ट्रैक्टर ने 4 छात्रों को रौंदा


UP News Update in Hindi: अगर आपको उत्तर प्रदेश से जुड़ी आज की मुख्य और ताजा खबरें पढ़नी हैं तो यहां पर आपको सब जानकारी मिलेगी. यहां आपको शहर और उसके आस-पास की बड़ी खबरों के अलावा अलग-अलग स्थानों पर होने वाले घटनाक्रमों के बारे में भी सब पढ़ने को मिलेगा, तो जुड़े रहिए न्यूज 18 के साथ…

महोबा: अनियंत्रित ट्रैक्टर ने 4 छात्रों को रौंदा, 2 की मौत, 2 घायल

महोबा जिले के महोबकंठ थाना क्षेत्र में झांसी-मिर्जापुर एनएच मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक सवार चार छात्रों को कुचल दिया, जिसमें दो छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं. हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है. घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल है, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

प्रयागराज: बंदर ने पेड़ पर चढ़कर उड़ाए 500-500 रुपये, नोटों की बारिश देख लोग हुए हैरान
प्रयागराज के सोरांव तहसील क्षेत्र में एक बंदर का अजीबोगरीब कारनामा सामने आया है. गंगानगर जोन के आज़ाद सभागार के सामने एक युवक अपनी बाइक की डिग्गी में रुपये से भरा झोला रखकर रजिस्ट्री कराने गया था. इसी दौरान एक बंदर बाइक के पास आया, डिग्गी खोली और झोला निकालकर पास के पीपल के पेड़ पर चढ़ गया. जब लोगों ने बैग वापस लेने की कोशिश की, तो बंदर ने बैग से नोट निकालकर पेड़ से 500-500 रुपये के नोटों की बारिश शुरू कर दी. मौके पर अफरातफरी मच गई और लोग नोट बटोरने लगे. बाद में स्थानीय लोगों ने रुपये युवक को लौटा दिए. बंदर की यह हरकत सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है.

बरेली: मौलाना तौकीर रजा की आज कोर्ट में पेशी, 27 सितंबर से फतेहगढ़ जेल में बंद

मौलाना तौकीर रजा की आज बरेली के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेशी होगी. सूत्रों के मुताबिक पेशी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए होने की संभावना है. मौलाना तौकीर रजा 27 सितंबर से फतेहगढ़ जेल में बंद हैं और उनके खिलाफ करीब 10 मुकदमे दर्ज हैं. उन पर 26 सितंबर 2025 को बरेली में उपद्रव भड़काने का आरोप है. पुलिस ने 2019 में सीएए विरोध प्रदर्शन के दौरान दिए गए भड़काऊ बयान के मामले में भी उनकी कस्टडी डिमांड की है. मौलाना के खिलाफ थाना कोतवाली और थाना बारादरी में कई मुकदमे दर्ज हैं.

कानपुर: अनवरगंज में औषधि विभाग की बड़ी कार्रवाई, मेडिकल स्टोर से हजारों नशीली दवाएं बरामद

कानपुर के अनवरगंज क्षेत्र में औषधि विभाग की टीम ने एक मेडिकल स्टोर पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित दवाएं बरामद की हैं. टीम को मौके से करीब 2000 शीशियां कफ सीरप और 9000 नींद की गोलियां मिलीं. बताया जा रहा है कि मेडिकल स्टोर पर बिना बिल के दवाओं का भंडारण किया जा रहा था. विभाग ने मौके से दवाओं के नमूने जब्त कर सील कर दिए हैं. जांच के लिए ये नमूने वाराणसी की लैब भेजे जाएंगे. विभाग मामले की विस्तृत जांच में जुटा है.

मेरठ: कार शोरूम की मनमानी के खिलाफ किसानों का धरना

मेरठ के थाना परतापुर क्षेत्र स्थित मारुति नेक्सा शोरूम पर किसानों ने जमकर हंगामा और धरना प्रदर्शन किया. आरोप है कि एक किसान ने अपनी बेटी की शादी के लिए कार बुक की थी और ₹4 लाख एडवांस भी दे दिया था, लेकिन डिलीवरी के समय शोरूम संचालक ने वही कार किसी और ग्राहक को दे दी. जब किसान को यह बात पता चली तो उसने ग्रामीणों के साथ शोरूम के बाहर धरना शुरू कर दिया. मौके पर पुलिस पहुंची और समझाने-बुझाने के बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया.

संभल: मीट कारोबारियों के ठिकानों पर आयकर विभाग की बड़ी छापेमारी

संभल जिले में सोमवार सुबह आयकर विभाग की टीमों ने मीट कारोबारियों के ठिकानों पर एक साथ बड़ी कार्रवाई की. चार टीमों में शामिल 100 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी करीब 70 कारों के काफिले के साथ पहुंचे. टीमों ने कारोबारियों के प्रतिष्ठानों और घरों में घुसकर दस्तावेजों की गहन जांच शुरू की. देर रात तक छानबीन का सिलसिला जारी रहा. बताया जा रहा है कि यह छापेमारी संभल जिले में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है. आयकर विभाग को कारोबार में बड़े वित्तीय अनियमितताओं की आशंका है.

लखनऊ: यूपी में शुरू हुआ ‘जीरो पावर्टी-उत्तर प्रदेश अभियान’

उत्तर प्रदेश सरकार ने गरीबी उन्मूलन के उद्देश्य से ‘जीरो पावर्टी-उत्तर प्रदेश अभियान’ के लिए राज्य स्तरीय शासी निकाय का गठन किया है. मुख्य सचिव की अध्यक्षता में गठित यह निकाय नीतिगत निर्णय लेगा और गरीब परिवारों को सरकारी योजनाओं में प्राथमिकता देगा. अभियान के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत में 10 से 25 सबसे गरीब परिवारों की पहचान कर उनके जीवन स्तर में सुधार पर फोकस किया जाएगा. सरकार इन परिवारों का डिजिटल डेटाबेस तैयार कर योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने की तैयारी में है.

लखनऊ: सहादतगंज कैंट क्षेत्र में आर्मी के जाल में फंसा तेंदुआ

लखनऊ के कैंट थाना क्षेत्र के सहादतगंज इलाके में आर्मी द्वारा लगाए गए जाल में एक तेंदुआ फंस गया. कई महीनों से क्षेत्र के जंगलों में तेंदुए के विचरण की सूचना मिल रही थी, जिसके बाद आर्मी ने विशेष जाल लगाया था. आज सुबह जाल में तेंदुआ फंसने की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम और डीएफओ मौके पर पहुंचे. तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने और जंगल में छोड़े जाने की तैयारी की जा रही है. घटना से इलाके में दहशत के साथ-साथ राहत का माहौल भी है.

मुरादाबाद: हॉस्पिटल में चोरी करते पकड़े गए चोरों को गार्ड ने दी ‘तालिबानी सजा’

मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा थाना क्षेत्र स्थित एसएमआर हॉस्पिटल में चोरी करते पकड़े गए तीन चोरों को गार्ड ने ‘तालिबानी सजा’ दे दी. जानकारी के अनुसार, हॉस्पिटल में निर्माण कार्य चल रहा था, इसी दौरान तीन युवक लोहे का सामान चोरी कर रहे थे. गार्ड ने रंगे हाथों पकड़े जाने पर उन्हें मुर्गा बनाकर डंडों से जमकर पिटाई की. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. वीडियो में तीनों चोरों को मुर्गा बने और गार्ड द्वारा पिटाई करते देखा जा सकता है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

लखनऊ: शिया धर्मगुरु मौलाना कल्बे जव्वाद पर हमले के प्रयास में एफआईआर दर्ज

लखनऊ के कर्बला अब्बास बाग इलाके में शिया धर्मगुरु मौलाना कल्बे जव्वाद की कार पर हमले के प्रयास का मामला सामने आया है. ठाकुरगंज थाने में छह नामजद और 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. आरोप है कि कल देर शाम विवादित वक्फ ज़मीन पर निर्माण की जानकारी मिलने पर मौलाना कल्बे जव्वाद मौके पर पहुंचे थे, तभी कुछ लोगों ने उनकी कार को घेर लिया और धार्मिक, भड़काऊ नारेबाजी की. मौलाना का कहना है कि भीड़ ने उनकी कार का शीशा तोड़ने की कोशिश भी की. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

हापुड़: ज्योति कॉलोनी में पुलिस ने पकड़ा पटाखों का जखीरा

हापुड़ देहात के ज्योति कॉलोनी में पुलिस ने अवैध रूप से रखे गए भारी मात्रा में पटाखों का ज़खीरा बरामद किया है. सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घर में छापेमारी की, जहां कई कार्टूनों में भरे पटाखे मिले. मौके से उमेश नाम के एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है. दीपावली से पहले इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है. पुलिस अब यह जांच कर रही है कि ये पटाखे कहां से लाए गए और इनका उपयोग या बिक्री किस उद्देश्य से की जा रही थी.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *