UP News Live: रीवा से शंकरगढ़ आ रही स्कूल वैन पलटी, आठ बच्चे घायल, लखनऊ में 4 आईपीएस अफसरों के तबादले
UP News Update in Hindi: अगर आपको उत्तर प्रदेश से जुड़ी आज की मुख्य और ताजा खबरें पढ़नी हैं तो यहां पर आपको सब जानकारी मिलेगी. यहां आपको शहर और उसके आस-पास की बड़ी खबरों के अलावा अलग-अलग स्थानों पर होने वाले घटनाक्रमों के बारे में भी सब पढ़ने को मिलेगा, तो जुड़े रहिए न्यूज 18 के साथ…
जौनपुर के जफराबाद क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के नेता की दबंगई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. नगर पंचायत कचगांव में सपा के मल्हनी विधानसभा अध्यक्ष निजामुद्दीन पर आरोप है कि उन्होंने साइड मांगने पर दलित ट्रैक्टर चालक प्रमोद गौतम की बाजार में पिटाई कर दी. बताया गया कि घटना के दौरान निजामुद्दीन के बेटे नवी अहमद और भांजे सेजर भी मौजूद थे और उन्होंने भी मारपीट में साथ दिया. पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दो को हिरासत में लिया है. जांच जारी है.
रीवा से शंकरगढ़ आ रही स्कूल वैन पलटी, आठ बच्चे घायल
प्रयागराज के शंकरगढ़ क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब मध्यप्रदेश के रीवा जिले के जनेह इलाके से आ रही एक स्कूल वैन हादसे का शिकार हो गई. तेज रफ्तार वैन सुबह करीब साढ़े सात बजे अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे पलट गई. वैन में चिल्ड्रन पब्लिक स्कूल शंकरगढ़ के आठ बच्चे सवार थे, जिनमें कई घायल हो गए. सभी बच्चों का इलाज शंकरगढ़ के निजी अस्पताल में चल रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है. बच्चों ने बताया कि ड्राइवर नशे में नहीं था, लेकिन वैन की हालत खराब थी. वाहन में अवैध गैस किट लगी थी, जिससे बड़ा हादसा भी हो सकता था.
तालिबान के विदेश मंत्री अमीर खान मुत्तकी आज देवबंद पहुंचेगे, महिला पत्रकारों की एंट्री पर रोक
तालिबान के विदेश मंत्री अमीर खान मुत्तकी आज थोड़ी देर में देवबंद के दारुल उलूम पहुंचेंगे. वे सड़क मार्ग से दिल्ली से देवबंद आ रहे हैं और यहां करीब पांच घंटे तक रुकेंगे. मुत्तकी के दौरे को देखते हुए दारुल उलूम में किसी भी महिला पत्रकार को प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई है. इससे पहले दिल्ली में उनके कार्यक्रम में भी महिला पत्रकारों को एंट्री नहीं मिली थी. देवबंद में वे दारुल उलूम के मोहतमिम मुफ्ती अबुल कासिम नोमानी, जमीयत उलेमा-ए-हिंद के अध्यक्ष मौलाना अरशद मदनी और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे.
बहेड़ी में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़, वांछित अपराधी जैश मोहम्मद घायल

बरेली के बहेड़ी थाना क्षेत्र के सिरसा इलाके में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई. गिरफ्तारी के दौरान बदमाश जैश मोहम्मद ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिस पर पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की. मुठभेड़ में गोली लगने से जैश मोहम्मद घायल हो गया. पुलिस ने उसे घेराबंदी कर गिरफ्तार किया. उसके पास से तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किए गए. बताया जा रहा है कि जैश मोहम्मद अपने पड़ोसी पर जानलेवा हमले का वांछित आरोपी है और मामूली कहासुनी में फायरिंग के लिए कुख्यात है. घायल बदमाश को जिला अस्पताल भेजा गया.
चंदौली में एशिया की सबसे बड़ी मछली मंडी का शुभारंभ
उत्तर प्रदेश में मत्स्य पालन के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए चंदौली में एशिया की सबसे बड़ी और अत्याधुनिक मछली मंडी का लोकार्पण आज होगा. 65 करोड़ रुपये की लागत से बनी यह मछली मंडी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शनिवार को वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया जाएगा. देश की पहली स्टेट-ऑफ-द-आर्ट होलसेल फिश मार्केट चंदौली के नवीन मंडी परिसर में लगभग एक हेक्टेयर क्षेत्र में स्थापित की गई है. यह मंडी मत्स्य पालन को नई दिशा देने के साथ हजारों लोगों के लिए रोजगार का अवसर भी प्रदान करेगी.
UP स्टेट कैपिटल रीजन में विकास की नई उड़ान
उत्तर प्रदेश सरकार लखनऊ समेत छह जिलों- सीतापुर, हरदोई, बाराबंकी, उन्नाव और रायबरेली को मिलाकर स्टेट कैपिटल रीजन (SCR) तेजी से विकसित कर रही है. SCR के लखनऊ में सेंट्रल म्यूजियम का निर्माण होगा, जहां AI जनरेटेड 3D विजुअल के जरिए पर्यटन स्थलों का प्रदर्शन किया जाएगा. म्यूजियम में SCR से जुड़े ऐतिहासिक व प्रमुख स्थलों की जानकारी मिलेगी. साथ ही, औद्योगिक विकास के साथ सीतापुर-हरदोई रोड पर कृषि हब भी बनाया जाएगा, जिससे क्षेत्र में निवेश और पर्यटन दोनों को बढ़ावा मिलेगा.
Meerut News: रिस्पॉन्सिबिलिटी निभाने वाले ट्रैफिक इंस्पेक्टर को मिली पनिशमेंट
Meerut News Live: मेरठ में रिस्पॉन्सिबिलिटी निभाने वाले ट्रैफिक इंस्पेक्टर (TI ) को ही पनिशमेंट दे दी गई. दरअसल, पूरा मामला बुधवार का है जब रेलवे रोड चौराहे के पास भाजपा कार्यकर्ता आशीष बिना हेलमेट और ट्रिपल राइडिंग करते हुए पाए गए. ट्रैफिक प्रभारी विनय शाही ने नियमों के तहत उन्हें रोका और 8000 का चालान काट दिया. आशीष ने इस पर भाजपा पार्षद अरुण मचल को कॉल कर सिफारिश की कोशिश की. मौके पर पहुंचे अरुण मचल खुद भी गलत दिशा से बुलेट बाइक चलाकर पहुंचे, जिसे देख TI विनय शाही ने नियमों का हवाला देते हुए उनका भी 9000 का चालान काट दिया. इससे नाराज़ पार्षद और भाजपा कार्यकर्ता मौके पर हंगामा करने लगे. बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक नोकझोंक होती रही, लेकिन TI विनय शाही नियमों पर अड़े रहे और कोई सिफारिश नहीं मानी. मगर, अब भाजपा नेताओं की शिकायत के बाद एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने उन्हें तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया और उनकी जगह संतोष कुमार सिंह को नया ट्रैफिक प्रभारी नियुक्त किया गया है.
UP Politics: मेटा सरकारों के हाथों गुलाम हो गई: मोनज काका

UP News Today: समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता मनोज सिंह काका ने फेसबुक पोस्ट लिखकर अपना गुस्सा जाहिर किया है. उन्होंने लिखा- भारत की तीसरी सबसे बड़ी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूरी दुनिया में समाजवाद न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों के बड़े पैरोकार राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का फेसबुक पेज डिएक्टिवेट करना ये दर्शाता है कि स्वतंत्र अभिव्यक्ति के प्रति प्रतिबद्धता मेटा, मेटा इंडिया की भी अब सरकारों के हाथों गुलाम हो गई है. मेटा से अपील है अखिलेश यादव के पेज यथाशीघ्र एक्टिव किया जाए.
Lucknow News: लखनऊ में 4 आईपीएस अफसरों के तबादले
Lucknow News Live: प्रदेश सरकार ने चार आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं. आशीष श्रीवास्तव को एसपी सुरक्षा मुख्यालय लखनऊ बनाया गया है. विक्रांतवीर को डीसीपी पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ की जिम्मेदारी मिली है. अनिल कुमार सिंह को भी एसपी सुरक्षा मुख्यालय लखनऊ नियुक्त किया गया है, जबकि अनिरुद्ध कुमार को सेनानायक 28वीं वाहिनी पीएसी इटावा बनाया गया है. इन तबादलों के बाद पुलिस महकमे में नई कार्यशैली की उम्मीद जताई जा रही है.
Amroha News: अवैध खनन में पुलिस कर्मचारियों की संलिप्ता, पूरी चौकी निलबिंत

UP News Update: अमरोहा में अवैध खनन को लेकर अमरोहा पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद ने बड़ी कार्यवाही करते हुए थाना देहात एसओ को लाइन हाजिर कर दिया. साथ ही एक पूरी चौकी को ही निलंबित कर दिया है. विभागीय कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं. अमरोहा में अवैध खनन में पुलिस कर्मचारियों की संलिप्ता की शिकायत के बाद सीओ नौगांवा सादात द्वारा जांच की जा रही थी. जांच में शिकायत सही पाए जाने पर अमरोहा पुलिस अधीक्षक द्वारा बड़ी कार्रवाई की गई.
Sonbhadra News: सोनभद्र में दो बच्चों की मां प्रेमी संग फरार, पति-ससुराल को नशीला पदार्थ खिलाने का आरोप
Today News: सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र से चौंकाने वाला मामला सामने आया है. दो बच्चों की मां अपने प्रेमी संग फरार हो गई. आरोप है कि महिला ने अपने पति और ससुराल वालों को नशीला पदार्थ खिलाकर घटना को अंजाम दिया. पीड़ित परिवार का आरोप है कि महिला के प्रेमी और उसके साथियों ने घर में घुसकर जान से मारने की धमकी भी दी. इस मामले में एससी-एसटी कोर्ट ने प्रभारी निरीक्षक रॉबर्ट्सगंज को मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं.
लोकनायक जय प्रकाश नारायण जयंती पर सपा का श्रद्धांजलि आयोजन, JPNIC पर बढ़ाई गई सुरक्षा
आज लोकनायक जय प्रकाश नारायण की जयंती पर समाजवादी पार्टी श्रद्धांजलि सभा का आयोजन करेगी. सपा मुख्यालय में जय प्रकाश नारायण को श्रद्धांजलि दी जाएगी. वहीं, सुरक्षा के मद्देनज़र पुलिस ने JPNIC सेंटर पर बंदोबस्त बढ़ा दिया है. वर्ष 2023 में अखिलेश यादव बिना अनुमति JPNIC सेंटर पहुंच गए थे और 8 फीट ऊंची दीवार कूदकर जय प्रकाश नारायण की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया था. बीते वर्ष भी सपा प्रमुख के वहां जाने को लेकर विवाद हुआ था. इस बार पुलिस ने पहले ही JPNIC पर बैरिकेडिंग कर रोक लगा दी है.
गाजीपुर दौरे पर आज सीएम योगी आदित्यनाथ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज गाजीपुर के दौरे पर रहेंगे. वे जखनिया के हथियाराम मठ पहुंचकर मां सिद्धिदात्री मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे. इसके बाद मठ में प्रबुद्ध जनों से संवाद करेंगे. सीएम योगी भुड़कुड़ा मठ भी जाएंगे, जहां दर्शन-पूजन के बाद महंत रामाश्रय दास पीजी कॉलेज पहुंचेंगे. कॉलेज में वे महंत रामाश्रय दास की प्रतिमा का अनावरण करेंगे और प्रबुद्ध जनों से संवाद करेंगे.
लखनऊ में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, अजय सिंह उर्फ अमरजीत घायल, साथी फरार
लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में पुलिस और कार सवार बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई. बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की, जवाबी कार्रवाई में अजय सिंह उर्फ अमरजीत गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी गुरु सेवक फायरिंग करते हुए फरार हो गया. दोनों पर बुद्धेश्वर निवासी योगेश पाल की हत्या और उसकी अर्टिगा कार लूटने का आरोप है. घटना 29 सितंबर की है. पुलिस ने योगेश की अर्टिगा कार, तमंचा और कारतूस अजय से बरामद किए. अजय शाहजहांपुर में ट्रैवलर चालक की हत्या व लूट में भी आरोपी है. घायल को रानी लक्ष्मीबाई अस्पताल भेजा गया, फरार बदमाश की तलाश जारी है.
भ्रष्टाचार के खिलाफ आगरा CP की बड़ी कार्रवाई, कई पुलिसकर्मी सस्पेंड
भ्रष्टाचार के खिलाफ आगरा पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने बड़ी कार्रवाई की है. हेल्पलाइन नंबर पर मिली शिकायतों के आधार पर 1 इंस्पेक्टर, 2 सब इंस्पेक्टर, 1 हेड कांस्टेबल और 2 कांस्टेबलों को निलंबित किया गया है. वहीं, दो पुलिसकर्मियों को सेवा से बर्खास्त और दो को लाइन हाजिर किया गया है. सीपी ने 10 दिन पहले ही भ्रष्टाचार शिकायत हेल्पलाइन जारी की थी. शिकायतें मिलने पर गुप्त जांच कर दोषी पाए जाने के बाद कार्रवाई की गई. इस कदम से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा है.