UP News Live: पीलीभीत में सुबह-सुबह 3 सड़क हादसे, कानपुर में 200 कुंटल पटाखे बरामद, गोदाम सीज
UP News and Updates in Hindi: अगर आपको उत्तर प्रदेश से जुड़ी आज की मुख्य और ताजा खबरें पढ़नी हैं तो यहां पर आपको सब जानकारी मिलेगी. यहां आपको शहर और उसके आस-पास की बड़ी खबरों के अलावा अलग-अलग स्थानों पर होने वाले घटनाक्रमों के बारे में भी सब पढ़ने को मिलेगा, तो जुड़े रहिए न्यूज 18 के साथ
जौनपुर में बरसठी-निगोह रोड पर दर्दनाक हादसा हो गया, जहां तेज रफ्तार अनियंत्रित ऑटो पलट गया. हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 छात्राएं घायल हुईं. घायलों में दो महिलाओं की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है. बताया जा रहा है कि सभी कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राएं दिवाली की छुट्टी पर घर जा रही थीं. सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल छात्राओं को अस्पताल पहुंचाया और चालक व ऑटो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.
अयोध्या में फिर रचेगा इतिहास: दीपोत्सव में गिनीज टीम करेगी रिकॉर्ड काउंटिंग, 26 लाख दीपों से जगमगाएगी नगरी
अयोध्या में दीपोत्सव की तैयारियां इस बार ऐतिहासिक स्तर पर हैं. गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की करीब 150 सदस्यीय टीम अयोध्या पहुंच चुकी है, जो बिछाए गए दीपों की तकनीकी काउंटिंग करेगी. एडवाइजर निश्चल बारूल के अनुसार, तीन अलग-अलग पद्धतियों — सॉफ्टवेयर, ड्रोन और डिजिटल सिस्टम — से काउंटिंग की जाएगी. इस बार 26 लाख 1,11,101 दीप जलाने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि 29 लाख दीप ग्राउंड पर बिछाए जा रहे हैं. सरयू तट पर एक साथ 2100 लोग महाआरती करेंगे, जिसके लिए अलग से रिकॉर्ड बनाने की तैयारी चल रही है. करीब 190 लोगों की टीम दीपोत्सव में लगातार कार्यरत है.
Etah News: दिवाली से पहले पुलिस अलर्ट मोड पर, ड्रोन कैमरों से हुआ सर्वे
एटा में आगामी त्योहारों को देखते हुए पुलिस पूरी तरह सतर्क मोड में आ गई है. एएसपी के निर्देश पर मलावन पुलिस ने आबादी वाले इलाकों में ड्रोन कैमरों से सर्वे किया. त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है. अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे दीपावली का पर्व शांति और सौहार्द के साथ मनाएं. वहीं, पुलिस ने सोशल मीडिया पर कड़ी नजर रखने की बात कही है. किसी भी तरह की अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
Kanpur News: आम्रपाली एक्सप्रेस ट्रेन में टाइम बम… धमकी से दहल उठा कानपुर स्टेशन, अब धरे गए 2 भाई
कानपुर में आम्रपाली एक्सप्रेस ट्रेन को टाइम बम से उड़ाने की धमकी देने वाले दो आरोपियों को जीआरपी पुलिस ने कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया. दोनों सगे भाइयों ने मिलकर कंट्रोल रूम पर धमकी दी थी, जिसके बाद रेलवे में हड़कंप मच गया था. कई घंटे तक चला सघन चेकिंग अभियान, जिससे रेलवे यातायात भी प्रभावित हुआ. जीआरपी की स्पेशल टीम ने दोनों को रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया.
Sonbhadra News: रॉबर्ट्सगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक कुंतल अवैध पटाखे के साथ आरोपी गिरफ्तार

सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध पटाखों का जखीरा बरामद किया है. पुलिस ने एक टोटो से 11 बोरियों में भरे कुल एक कुंतल अवैध पटाखे जब्त किए. मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. बताया जा रहा है कि आरोपी इन पटाखों को तस्करी के लिए ले जा रहा था. यह कार्रवाई रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के ब्रह्मनगर इलाके में की गई. पुलिस ने बरामद पटाखों को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है. त्योहारों से पहले की गई इस कार्रवाई से प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है.
हाथरस मुठभेड़ मामला: पुलिस बैकफुट पर, थाना अध्यक्ष और एंटी थेफ्ट प्रभारी निलंबित
हाथरस में हुए चर्चित मुठभेड़ मामले में पुलिस बैकफुट पर आ गई है. एसपी ने थाना अध्यक्ष ममता सिंह और एंटी थेफ्ट प्रभारी को निलंबित कर दिया है. मुठभेड़ के बाद जेल भेजे गए आरोपित ओमवीर और सोनू को कोर्ट के आदेश पर रिहा कर दिया गया. पुलिस ने इस मामले में दर्ज मुकदमे में अंतिम रिपोर्ट लगा दी है. वहीं, मुठभेड़ के विरोध में हुए प्रदर्शन के बाद गठित जांच कमेटी पूरे प्रकरण की जांच कर रही है. यह मामला कोतवाली मुरसान क्षेत्र में लूट के प्रयास के दौरान हुई कथित मुठभेड़ से जुड़ा है.
शिक्षक खंड MLC चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी ने सुशील कुमार पटेल को किया प्रत्याशी घोषित

लखनऊ में शिक्षक खंड के MLC चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) ने बड़ा ऐलान किया है. पार्टी ने सुशील कुमार पटेल को अपने प्रत्याशी के रूप में घोषित किया है. सुशील कुमार पटेल का नाम शिक्षक खंड में सपा की उम्मीदवारी के लिए रखा गया है, जिससे चुनावी समीकरण और रोचक हो गए हैं. यह निर्णय सपा के रणनीतिक कदम के रूप में देखा जा रहा है, ताकि पार्टी शिक्षक मतदाताओं में अपनी पकड़ मजबूत कर सके. सपा की ओर से अब सुशील कुमार पटेल की प्रचार यात्रा और मतदाताओं से संपर्क अभियान शुरू किया जाएगा.
Meerut News: अयोध्या में जगमगाएंगे मेरठ के दीए, कुम्हारों में खुशी, योगी सरकार को धन्यवाद
मेरठ के कुम्हारों ने इस दीपावली के लिए हजारों की संख्या में दीए अयोध्या भेजे. खासकर रावण की ससुराल वाले दीए और गणेश-लक्ष्मी वाले आकर्षक दीए भक्तों को खूब भा रहे हैं. इको-फ्रेंडली दीए और हिरण, कछुए जैसे अनोखे डिज़ाइन वाले दीए की डिमांड सबसे अधिक है. दीपक की दुकानों पर श्री राम के भक्तों की भारी भीड़ लगी रहती है. कुम्हार दीयों की बेहिसाब बिक्री से उत्साहित हैं और योगी सरकार को इस सुविधा के लिए धन्यवाद दे रहे हैं. अयोध्या में इस बार दीपावली मेरठ के दीयों की जगमगाहट से और भी खास होने वाली है.
Bijnor News: कोटद्वार रोड पर डंपरों की लंबी लाइन, बिना नंबर प्लेट के वाहनों से हो रहा अवैध खनन, प्रशासन पर उठे सवाल
बिजनौर के नजीबाबाद तहसील क्षेत्र में वीरूवाला नदी से बिना रॉयल्टी खनन का मामला सामने आया है. कोटद्वार रोड पर डंपरों की लंबी लाइन लगी है और बिना नंबर प्लेट वाले वाहन नदी से मिट्टी निकाल रहे हैं. कुछ वाहन चालकों ने नंबर नहीं मिलने पर हंगामा भी किया. चुनिंदा वाहन चालकों ने अपने विरोध का इशारा भी किया. प्रशासन की सख्ती केवल रोड पर नजर आती है, जबकि नदी पर कोई चेकिंग नहीं होती. बिना नंबर वाले डंपरों के सड़कों पर दौड़ लगाने से प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं.
Piliphit News: मजाकिया अंदाज में बोले एसपी अभिषेक यादव- रात 3 बजे जो गायब हुआ, उसे हमने ही उठाया
पीलीभीत में कल मुशायरे के दौरान एसपी अभिषेक यादव ने मजाकिया अंदाज में एक बयान दिया. उन्होंने कहा, “रात में 3 बजे कोई गायब हुआ है तो उसको हमने ही उठाया है. आप निश्चित रहे, उठाया हमने ही होगा.” एसपी ने यह भी कहा कि लोग टेंशन न लें कि किसने उठाया है, सब ठीक है. उनका यह बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है और स्थानीय लोगों के बीच हंसी का कारण बना.
Chandauli News: सीएफओ कार्यालय में रिश्वत लेते मुंशी रंगे हाथ गिरफ्तार
चंदौली के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में सीएफओ कार्यालय में विजिलेंस टीम ने रिश्वत लेते हुए मुंशी राजकमल को रंगे हाथ पकड़ लिया. गिरफ्तारी के दौरान मुंशी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन विजिलेंस टीम ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया. इस दौरान मुंशी को जमकर फटकार और पिटाई भी की गई. मामला सेट अग्निशमन कार्यालय से जुड़ा है. विजिलेंस ने कहा कि सख्त कार्रवाई से अन्य भ्रष्ट अधिकारियों के लिए भी संदेश जाएगा.
Barabanki News: देवा महोत्सव नाइट शो में अनियंत्रित भीड़, सलमान अली के मंच पर आते ही टूटी सैकड़ों कुर्सियां
बाराबंकी के देवा हाजी वारिस अली शाह महोत्सव के नाइट मेगा शो में सारेगामापा विजेता गायक सलमान अली के मंच पर आते ही भीड़ अनियंत्रित हो गई. रात 9 बजे कार्यक्रम शुरू होते ही फैंस ने बैरिकेडिंग तोड़कर मंच की ओर भागना शुरू कर दिया, जिससे सैकड़ों कुर्सियां टूट गईं. सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मियों ने भीड़ को काबू में करने के लिए लाठियां चटकाईं, जबकि शरारती तत्वों ने पुलिस पर कुर्सियां फेंकी. भीड़ को शांत करने के लिए सलमान अली ने भी शांति की अपील की और कुछ देर के लिए कार्यक्रम रुका.
Varanasi News: अंबानी परिवार ने स्वर्णमयी अन्नपूर्णा देवी को भेजा विशेष श्रृंगार

वाराणसी में धनतेरस के अवसर पर अंबानी परिवार ने स्वर्णमयी अन्नपूर्णेश्वरी देवी को विशेष श्रृंगार सामग्री भेंट की है. इस सामग्री में साड़ी, आभूषण और दीपावली ग्रीटिंग शामिल हैं. ग्रीटिंग कार्ड पर नीता और मुकेश अंबानी, उनके दोनों पुत्र आकाश व अनंत, पुत्रवधुएं श्लोका और राधिका, तथा परिवार के बच्चों के नाम अंकित हैं. महंत शंकरपूरी ने बताया कि धनतेरस के दिन पट खुलते ही माता को यह श्रृंगार अर्पित किया जाएगा. साल में केवल पांच दिन स्वर्णमयी अन्नपूर्णा माँ के दर्शन होते हैं, जो धनतेरस से शुरू होकर दीपावली तक चलते हैं. इसी दौरान भक्तों में माता का ‘खजाना प्रसाद’ भी वितरित किया जाएगा.
Piliphit Latest News: पूरनपुर तहसील में तड़के तीन सड़क हादसे, एक की मौत, आठ घायल
पीलीभीत के पूरनपुर तहसील क्षेत्र में शुक्रवार तड़के सुबह 3 से 6 बजे के बीच तीन सड़क हादसों ने हड़कंप मचा दिया. पहली घटना में शिमला से नेपाल जा रही बस पलट गई, जिसमें 7 लोग गंभीर रूप से घायल हुए. दूसरी घटना में शिमला से लखीमपुर जा रही बस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मारी, जिसमें एक व्यक्ति घायल हुआ. तीसरी घटना में एक अज्ञात बस ने सड़क किनारे चल रहे मजदूरों को रौंद दिया, जिससे एक की मौत और एक घायल हो गया. लगातार हादसों से पूरनपुर क्षेत्र एक्सीडेंट हब बनता जा रहा है, स्थानीय लोग सुरक्षा उपायों की मांग कर रहे हैं.
Lucknow News: पहचान छिपाकर हिंदू युवती से दुष्कर्म, आरोपी मोहसिन खान समेत पांच पर एफआईआर
लखनऊ के गुडंबा थाना क्षेत्र में एक युवती ने आरोप लगाया है कि मोहसिन खान नामक युवक ने अपनी पहचान छिपाकर खुद को राहुल बताकर उससे दोस्ती की और शादी का झांसा देकर यौन शोषण किया. मोहसिन ने इसके लिए इंस्टाग्राम पर ‘राहुल’ नाम से फर्जी अकाउंट बनाया था. जब युवती ने शादी का दबाव बनाया तो आरोपी ने अपने साथियों बिलाल, आतिफ, फरदीन और गौरव सिंह के साथ मिलकर उससे मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी. पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. वहीं, युवती का मजिस्ट्रेटी बयान दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है.
Ghaziabad News: सपा सांसद इकरा हसन पर हिंदू रक्षा दल प्रमुख पिंकी चौधरी की अभद्र टिप्पणी, 25 सेकेंड का वीडियो वायरल
गाजियाबाद से एक विवादित मामला सामने आया है. हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष पिंकी चौधरी का समाजवादी पार्टी सांसद इकरा हसन के खिलाफ आपत्तिजनक बयान वाला वीडियो वायरल हुआ है. लगभग 25 सेकेंड के इस वीडियो में पिंकी चौधरी इकरा हसन को लेकर अभद्र टिप्पणी और जातिसूचक बयान देते नजर आ रहे हैं. वीडियो में वे कहते हैं- इतनी औकात हो गई है इसकी… जिसने तलवार के बल पर सलवार पहनी हो, वो गुर्जर कैसे हो सकती है. हालांकि, वीडियो कब और कहां का है, इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है. वीडियो में पिंकी चौधरी कुछ लोगों के साथ बैठे सांसद के खिलाफ अपमानजनक बातें करते दिख रहे हैं. मामले पर पुलिस और प्रशासन वीडियो की सत्यता की जांच में जुटे हैं.
Bareilly Today News: ऑपरेशन 100 के तहत बड़ी कार्रवाई, 10 हजार किलो मिलावटी खोवा बरामद, कई मिलावटखोर फरार

जिलाधिकारी के निर्देश पर बनी स्पेशल फूड टीम ने ‘ऑपरेशन 100’ के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग के साथ मिलकर 100 घंटे की छापेमारी अभियान चलाया. टीम ने 10 हजार किलो मिलावटी खोवा बरामद कर नष्ट किया, वहीं सिर्फ 12 घंटे में 1200 किलो खोवा पकड़ा गया. जांच के लिए चार नमूने प्रयोगशाला भेजे गए, रिपोर्ट आने के बाद मिलावटखोरों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. टीम ने 26 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया, इस दौरान कई जगह पल्लेदार खोवा और दूध छोड़कर भाग निकले. प्रशासन ने कहा — खाद्य सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा.
Lakhimpur Kheri Today News: डेढ़ सौ साल पुराना मैलानी-नानपारा रेल ट्रैक बंद होने के विरोध में लोगों का धरना
लखीमपुर खीरी के पलिया क्षेत्र में लोगों ने मैलानी-नानपारा रेल ट्रैक को दोबारा शुरू करने की मांग को लेकर धरना शुरू कर दिया है. यह डेढ़ सौ साल पुराना रेलवे ट्रैक है, जिसे रेल विभाग बंद करने की तैयारी में है. बताया जा रहा है कि शारदा नदी में आई बाढ़ से ट्रैक कट जाने के कारण पिछले 6 महीनों से ट्रेन संचालन बंद है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यह रूट इलाके की जीवनरेखा है, इसलिए इसे किसी भी हालत में बंद नहीं किया जाना चाहिए. मामला पलिया कोतवाली क्षेत्र से जुड़ा है.
Fatehpur Today News : राहुल गांधी के दौरे से पहले पोस्टर वार, विरोध में लगे तीखे नारे

फतेहपुर में राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे से पहले पोस्टर वार शुरू हो गया है. कोतवाली नगर क्षेत्र के सुरावली का पुरवा में लगाए गए पोस्टरों में राहुल गांधी के खिलाफ विरोधी नारे लिखे गए हैं. पोस्टरों पर लिखा है- जाति के नाम पर बांटने की तुम्हारी कोशिश कभी कामयाब नहीं होगी. गिद्ध बनकर मंडराते हैं, नफरत फैलाने आते हैं और दर्द को मत भुनाओ, वापस जाओ. राहुल गांधी के आगमन से पहले ही यह पोस्टर वार राजनीतिक गर्मी बढ़ा रहा है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है कि पोस्टर किसने लगाए.
Lucknow Today News: दून एक्सप्रेस में महिलाओं और टीटीई के बीच हाथापाई, चारबाग स्टेशन पर हंगामा, वीडियो वायरल
लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर दून एक्सप्रेस में सीट को लेकर बड़ा हंगामा हो गया. जनरल टिकट लेकर स्लीपर कोच में बैठी महिलाओं और टीटीई दिवाकर मिश्रा के बीच हाथापाई हुई. टीटीई ने आरोप लगाया कि महिलाओं ने उनकी शर्ट फाड़ दी, चेहरे पर चाय फेंकी और सोने की चेन तोड़ दी. यह बवाल तब हुआ जब टीटीई बिना रिजर्वेशन बैठे यात्रियों पर कार्रवाई कर रहे थे. हावड़ा से हरिद्वार जा रही ट्रेन में हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. टीटीई ने मामले की शिकायत जीआरपी चारबाग थाने में दर्ज कराई है.
Lucknow Today News: डबल इंजन सरकार में आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश का सपना हो रहा साकार: CM योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में ‘नया उत्तर प्रदेश’ समृद्धि की राह पर आगे बढ़ रहा है. उन्होंने लिखा कि प्रदेश के अन्नदाता किसान समृद्धि के नए बीज बो रहे हैं, युवा स्टार्टअप और तकनीक से अपने सपनों को पंख दे रहे हैं, वहीं कारीगर और हस्तशिल्पी ‘लोकल से ग्लोबल’ की यात्रा में प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं. सीएम योगी ने बताया कि 2016-17 में यूपी की GSDP ₹13.30 लाख करोड़ थी, जो 2024-25 में बढ़कर ₹29.78 लाख करोड़ से अधिक हो गई है यानी 8 वर्षों में 2.2 गुना वृद्धि. इसी अवधि में प्रदेश का निर्यात ₹84,000 करोड़ से बढ़कर ₹1,86,060 करोड़ तक पहुंचा है. योगी ने कहा कि एक्सप्रेसवे से एयरपोर्ट तक विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर उत्तर प्रदेश को भारत की आर्थिक धुरी बना रहा है. उन्होंने लिखा, डबल इंजन की सरकार के प्रयासों से ‘आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश’ का संकल्प अब साकार हो रहा है.
Kanpur News: मूलगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 200 कुंतल पटाखे बरामद, गोदाम सीज

कानपुर के मूलगंज थाना क्षेत्र के बकरमंडी चौकी को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने छापेमारी कर करीब 200 कुंतल अवैध पटाखे बरामद किए. मौके पर क्षेत्राधिकारी आकांक्षा पांडे, मूलगंज और कोतवाली पुलिस, साथ ही कई थानों का फोर्स मौजूद रहा. लाटूश रोड और कर्नलगंज फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी मौके पर पहुंचीं. पूर्वी सर्वेलेंस टीम की मौजूदगी में बरामद पटाखों को पानी से नष्ट कर गोदाम को सीज कर दिया गया.
Bareilly Today News: अवनीश दीक्षित हत्याकांड का आरोपी 25 हजार का इनामी बदमाश मोहम्मद दानिश पुलिस मुठभेड़ में घायल
बरेली में थाना पुवायां बाईपास पुल के पास देर रात पुलिस और 25 हजार के इनामी बदमाश मोहम्मद दानिश के बीच मुठभेड़ हुई. गिरफ्तारी के दौरान दानिश ने पुलिस पर आठ राउंड फायरिंग की, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की. गोली लगने से दानिश पैर में घायल हो गया और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस को मौके से एक तमंचा और एक दर्जन से ज्यादा जिंदा कारतूस मिले. दानिश, लखनऊ में मारे गए बदमाश गुरु सेवक सिंह का साथी है. दोनों की कैद के दौरान अजय नामक अपराधी से दोस्ती हुई थी. तीनों ने मिलकर कैब चालक अवनीश दीक्षित की हत्या की थी. गुरु सेवक सिंह पहले ही लखनऊ पुलिस मुठभेड़ में मारा जा चुका है.
Ghaziabad Today News: दुबई में प्रॉपर्टी दिलाने के नाम पर 28.5 लाख दिरहम की ठगी, इंदिरापुरम पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र से एक बड़ा फर्जीवाड़ा मामला सामने आया है. एक दंपति ने तीन लोगों पर दुबई में प्रॉपर्टी दिलाने के नाम पर ठगी का आरोप लगाया है. पीड़ितों के अनुसार आरोपियों ने नकली जमा रसीदें देकर 28.5 लाख दिरहम हड़प लिए. शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अब वित्तीय लेनदेन और दस्तावेजों की जांच में जुटी है.
Ghaziabad News: पत्नी गैंगस्टर रूबी की हत्या करने वाला पति विकास गिरफ्तार, मुजफ्फरनगर कोर्ट में किया सरेंडर
गाजियाबाद के थाना नंदग्राम क्षेत्र में गैंगस्टर रूबी की गोली मारकर हत्या के मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है. हत्या के बाद से फरार चल रहा उसका पति गैंगस्टर विकास ने मुजफ्फरनगर कोर्ट में सरेंडर कर दिया है. बताया जा रहा है कि उसने 2011 के एक पुराने मामले में जमानत तुड़वाकर यह सरेंडर किया. गौरतलब है कि 14 अक्टूबर को विकास ने अपनी पत्नी रूबी की गोली मारकर हत्या कर दी थी, जिसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी.