UP News Live: मऊ में 2 मुस्लिमों ने धरा साधु का वेश, करने लगे पूजा-पाठ के नाम पर ठगी, अब हुए गिरफ्तार
कानपुर में कल्याणपुर बाजार के रेडीमेड शोरूम में लगी भीषण आग, लाखों का माल जलकर खाक
कानपुर के थाना कल्याणपुर क्षेत्र स्थित कल्याणपुर बाजार में उस समय हड़कंप मच गया जब एक रेडीमेड शोरूम में अचानक आग लग गई. बताया जा रहा है कि आग शॉर्टसर्किट के कारण लगी, जिसने देखते ही देखते पूरे शोरूम को अपनी चपेट में ले लिया. आग इतनी भीषण थी कि तीन दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. शोरूम में रखा लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया. घटना के बाद पूरे इलाके में धुआं फैल गया और बाजार में अफरा-तफरी मच गई. पुलिस जांच में जुटी है.
गाजियाबाद में तेज रफ्तार डंपर ने युवक को रौंदा, मौके पर मौत, चालक फरार
गाजियाबाद के मुरादनगर रावली रोड पर एक भीषण सड़क हादसे में युवक की दर्दनाक मौत हो गई. बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार डंपर ने सड़क पार कर रहे युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद चालक डंपर को मौके पर छोड़कर फरार हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने डंपर को जब्त कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है. घटना से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है.
गाजीपुर में जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने किया साहित्य महोत्सव का शुभारंभ
गाजीपुर में जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने दो दिवसीय साहित्य महोत्सव का शुभारंभ किया. शहर के एक होटल में आयोजित इस लिटरेचर फेस्टिवल में देश-विदेश के नामचीन साहित्यकार, शिक्षाविद और पत्रकार शामिल हुए. कार्यक्रम में इतिहास, लोककला और संस्कृति से जुड़ी चर्चित हस्तियों ने भाग लेकर अपने विचार साझा किए. मनोज सिन्हा ने कहा कि ऐसे आयोजन भारतीय परंपरा, कला और साहित्य को नई दिशा देते हैं. महोत्सव में कई सत्रों के माध्यम से युवाओं को भारतीय साहित्य की गहराई से जोड़ने का संदेश दिया गया.
प्रतापगढ़ में नशा तस्कर राजेश मिश्रा के ठिकाने पर पुलिस का छापा, लाखों की स्मैक-गांजा और कैश बरामद
प्रतापगढ़ के मानिकपुर थाना क्षेत्र के मूंदीपुर गांव में पुलिस ने नशा तस्कर राजेश मिश्रा के घर छापा मारा. कार्रवाई में पुलिस को लाखों रुपए की स्मैक, गांजा और भारी मात्रा में नकदी मिली. पुलिस नोट गिनने की मशीन से रुपए की गिनती कर रही है. बताया जा रहा है कि राजेश मिश्रा पहले से ही गैंगस्टर और एनडीपीएस एक्ट में जेल में बंद है. सीओ कुंडा के नेतृत्व में की जा रही इस बड़ी छापेमारी से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है. पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है.
8 महीने की गर्भवती मुस्कान की डिलीवरी बनी जेल प्रशासन के लिए चुनौती, सुरक्षा पर कसा पहरा
मुस्कान की डिलीवरी को लेकर जेल प्रशासन की चुनौती बढ़ गई है. 8 महीने की गर्भवती मुस्कान पति के कत्ल के आरोप में पिछले 8 महीने से जेल में बंद है. जेल प्रशासन ने जिला प्रशासन को पत्र लिखकर सुरक्षा और चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है. मुस्कान की डिलीवरी जिला अस्पताल या मेडिकल कॉलेज में कराए जाने की तैयारी है. जेल प्रशासन SOP के अनुसार उसकी सेहत की निगरानी में लगा है. अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा और स्वास्थ्य—दोनों पहलुओं पर पूरी सतर्कता बरती जा रही है.
पीलीभीत में अवैध संबंध के शक में पति ने पत्नी की हत्या, 24 घंटे में गिरफ्तार
पीलीभीत. कोतवाली पूरनपुर क्षेत्र के गांव कढ़ेरा चौरा में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां अवैध संबंध के शक में पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी हत्या के मामले में पहले से वांछित था. पुलिस ने उसके पास से हत्या में इस्तेमाल आलाकत्ल भी बरामद कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी को जेल भेज दिया गया है. घटना से गांव में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है.
मऊ में फर्जी साधु बनकर पूजा-पाठ के नाम पर ठगी करने वाले दो मुस्लिम युवक गिरफ्तार
मऊ. सराय लखनसी थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जो फर्जी हिंदू साधु बनकर लोगों से पूजा-पाठ के नाम पर पैसे वसूल रहे थे. पकड़े गए आरोपियों की पहचान मलालू और मोहम्मद चालान के रूप में हुई है. दोनों हिंदू साधुओं का भेष धारण कर लोगों को धोखा दे रहे थे. पुलिस ने इनके पास से साधु के वस्त्र और एक गिटार बरामद किया है. बताया जा रहा है कि ये दोनों लंबे समय से लोगों को धार्मिक भावना में उलझाकर ठगी कर रहे थे. हिंदू धर्म को बदनाम करने की नीयत से की जा रही इस हरकत का खुलासा होते ही इलाके में हड़कंप मच गया.
कानपुर के पनकी बाईपास पर भीषण हादसा, ट्रक की टक्कर में 2 की मौत
कानपुर के पनकी थाना क्षेत्र के हाइवे पर शुक्रवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया. एक ट्रक तेज रफ्तार में पीछे से खड़े ट्रक से जा टकराया. हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल को तुरंत हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और आगे की जांच शुरू कर दी है.
पीएम मोदी ने देश को दी 4 नई वंदे भारत ट्रेनों की सौगात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज देशवासियों को चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की सौगात दी. इनमें काशी और खजुराहो को जोड़ने वाली बनारस-खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस भी शामिल है. पीएम मोदी ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. प्रयागराज छिवकी स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया. मेयर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी ने कहा कि यह नई वंदे भारत ट्रेन आर्थिक दृष्टि से क्षेत्र को मजबूत करने के साथ-साथ काशी और खजुराहो के सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंधों को भी प्रगाढ़ करेगी. इसके माध्यम से आने वाले पर्यटक अब विंध्याचल, प्रयागराज और चित्रकूट धाम तक भी आसानी से पहुंच सकेंगे. इस अवसर पर विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राएं भी मौजूद रहे.
कुशीनगर में पीएम मोदी का ट्रांजिट दौरा, एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे, सुरक्षा कड़े इंतजाम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज कुशीनगर का ट्रांजिट दौरा करेंगे. उनका विशेष विमान अपराह्न लगभग 2:30 बजे कुशीनगर एयरपोर्ट पर उतरने की संभावना है. पीएम मोदी स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर सकते हैं और इसके बाद बिहार के सीतामढ़ी व बेतिया में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे. उनके दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. एयरपोर्ट जाने वाले रास्तों को सील किया गया है और 15 किलोमीटर के क्षेत्र को नो फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है.
आगरा में BJP पार्षद पूजा वाल्मीकि पर जानलेवा हमला, 6 आरोपी गिरफ्तार, परिवार दहशत में
वार्ड-26 से भाजपा पार्षद पूजा वाल्मीकि पर थाना शाहगंज क्षेत्र में जानलेवा हमला हुआ. आरोप है कि छह लोगों ने रास्ता रोककर पार्षद को पीटा और गाली-गलौज के साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया. घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने दो नामजद समेत कुल छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. हमला पार्षद और उनके परिवार के लिए दहशत का कारण बना है. पुलिस आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का दावा कर रही है.
कासगंज के गंजडुंडवारा सीएचसी में प्रसूता की मौत, डिप्टी सीएम ने तुरंत जांच के दिए आदेश
गंजडुंडवारा सीएचसी में प्रसूता सीमा की डिलीवरी ऑपरेशन के बाद मौत होने का मामला सामने आया है. परिजनों ने डॉक्टरों की लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की. मामले में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने संज्ञान लेते हुए कासगंज सीएमओ राजीव अग्रवाल को जांच के निर्देश दिए. सीएमओ ने 3 सदस्यीय जांच कमेटी गठित की है. डिप्टी सीएम ने आदेश दिया है कि जांच रिपोर्ट दो दिन में प्रस्तुत की जाए. अब डॉक्टरों की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई हो सकती है.
सुल्तानपुर में अनियंत्रित ट्रेलर घर में घुसा, आधा दर्जन गंभीर घायल, चालक फरार

इलाहाबाद रोड पर एक अनियंत्रित ट्रेलर ने दीवार और खंबे तोड़ते हुए एक घर में प्रवेश कर दिया. हादसे में घर में सो रहे आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. जांच में पता चला कि ट्रेलर की नंबर प्लेट फर्जी थी. चालक मौके से फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस के जरिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया. पुलिस ने देहात कोतवाली क्षेत्र में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
आगरा में ढाई साल पुराने हत्या केस में 9 आरोपी दोषी, आजीवन कारावास व 2.15 लाख जुर्माना
आगरा के थाना रकाबगंज क्षेत्र में ढाई साल पहले हुई युवक आबिद उर्फ मूसा की पीट-पीटकर हत्या के मामले में न्यायालय ने बड़ा फैसला सुनाया. अपर जिला जज-5 मृदुल की अदालत ने मंटोला क्षेत्र के संजू, टीटू, बकरा, ब्रजेश, कलुआ, राजाबाबू, गुलाबसिंह, संदीप और नरेंद्र को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई. साथ ही सभी पर ₹2.15 लाख का जुर्माना भी लगाया गया. हत्या शराब पिलाने के बाद बेरहमी से की गई थी. अदालत के इस फैसले से मृतक परिवार को न्याय मिला.
29 साल पुराने मामले में अदालत सख्त, BSA कार्यालय कुर्क करने का आदेश
गाजियाबाद में स्वदेशी खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रांतीय रक्षक दल विभाग ने बड़ा कदम उठाया है. विभाग ने जिले के हर ब्लॉक में दो-दो अखाड़े बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा है. प्रस्ताव स्वीकृत होने के बाद कुल 12 अखाड़ों का निर्माण कराया जाएगा. इससे पहलवानों को अब अभ्यास के लिए दिल्ली या मेरठ नहीं जाना पड़ेगा. प्रत्येक अखाड़े में ग्रामीण युवाओं को कुश्ती के दांव-पेच सिखाने के लिए प्रशिक्षक नियुक्त किए जाएंगे. साथ ही जिला से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के खिलाड़ियों को तैयार किया जाएगा. इन अखाड़ों में नियमित रूप से कुश्ती प्रतियोगिताओं का आयोजन भी होगा.
वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे का आज दूसरा दिन है. पीएम मोदी सुबह करीब आठ बजे बनारस रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे, जहां वे चार वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे. इनमें वाराणसी से खजुराहो जाने वाली ट्रेन भी शामिल है. इस मौके पर प्रधानमंत्री कुछ स्कूली बच्चों से संवाद करेंगे और इसके बाद स्टेशन परिसर में तीन हजार बनारसी नागरिकों से बातचीत करेंगे. सुबह से ही पीएम मोदी से मिलने के लिए पास धारकों की भीड़ जुटने लगी है. बनारस रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और माहौल में हलचल बढ़ गई है.
मथुरा में पुलिस का लंगड़ा अभियान लगातार जारी है. थाना कोसीकलां क्षेत्र के गढ़ी से बरबारी नई गांव के रास्ते पर हुई मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी गौतस्कर सिराज पुलिस की गोली से घायल हो गया. सिराज के दोनों पैरों में गोली लगी है, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. सिराज 2016 से फरार था और पिछले 9 सालों से पुलिस को चकमा देकर वारदातों को अंजाम दे रहा था. पकड़े गए आरोपी के पास से एक बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं. हरियाणा के पलवल जिले के अलीमेव थाना क्षेत्र का निवासी सिराज पर आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं.
उन्नाव पुलिस का ऑपरेशन क्लीन अभियान लगातार जारी है. बीघापुर थाना क्षेत्र के जंगलीखेड़ा के पास पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई. वाहन चेकिंग के दौरान रोकने पर बाइक सवार दो युवकों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा फरार हो गया. घायल युवक की पहचान अंकुल के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने हिरासत में लेकर CHC में भर्ती कराया. जांच में खुलासा हुआ कि अंकुल ने 6 नवंबर को अपनी पत्नी की हत्या कर शव फेंक दिया था. पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल किया. अंकुल रायबरेली जनपद के गदागंज थाना क्षेत्र का निवासी है.
संगम तट पर साइबेरियन पक्षियों का मेला
प्रयागराज के संगम तट पर इन दिनों हजारों विदेशी मेहमानों की चहचहाहट गूंज रही है. सात समंदर पार से आए ये मेहमान कोई और नहीं, बल्कि साइबेरियन पक्षी हैं, जो हर साल अक्टूबर-नवंबर में यहां पहुंचते हैं और मार्च तक प्रवास करते हैं. करीब 14,620 किलोमीटर की लंबी दूरी तय कर ये पक्षी फीडिंग और ब्रीडिंग के लिए संगम क्षेत्र में डेरा डालते हैं. इनके आगमन से संगम का तट सफेद चादर की तरह चमक उठा है. श्रद्धालु और पर्यटक इन पक्षियों को देखकर आनंदित होते हैं, जबकि पक्षी विशेषज्ञ इसे प्रकृति का अद्भुत और नियमित प्राकृतिक चमत्कार बताते हैं.
गाजीपुर में आज से दो दिवसीय साहित्य महोत्सव की शुरुआत होने जा रही है. जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे. शहर के एक होटल में आयोजित इस लिटरेचर फेस्टिवल में देश-विदेश के साहित्यकार, शिक्षाविद और पत्रकार हिस्सा लेंगे. महोत्सव में इतिहास, लोककला और संस्कृति से जुड़ी नामचीन हस्तियां भी शिरकत करेंगी. कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सत्रों में भारतीय साहित्य, परंपरा और आधुनिकता पर विचार-विमर्श होगा.
लखनऊ में कर्नाटक के पूर्व डीजीपी के घर चोरी करने वाला गैंगस्टर गिरफ्तार

लखनऊ पुलिस ने कर्नाटक के पूर्व डीजीपी महेंद्र कुमार श्रीवास्तव के घर हुई चोरी का खुलासा कर दिया है. अलीगंज पुलिस ने डालीगंज निवासी गैंगस्टर मोहम्मद अकरम को गिरफ्तार किया है. उसके पास से चुराए गए जेवर, छह हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई कार बरामद हुई है. अकरम की पत्नी नूर फातिमा और साथी इरफान अभी फरार हैं. नूर फातिमा दिन में बंद मकानों की रेकी करती थी, जहां दूध के पैकेट और अखबार पड़े रहते थे. फिर अकरम और इरफान रात में कार से पहुंचकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे. पूर्व डीजीपी की बहू डॉक्टर ऋषिका राज ने इस मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई थी.
आगरा के थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र के नेशनल हाईवे पर उस समय हड़कंप मच गया जब चलती कार अचानक आग का गोला बन गई. बताया जा रहा है कि कार में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी. कार में सवार लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते बाहर कूदकर अपनी जान बचाई. सूचना पर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई.
प्रयागराज के यमुनानगर जोन अंतर्गत कौंधियारा थाना क्षेत्र के पिपरहटा गांव में 21 वर्षीय शेषमणि यादव उर्फ रजत की आत्महत्या मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. मृतक के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने प्रेमिका मोहनी यादव, उसके पिता राजकुमार यादव, भाई कुलदीप यादव और मामा के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने व जबरन वसूली का मुकदमा दर्ज किया. पुलिस ने युवती, उसके पिता और भाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि मामा फरार है. बताया जा रहा है कि युवती के परिजन शेषमणि से 15 लाख रुपये मांग रहे थे और शादी का दबाव बना रहे थे, जिससे मानसिक तनाव में युवक ने टोंस नदी में कूदकर जान दे दी.
लखनऊ में रेडियोलॉजिस्ट के घर 15 लाख की चोरी
लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र के वृंदावन कॉलोनी सेक्टर-16 में गुरुवार देर रात चोरी की बड़ी वारदात हुई. रेडियोलॉजिस्ट डॉ. एस.के. सैंथल के घर में घुसे तीन चोरों ने महज तीन घंटे में करीब 15 लाख रुपये के जेवरात उड़ा लिए. घटना के समय घर पर कोई मौजूद नहीं था. सुबह लौटने पर परिजनों ने अलमारी टूटी देख पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पीजीआई थाना पुलिस ने जांच शुरू की है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर चोरों की तलाश में जुटी है.