UP News Live: एक और बीएलओ की हार्ट अटैक से मौत, गाजियाबाद में 410 करोड़ के फर्जी GST इनवॉइस रैकेट का पर्दाफाश
आगरा में 6 दिसंबर को लेकर सुरक्षा कड़ी
6 दिसंबर को ध्यान में रखते हुए आगरा में हाई अलर्ट जारी किया गया. मस्जिदों व संवेदनशील इलाकों में पुलिस, PAC और पैरामिलिट्री बल की तैनाती की गई. जिले को 6 जोन और 18 सेक्टर में बांटकर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई, जबकि सिविल ड्रेस में भी पुलिसकर्मी तैनात रहे. ड्रोन कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है. पीस कमेटी की बैठक कर पुलिस पहले ही लोगों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे चुकी है.
आगरा में जमीनी विवाद पर दो पक्षों में भिड़ंत
आगरा के थाना पिनाहट क्षेत्र के हुसैनपुरा गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए. दोनों तरफ से जमकर मारपीट और पथराव हुआ, जिसमें 5 से 6 लोग घायल हुए. सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया. पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है.
अंतरराष्ट्रीय ठगी नेटवर्क का बड़ा खुलासा
दुबई से एक और पीड़ित कानपुर पहुंचा और पुलिस कमिश्नर से 1 लाख डॉलर की ठगी की शिकायत की. आरोपी रवींद्र सोनी द्वारा ब्लू चिप कंपनी के नाम पर ठगी का आंकड़ा लगभग 1200 करोड़ तक पहुंच गया है. रिमांड में उसने कई देशों के लोगों व सेलिब्रिटीज से करोड़ों हड़पने की बात कबूली. मामला टेरर फंडिंग से जुड़ाव के शक में विभिन्न एजेंसियों को भेजा गया है. पुलिस बैंक खातों और डिजिटल ट्रांजैक्शन की गहन जांच कर रही है.
गाजियाबाद में 410 करोड़ के फर्जी GST इनवॉइस रैकेट का पर्दाफाश
सीजीएसटी गाज़ियाबाद आयुक्तालय ने एक बड़े फर्जी इनवॉइस रैकेट का खुलासा किया है, जिसमें कुल ₹410 करोड़ के फर्जी जीएसटी इनवॉइस जारी किए गए और ₹73.70 करोड़ का अवैध इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) लिया गया. यह रैकेट 40 से अधिक फर्जी फर्मों के माध्यम से चलाया जा रहा था, जिसके मुख्य आरोपी अधिवक्ता श्री विनय सिंह हैं. आरोपी ने व्यक्तियों के KYC दस्तावेज़ों का दुरुपयोग करके खुद को अधिकृत प्रतिनिधि के रूप में पंजीकृत किया और सभी फर्जी फर्मों के GST पोर्टल, ई-वे बिल पोर्टल, TDS पोर्टल तथा व्यक्तिगत ईमेल खातों के यूज़रनेम, पासवर्ड और OTP अपने मोबाइल पर प्राप्त कर अकेले ही यह संगठित रैकेट चला रहा था.
गाजियाबाद में बीएलओ के रूप में तैनात शिक्षक की हार्ट अटैक से मौत
गाजियाबाद के मोदीनगर में नेहरू नगर कॉलोनी निवासी लाल मोहन (58 वर्ष) का देर रात हार्ट अटैक से निधन हो गया. वह मोदी साइंस एंड कॉमर्स इंटर कॉलेज में बायोलॉजी के शिक्षक थे और साहिबाबाद विधानसभा में बीएलओ की जिम्मेदारी संभाल रहे थे. उनकी मौत से शिक्षक समुदाय और स्थानीय प्रशासन में शोक की लहर दौड़ गई. कुछ साथियों का कहना है कि कई शिक्षकों को अलग-अलग जगहों पर ड्यूटी लगाई गई थी और कार्य पूरा न होने पर मुकदमे की आशंका जताई जाती थी. बीमारी के बावजूद ड्यूटी करने और काम के दबाव को उन्होंने संभाला, जिसे उनकी मौत का एक कारण माना जा सकता है.
बाबा साहेब के महा परिनिर्वाण दिवस पर CM योगी का बयान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की. उन्होंने कहा कि आज का दिन हम सभी के लिए प्रेरणा का दिवस है. बाबा साहेब के आदर्शों से प्रेरित होकर प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में न्याय, समता और बंधुता के सिद्धांतों पर विभिन्न अभियान चलाए जा रहे हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि हर गरीब तक योजनाओं का लाभ पहुँचाया जा रहा है और हमें अपने संविधान पर गर्व है. उन्होंने बाबा साहेब की देशहित की चेतावनी और प्रेरक विचारों को याद करते हुए कहा कि आज जो भी सुविधाएँ मिल रही हैं, वे अंबेडकर जी की प्रेरणा से संभव हुई हैं.
पति ने मायके न आने से खाया विषैला पदार्थ
सीतापुर के रामकोट थाना क्षेत्र में पत्नी के मायके से वापस न आने पर एक युवक ने विषैला पदार्थ खा लिया. परिजन उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले गए, जहां से डॉक्टरों ने ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया. बताया जा रहा है कि युवक की शादी हुए लगभग 9 माह ही हुए थे और पत्नी से उसकी बात भी नहीं हो पा रही थी. घटना से परिवार में चिंता का माहौल है.
इंडिगो की लापरवाही से हड़कंप, लखनऊ-दिल्ली की उड़ानें रद्द
इंडिगो में पायलटों की भारी कमी के चलते देशभर में उड़ानों का संचालन प्रभावित होने लगा है. लखनऊ एयरपोर्ट पर बुधवार को हुए हंगामे के बाद आज भी इंडिगो ने लखनऊ–दिल्ली की सभी उड़ानें रद्द कर दीं. एयरलाइन के काउंटरों पर सन्नाटा पसरा रहा और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. उड़ानों के रद्द होने और कम उपलब्धता के कारण अन्य एयरलाइंस के टिकटों के दाम कई गुना बढ़ गए, जिससे यात्रियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा.
दुबई-कुवैत में रहने वाले दो लोगों के नाम पर भरे गए SIR फॉर्म
रामपुर में SIR फॉर्म में गलत सूचना देने का मामला सामने आया है. विधानसभा क्षेत्र 37 रामपुर के भाग संख्या 248 में मतदाता क्रमांक 645 आमिर (दुबई निवासी) और 648 दानिश (कुवैत निवासी) के नाम से उनकी बहन ने तथ्य छुपाकर SIR फॉर्म भरवा दिए. जांच के दौरान पता चला कि दोनों व्यक्ति विदेश में रहते हैं और उनके नाम पर फॉर्म अनुचित रूप से भरे गए थे. मामले की पुष्टि होने पर सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी की तहरीर पर दोनों व्यक्तियों की बहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया.
सैन्यकर्मी को हनी ट्रैप में फंसाकर बंधक बनाया, 8.69 लाख की जबरन उगाही
लखनऊ में आर्मी बेस वर्कशॉप आगरा में तैनात सैन्यकर्मी केशवदेव को हनी ट्रैप में फंसा कर बंधक बनाने का मामला सामने आया है. पीड़ित की शिकायत पर पीजीआई थाने में एफआईआर दर्ज की गई. तीन महीने पहले टेलीग्राम पर नैंसी शर्मा नाम की युवती से उसकी जान-पहचान हुई थी. 26 नवंबर को नैंसी ने उसे तेलीबाग बुलाया, जहां कमरे में बंद कर तीन पुरुषों ने उसकी पिटाई की. आरोपियों ने एटीएम, क्रेडिट कार्ड, घड़ी और सोने की दो अंगूठियां लूट लीं और असलहा दिखाकर 8.69 लाख रुपये कई खातों में ट्रांसफर कराए. सैनिक को निर्वस्त्र कर युवती के साथ आपत्तिजनक वीडियो और फोटो भी बनाए गए तथा वायरल करने की धमकी देकर 40 लाख रुपये की मांग की गई. आरोपियों ने फर्जी कबूलनामा और सादे कागज पर हस्ताक्षर भी कराए. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
डासना जेल में किन्नर बंदी की आत्महत्या, दो जेलकर्मी निलंबित
गाजियाबाद के डासना जिला कारागार में बैरक के अंदर किन्नर बंदी की आत्महत्या के मामले में कार्रवाई हुई है. ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर जेल प्रशासन ने दो कर्मचारियों सिपाही सुभाष शर्मा और गोधन सिंह को निलंबित कर दिया. 24 वर्षीय किन्नर राहुल, जो हत्या के प्रयास के मामले में 16 मई 2025 से जेल में बंद था, बुधवार रात तन्हाई बैरक में फांसी लगाकर जान दे दी. घटना के समय दोनों कर्मचारी राउंड पर थे, लेकिन निगरानी में चूक सामने आई. वहीं, परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया था.
हापुड़ हाईवे पर भीषण सड़क हादसा
हापुड़ के थाना हाफिजपुर क्षेत्र में दिल्ली–लखनऊ हाईवे-9 पर तेज रफ्तार ट्रक और बस की भीषण टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक हादसे के बाद हाईवे पर पलट गया. बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार गूंज उठी. हादसे में करीब आधा दर्जन यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया.
UP में बड़े स्तर पर SIR कार्य तेजी से जारी
उत्तर प्रदेश में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) का कार्य बड़े स्तर पर तेजी से आगे बढ़ रहा है. औरैया, आजमगढ़ और एटा जिलों में SIR का कार्य पूर्ण हो चुका है. प्रदेश की 27 विधानसभा क्षेत्रों में शत-प्रतिशत कार्य संपन्न हो गया है. पूरे UP में 99.91% गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं, जबकि 91.98% डिजिटाइजेशन कार्य पूरा हो गया है. कुल 81,828 BLO ने डिजिटाइजेशन का कार्य किया है. मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) नवदीप रिणवा ने निर्देश दिए कि BLO मृतक, शिफ्टेड और अनुपस्थित मतदाताओं की पुनः जांच करें और BLA की सहायता से बिना किसी त्रुटि के SIR कार्य पूरा करें. जिन मतदाताओं ने 11 दिसंबर तक गणना प्रपत्र भरे हैं, उनके नाम ड्राफ्ट सूची में शामिल होंगे. SIR की ड्राफ्ट मतदाता सूची 16 दिसंबर को प्रकाशित की जाएगी. साथ ही, सभी DM/DEO को निर्देशित किया गया है कि SIR से जुड़े सभी डेटा को सुरक्षित व दुरुस्त रखें.
अयोध्या-प्रयागराज हाइवे पर भीषण सड़क हादसा, बस पलटी, 1 की मौत
अयोध्या-प्रयागराज हाइवे पर एक ट्रेलर ने यात्रियों से भरी टूरिस्ट बस को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बस अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे में 15 से अधिक यात्री घायल हो गए, जबकि एक महिला की मौत हो गई. ग्रामीणों की मदद से यात्रियों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया गया. सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और बचाव राहत कार्य में जुट गई. बस में लगभग 40 यात्री सवार थे, जो महाराष्ट्र के जलगांव जिले से अयोध्या दर्शन कर लौट रहे थे. यह पूरा मामला थाना कूरेभार क्षेत्र का है.
ग्रेटर नोएडा निक्की हत्याकांड में जेठ की जमानत खारिज
ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव में हुए चर्चित निक्की भाटी हत्याकांड में आरोपी जेठ रोहित भाटी की जमानत याचिका पर शुक्रवार को सत्र न्यायालय में सुनवाई हुई. अदालत ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद जमानत याचिका खारिज कर दी. निक्की के परिजनों की ओर से पैरवी कर रहे अधिवक्ता उधम सिंह तोगड़ और दिनेश कुमार कलसन ने बताया कि कासना कोतवाली पुलिस द्वारा चार्जशीट दाखिल होने के बाद यह सुनवाई हुई. उन्होंने अदालत को बताया कि हत्या पूर्व नियोजित साजिश के तहत की गई थी और इस साजिश में पूरा परिवार शामिल है.
लखनऊ में छठवीं के छात्र की हार्ट अटैक से मौत
लखनऊ में छठवीं क्लास के एक छात्र की शुक्रवार सुबह हार्ट अटैक से मौत हो गई. वह महानगर स्थित मोंट फोर्ट इंटर कॉलेज का छात्र था. टीचर ने बताया- छात्र ने ढाई घंटे तक इंग्लिश का पेपर दिया. उसके बाद पानी पीने के लिए उठा. पानी पीते ही बेहोश होकर गिर गया. स्कूल में उसे प्राथमिक उपचार दिया गया. हालत में सुधार नहीं होने पर अस्पताल लेकर गए. वहां डॉक्टर ने काफी देर तक उसे CPR दिया लेकिन बॉडी में कोई हरकत नहीं हुई. इसके बाद डॉक्टरों ने उसे ‘ब्रॉट डेड’ डिक्लेयर कर दिया. बच्चे की पहचान जानकीपुरम के रहने वाले छात्र अमेय सिंह उर्फ आरव के रूप में हुई.