UP News Live: सोनभद्र में पहाड़ी में छेद करते समय गिरा पत्थर, 2 मजदूरों की मौत, 15 का नहीं चला अबतक पता

0
UP News Live: सोनभद्र में पहाड़ी में छेद करते समय गिरा पत्थर, 2 मजदूरों की मौत, 15 का नहीं चला अबतक पता


दिल्ली ब्लास्ट मामले में बड़ा खुलासा, जांच एजेंसियों को मिले सुराग
दिल्ली ब्लास्ट मामले की जांच में एजेंसियों को बड़ा खुलासा हुआ है. सूत्रों के अनुसार, आरोपियों ने 7 मोबाइल और 17 सिम कार्ड का प्रयोग किया. इनमें से 6 सिम कार्ड कानपुर से खरीदे गए थे, जबकि मोबाइल नेपाल से सेकंड हैंड खरीदे गए. जांच में यह भी पता चला कि कानपुर के बेकनगंज और अन्य क्षेत्रों की आईडी का उपयोग फर्जी तरीकों से किया गया. अब एटीएस, एसटीएफ और स्पेशल ऑपरेशन टीम (SOT) इन फेक आईडी और उनके इस्तेमाल करने वालों की गहन जांच कर रही हैं. जांच अभी भी जारी है और नए सुराग सामने आने की संभावना है.

प्रयागराज में माफिया अतीक के गुर्गों द्वारा सरकारी जमीन पर कब्जे की जांच शुरू
प्रयागराज के मरियाडीह और रसूलपुर काशीपुर गांव में माफिया अतीक अहमद के करीबी जैद खालिद समेत सात लोगों ने सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा किया था, जिसका अनुमानित मूल्य 6 करोड़ बताया गया. कब्जा एटीएस यूनिट, गौशाला और ईवीएम वेयरहाउस के लिए निर्धारित जमीन पर था. शासन ने संज्ञान लेकर दो सदस्यीय एसआईटी टीम गठित की, जिसमें आईजी डॉक्टर बलकार सिंह और आवास आयुक्त शामिल हैं. टीम मौके पर पहुंचकर अवैध प्लाटिंग और कब्जे की जांच कर रही है. जांच रिपोर्ट के आधार पर शासन स्तर पर कड़ी कार्रवाई संभव है.

दिल्ली ब्लास्ट की कड़ी: कानपुर के तीन और बर्खास्त डॉक्टर जांच एजेंसियों के रडार पर
दिल्ली में हुए ब्लास्ट मामले की जांच अब जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज, कानपुर तक पहुंच गई है. जांच एजेंसियाँ डॉ. शाहीन से जुड़े डॉक्टरों की पूरी कुंडली खंगाल रही हैं. जानकारी के अनुसार, 2006 से 2013 तक जीएसवीएम में पोस्टिंग के दौरान डॉ. शाहीन आधा दर्जन डॉक्टरों के संपर्क में थे. वर्ष 2013 में बिना बताए गायब होने और बाद में 2021 में उनकी बर्खास्तगी के बाद कॉलेज के तीन अन्य डॉक्टर डॉ. हिजबुल रहमान, डॉ. हामिद अंसारी और डॉ. निसार अहमद भी अचानक लापता हो गए थे. ये तीनों डॉक्टर क्रमशः फिजियोलॉजी, एनाटॉमी और सर्जरी विभाग में तैनात थे. अब एटीएस, STF और स्पेशल ऑपरेशन टीम तीनों की भूमिका की गहराई से जांच कर रही है.

पीलीभीत में युवक की बेरहमी से पिटाई, वीडियो वायरल
पीलीभीत के पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित सिरसा चौराहे पर मामूली बात को लेकर एक युवक की आधा दर्जन से ज्यादा लोगों ने बेरहमी से पिटाई कर दी. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें युवक को लगातार कई लोग घेरकर मारते हुए दिखाई दे रहे हैं. स्थानीय लोगों के अनुसार विवाद छोटी सी कहासुनी से शुरू हुआ, जो अचानक मारपीट में बदल गया. वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है. पुलिस घटना की जांच में जुटी है और आरोपियों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.

हमीरपुर में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार डंपर ने छीनी दो ज़िंदगियां
हमीरपुर के मुस्करा थाना क्षेत्र के दामूपुरवा गांव में तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार भाभी-देवर को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. हादसा तब हुआ जब दोनों बाइक से अपने घर लौट रहे थे. डंपर की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि टक्कर लगते ही बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों सड़क पर गिर पड़े. घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. हादसे से परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में शोक की लहर है.

सीतापुर में ट्रैक्टर-ट्राली की टक्कर में दो युवकों की मौत
सीतापुर के मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र में ट्रैक्टर-ट्राली ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद परिवार वालों में कोहराम मच गया. मृतकों में हरिशंकर भी शामिल है, जिसकी जल्द ही शादी होने वाली थी, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है.

सोनभद्र खनन हादसा: रातभर चला रेस्क्यू, भारी चट्टानों से बढ़ी मुश्किलें
सोनभद्र के ओबरा थाना क्षेत्र स्थित बिल्ली मारकुंडी खनन क्षेत्र में हुए हादसे के बाद रेस्क्यू कार्य देर रात तक जारी रहा. बड़े-बड़े पत्थर गिरने और जगह बेहद कम होने के कारण राहत-बचाव टीमों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. एडीजी वाराणसी प्यूष मार्डिया, कमिश्नर विंध्याचल राकेश प्रकाश और DIG मिर्जापुर आर.पी. सिंह पूरी रात मौके पर मौजूद रहे. NDRF और SDRF टीमें सात पोकलेन मशीनों की मदद से चट्टानें तोड़कर रेस्क्यू में लगी हैं. अब तक दो शव निकाले जा चुके हैं, जबकि 15 से अधिक लोगों के बड़ी चट्टानों के नीचे दबे होने की आशंका है. सोनभद्र जिले में एक पत्थर खदान में बड़ा हादसा हो गया. पहाड़ी में छेद करते समय ऊपर से एक बड़ा पत्थर नीचे काम कर रहे मजदूरों पर गिर गया. इसमें 2 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई.
लखनऊ कोर्ट बोला- बिना कारण गिरफ्तारी अवैध, आरोपी को जमानत
लखनऊ में प्रभारी सीजेएम कोर्ट ने बिना कारण बताए की गई गिरफ्तारी को अवैध और असंवैधानिक करार दिया है. कोर्ट ने आदित्य प्रताप सिंह को 50 हजार रुपये के निजी मुचलके पर जमानत दी. गिरफ्तारी करने वाली दरोगा गुरप्रीत कौर पर कोर्ट ने कानून की अवहेलना का आरोप माना और इसकी सूचना पुलिस कमिश्नर को देने का आदेश दिया. कोर्ट ने कहा कि गिरफ्तारी मेमो पर आदित्य के हस्ताक्षर नहीं थे और विवेचक का मौखिक बयान जीडी या केस डायरी में दर्ज नहीं किया गया. कोर्ट ने ऐसे हालात और टाइमिंग को संदेहपूर्ण बताया.
फिरोजाबाद: रजिस्ट्री ऑफिस में फर्जी बैनामा गैंग पकड़ा गया
फिरोजाबाद के सदर तहसील स्थित रजिस्टार ऑफिस में फर्जी कागजात के सहारे बैनामा कराने पहुंचे पांच लोगों में से चार को रजिस्टार जंग बहादुर शुक्ल ने मौके पर पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि एक आरोपी फरार हो गया. आरोपियों ने कूट रचित दस्तावेजों में फर्जी ई-स्टाम्प, मृत प्रमाण पत्र, वंशावली, बैनामा और आधार कार्ड सहित कई नकली दस्तावेज लगा रखे थे. सूचना मिलते ही थाना दक्षिण पुलिस पहुंची और सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की. पुलिस पूरे रैकेट की गहन जांच में जुटी है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *