UP News Today Live: सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, 3 मजदूरों की मौत, बदायूं में पटरी से उतरी मालगाड़ी, मिर्जापुर में गंगा किनारे घड़ियाल मिलने से हड़कंप
शामली: हाईवे पर ‘लाठी-डंडों’ वाली गुंडागर्दी, अवैध वसूली का वीडियो वायरल
शामली के झिंझाना थाना क्षेत्र में हरियाणा बॉर्डर पर जिला पंचायत के नाम पर सरेआम गुंडागर्दी का मामला सामने आया है. वायरल वीडियो में कुछ लोग लाठी-डंडों के दम पर हाईवे पर गाड़ियां रोककर अवैध वसूली और चालकों से अभद्रता करते दिख रहे हैं. हालांकि, विभाग का कहना है कि ठेका दिया गया है, लेकिन लाठी के दम पर वसूली पूरी तरह गलत है.
बदायूं: जानवर को बचाने में पटरी से उतरी मालगाड़ी, 6 घंटे बाधित रहा रूट
बदायूं के बितरोई के पास देर रात एक बड़ा रेल हादसा टल गया. पटरी पर जंगली जानवर के आने से मालगाड़ी के ड्राइवर ने इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए, जिससे गाड़ी का एक डिब्बा पटरी से उतर गया. इस घटना के बाद बरेली-बदायूं-कासगंज रेलमार्ग पूरी तरह बंद हो गया. शनिवार सुबह तड़के रेल लाइन क्लियर होने के बाद यातायात बहाल हुआ. इस वजह से रामनगर-मुंबई बांद्रा एक्सप्रेस 6 घंटे और आगरा फोर्ट एक्सप्रेस 2 घंटे की देरी से चली.
सुल्तानपुर: पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर काल बना कोहरा, 3 मजदूरों की मौत
सुल्तानपुर के थाना दोस्तपुर क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे (किमी 153.500) पर शुक्रवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया. घने कोहरे के कारण हुए इस हादसे में आजमगढ़ जा रहे 3 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 8 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं. घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें अकबरपुर रेफर किया गया है. सभी मजदूर रायबरेली से अपने घर लौट रहे थे.
देश का सबसे प्रदूषित शहर बना गाजियाबाद, 437 पहुंचा AQI
बुलंदशहर: जहांगीराबाद चीनी मिल में मारपीट के बाद हंगामा
बुलंदशहर की जहांगीराबाद चीनी मिल में इलेक्ट्रिकल इंजीनियर के साथ मारपीट की घटना सामने आई है. आरोप है कि मिल प्रबंधक के टाइपिस्ट ने नशे की हालत में इंजीनियर को पीटा. इसके विरोध में मजदूरों ने काम बंद कर प्रबंधक कार्यालय पर हंगामा किया. उपसभापति के आश्वासन के बाद मजदूर काम पर वापस लौटे.
बहराइच: रिश्वतखोरी के आरोप में मटेरा थाना प्रभारी सहित 3 सस्पेंड
बहराइच में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हुई है. एक युवती की बरामदगी के मामले में 1 लाख रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में मटेरा थाना प्रभारी और दो अन्य पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है. IG देवीपाटन की जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद यह एक्शन लिया गया है.
हापुड़: कोहरे ने थामी ट्रेनों की रफ्तार, 64 ट्रेनें प्रभावित
दिल्ली-हापुड़-मुरादाबाद रूट पर घने कोहरे का असर साफ दिख रहा है. हापुड़ से गुजरने वाली करीब 64 ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं. कई ट्रेनें आधा घंटे से लेकर 6 घंटे तक लेट हैं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
गाजियाबाद: 5 साल की मासूम से दरिंदगी मामले में आरोपी महाजन दोषी करार
मुरादनगर में वर्ष 2019 में हुई एक दिल दहला देने वाली घटना में अदालत ने अपना फैसला सुना दिया है. 5 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले में आरोपी महाजन को पॉक्सो कोर्ट ने दोषी करार दिया है. सीसीटीवी फुटेज और पोस्टमार्टम रिपोर्ट इस मामले में अहम सबूत बने. शनिवार को आरोपी की सजा पर सुनवाई होगी.
अयोध्या: थप्पड़बाज दरोगा का वीडियो वायरल, वसूली का आरोप
धर्मनगरी अयोध्या में ट्रैफिक पुलिस के एक दरोगा की ‘गुंडागर्दी’ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. आरोप है कि नया घाट क्षेत्र में दरोगा ई-रिक्शा और अन्य वाहनों का गलत चालान काटकर वसूली कर रहा था. जब स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया, तो दरोगा ने आपा खो दिया और एक युवक को ताबड़तोड़ कई थप्पड़ जड़ दिए. इस घटना से अयोध्या पुलिस की छवि धूमिल हुई है.
फतेहपुर: NH-2 पर कोहरे का कहर, 10 वाहन आपस में टकराए
फतेहपुर के मलवा थाना क्षेत्र के सौरा के पास नेशनल हाईवे-2 पर घने कोहरे के चलते 10 वाहन आपस में भिड़ गए. इस दर्दनाक हादसे में 18 वर्षीय युवक यश गौतम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां सीमा देवी की हालत नाजुक है. हादसे में रोडवेज बस, अर्टिगा कार, डंपर और ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं. कुल 15 लोग घायल हैं, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
महाराजपुर: 4 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन, ड्राइवर की बची जान
महाराजपुर के नरवल मोड़ पर ट्रक और कैंटर के बीच भीषण भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कैंटर का ड्राइवर केबिन में ही फंस गया. फायर ब्रिगेड और स्थानीय पुलिस ने 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ड्राइवर को सुरक्षित बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया.
बुलंदशहर: तेज रफ्तार का कहर, साइकिल सवार की मौत
बुलंदशहर के थाना देहात कोतवाली क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हुआ. मेरठ की ओर से आ रही एक अनियंत्रित कार ने साइकिल सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. टक्कर के बाद कार खाई में पलट गई, जिसमें चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है.
रायबरेली: मुठभेड़ के बाद पुलिस की गिरफ्त में भगोड़ा ‘नाहर नट’
रायबरेली में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में वांछित बदमाश नाहर नट के पैर में गोली लगी है. आरोपी 13 नवंबर को पेशी के दौरान पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया था. पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया है और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
FSDA की बड़ी कार्रवाई,164 मिनरल वाटर इकाइयों के लाइसेंस सस्पेंड
शुद्ध पेयजल के नाम पर खिलवाड़ करने वाली कंपनियों पर FSDA ने शिकंजा कस दिया है. प्रदेशभर में 522 पैकेज्ड मिनरल वाटर इकाइयों के निरीक्षण के बाद मानकों का उल्लंघन करने पर 164 इकाइयों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं. वहीं, 104 इकाइयों को नोटिस जारी किया गया है. विभाग ने जांच के लिए 387 नमूने लिए हैं.
न्यायिक ढांचा होगा मजबूत, 6 जिलों को मिलेगा तोहफा
उत्तर प्रदेश के चंदौली, महोबा, अमेठी, हाथरस, शामली और औरैया में इंटीग्रेटेड कोर्ट कांप्लेक्स का निर्माण किया जाएगा. सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत इसका शिलान्यास करेंगे. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और देश-प्रदेश के 30 से अधिक न्यायाधीश मौजूद रहेंगे. अकेले चंदौली में 286 करोड़ की लागत से हाईटेक कोर्ट बनेगा. इसमें 37 कोर्ट रूम, जजों के लिए रेजिडेंशियल अपार्टमेंट, डिस्ट्रिक्ट जज आवास और वकीलों के लिए आधुनिक चेंबर होंगे. यह सभी कांप्लेक्स अप्रैल 2027 तक बनकर तैयार हो जाएंगे.
एटा: संवेदनहीन पुलिसकर्मी पर गिरी गाज
एटा में पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाने वाले एक मुख्य आरक्षी (विष्णु कुमार) को निलंबित कर दिया गया है. पीड़ित विधवा महिला द्वारा सहायता मांगे जाने पर आरक्षी ने जवाब दिया था कि ‘पुलिस कुछ नहीं कर सकती, जो करना है तुम्हें ही करना है’. इस संवेदनहीनता और अकर्मण्यता के लिए विभाग ने तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्रवाई की है.
सोनभद्र: 23 करोड़ के ‘कफ सिरप’ घोटाले में SIT की बड़ी कार्रवाई
सोनभद्र में कफ सिरप तस्करी और हवाला कारोबार को लेकर SIT ने शिकंजा कस दिया है. 23 करोड़ के फर्जी लेन-देन के मामले में 17 जनवरी को तस्करी के तीन मुख्य आरोपियों को वारंट बी पर लखनऊ और वाराणसी से सोनभद्र लाया जाएगा. इस नेटवर्क के तार सहारनपुर, वाराणसी और रांची से जुड़े हुए हैं.
हापुड़: तेंदुए को पकड़ने में नाकाम वन विभाग ने ग्रामीणों को पीटा
हापुड़ के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव कोटा हरनाथपुर में तनाव का माहौल है. पिछले तीन दिनों से तेंदुआ पकड़ने में नाकाम रहा वन विभाग अब अपनी खीझ ग्रामीणों पर निकाल रहा है. वायरल वीडियो में वन विभाग के अधिकारी ग्रामीणों पर लाठियां बरसाते नजर आ रहे हैं. वहीं, नेशनल हाईवे 9 पर कार की खिड़की से बाहर निकलकर स्टंट करने वाले युवकों पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 12 हजार का चालान काटा है.
गाजियाबाद: ट्रांसफार्मर में धमाका, जान बचाने नाले में कूदा युवक
गाजियाबाद के खोड़ा नगर पालिका क्षेत्र में शॉर्ट सर्किट के चलते एक ट्रांसफार्मर में भीषण आग लग गई. आग की लपटों ने एक युवक को अपनी चपेट में ले लिया. खुद को बचाने के लिए युवक जलती हुई हालत में पास के नाले में कूद गया. स्थानीय लोगों ने बहादुरी दिखाते हुए उसे बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया. इस घटना में दो लोग झुलसे हैं, जिनका इलाज जारी है.
बुलंदशहर: ठंड और प्रदूषण की दोहरी मार, AQI 234 पहुंचा
बुलंदशहर में भीषण सर्दी के साथ-साथ प्रदूषण (AQI 234) ने लोगों का दम घोंटना शुरू कर दिया है. घने कोहरे और धुंध के कारण विजुअलिटी शून्य के करीब पहुंच गई है, जिससे वाहनों की रफ्तार थम गई है. सबसे ज्यादा परेशानी मजदूर वर्ग को हो रही है. बस स्टैंड और राधा नगर इलाकों में स्थिति काफी चिंताजनक बनी हुई है.
प्रतापगढ़: माघ मेले जा रहे 23 श्रद्धालु सड़क हादसे में घायल
प्रतापगढ़ के नगर कोतवाली क्षेत्र में कोहरे के कारण एक भीषण सड़क हादसा हो गया. यहाँ जोगापुर गांव के पास श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप को बस ने जोरदार टक्कर मार दी. हादसे के वक्त पिकअप में 37 श्रद्धालु सवार थे, जो संतकबीर नगर से मौनी अमावस्या पर स्नान के लिए माघ मेला जा रहे थे. इस हादसे में 23 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है. पुलिस प्रशासन मौके पर मौजूद है.
लखनऊ समेत कई जिलों में बारिश और कोहरे का अलर्ट
राजधानी लखनऊ सहित पूरे उत्तर प्रदेश में ठंड और कोहरे का कहर जारी है. मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण आज कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है. पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी से मैदानी इलाकों में ठिठुरन और बढ़ेगी. लखनऊ और पश्चिमी यूपी के जिलों में दृश्यता (Visibility) बेहद कम होने के कारण यातायात पर बुरा असर पड़ा है.