UP News Today Live: यूपी में ‘कोल्ड अटैक’, शामली में एनकाउंटर, गाजियाबाद में बुलडोजर और बाबा गैंग के 25 हजारी बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार
गोंडा: पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, 5 थानेदार बदले
गोंडा के पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए जिले में बड़ा फेरबदल किया है. एसपी ने मनकापुर, कटरा बाजार, वजीरगंज, धानेपुर और नगर कोतवाली के प्रभारियों को बदल दिया है. कुल 6 निरीक्षकों और 1 उप-निरीक्षक के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं.
लखनऊ: कोहरे और शीतलहर का डबल अटैक, सोनभद्र सबसे ठंडा
उत्तर प्रदेश में कुदरत का कहर जारी है. मौसम विभाग ने पूर्वांचल और तराई क्षेत्रों समेत प्रयागराज, वाराणसी, और कुशीनगर जैसे जिलों में घने कोहरे का रेड अलर्ट जारी किया है. ठंड के कारण ट्रेनों और उड़ानों पर बुरा असर पड़ा है. पिछले 24 घंटों में सोनभद्र 4°C के साथ सबसे ठंडा रहा. अस्पतालों में दिल के मरीजों की संख्या में भी भारी इजाफा देखा जा रहा है.
सोनभद्र: अनपरा बिजली घर में तकनीकी खराबी, 1630 मेगावाट उत्पादन ठप
सोनभद्र की अनपरा तापीय परियोजना के स्विच यार्ड में आई तकनीकी खराबी के कारण उत्तर प्रदेश में बिजली संकट गहरा गया. खराबी की वजह से अनपरा ‘A’ की तीन और अनपरा ‘B’ की दो इकाइयों समेत कुल 5 यूनिट अचानक बंद हो गईं, जिससे 1630 मेगावाट बिजली का उत्पादन ठप हो गया. हालांकि, युद्ध स्तर पर मरम्मत के बाद देर रात इकाइयों को फिर से चालू कर दिया गया है.
गाजियाबाद: लापता पूर्व नेवी कर्मी का नाले में मिला शव
मुरादनगर थाना क्षेत्र से एक दुखद खबर है. पिछले एक सप्ताह से लापता सेवानिवृत्त नेवी कर्मचारी अजय कुमार (45 वर्ष) का शव रेलवे स्टेशन के पास एक नाले में मिला है. अजय कुमार 2 जनवरी को मोबाइल सिम लेने के बहाने घर से निकले थे और रहस्यमय तरीके से लापता हो गए थे. परिजनों की तहरीर पर पहले ही गुमशुदगी दर्ज थी. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है.
गाजियाबाद: लोनी में अवैध कॉलोनियों पर चला ‘पीला पंजा’
प्रशासन ने भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए लोनी तहसील क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है. जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ के निर्देश पर एसडीएम लोनी दीपक सिंघनवाल ने यमुना खादर और अन्य डूब क्षेत्रों में काटी जा रही अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया. करीब 13.5 एकड़ जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया. इस कार्रवाई में GDA, यूपी औद्योगिक राज्य विकास प्राधिकरण और भारी पुलिस बल मौजूद रहा.
‘बाबा गैंग’ के गुर्गों से मुठभेड़, 25-25 हजार के इनामी ढेर
शामली के कैराना में पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है. कोतवाली क्षेत्र के जंगलों में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में कुख्यात ‘बाबा गैंग’ के दो सक्रिय गुर्गे, शावेज और जुनैद, पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए. दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था. बता दें कि इन बदमाशों ने 5 जनवरी को तीतरवाड़ा गांव के रहने वाले सरवर के घर पर हवाई फायरिंग की थी और पहले भी उसे जान से मारने की कोशिश कर चुके थे. पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार कर अस्पताल भेज दिया है.