UP Weather Today: नए पश्चिमी विक्षोभ से यूपी में बढ़ेगी ठंड, 2 डिग्री और लुढ़केगा पारा, IMD ने जताई संभावना
वाराणसी: हिमालयी क्षेत्र को जल्द ही एक नया पश्चिमी विक्षोभ प्रभावित करेगा. इसका असर यूपी में भी देखने को मिलेगा. अनुमान लगाया जा रहा है. आने वाले दिनों में इससे तापमान में और गिरावट आएगी. सिर्फ न्यूनतम ही नहीं बल्कि अधिकतम तापमान भी 2 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़का सकता है. भारतीय मौसम विभाग यानी आईएमडी ने इसकी संभावना जताई है.
लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र की ओर से जारी मौसम बुलेटिन के मुताबिक, 3 दिसम्बर को यूपी के पूर्वी और पश्चिमी दोनों ही संभाग में मौसम शुष्क रहने वाला है. इस दौरान प्रदेश के अलग-अलग जिलों में सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा छाए रहने का अनुमान है. यह दौर फिलहाल कुछ दिनों तक लगातार देखने को मिलेगा.
वाराणसी और आस पास आज दिखेगा कोहरा
आईएमडी का पूर्वानुमान है कि गुरुवार को वाराणसी, आजमगढ़, अयोध्या, सुल्तानपुर, जौनपुर, अमेठी, रायबरेली, चित्रकुट, प्रयागराज, प्रतापगढ़, गोरखपुर, महराजगंज, मिर्जापुर, जौनपुर, गाजीपुर, सोनभद्र, चंदौली में सुबह के वक्त कोहरे की चादर नजर आएगी. इस दौरान कहीं कम तो कहीं थोड़ा घना कोहरा दिख सकता है.अनुमान है यम जिलों में अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस के करीब होगा.
लखनऊ-नोएडा-गाजियाबाद में ऐसा होगा मौसम
प्रदेश के राजधानी लखनऊ में गुरुवार को ठंड लोगो को ज्यादा सताएगी. पूर्वानुमान है कि लखनऊ में आज अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बीते 24 घंटे की अपेक्षा थोड़ी गिरावट देखी जाएगी. आज लखनऊ में न्यूनतम तापमान 10 और अधिकतम 26 डिग्री सेल्सियस के करीब होगा. वहीं अगले 24 घण्टे में इसमें थोड़ी और गिरावट होगी. बात नोएडा की करें तो आज वहां सुबह से समय मध्यम कोहरा छाएं रहने का अनुमान है. ऐसे में आज नोएडा वालों को सुबह और रात के समय ठंड सताने वाली है. गाजियाबाद में भी मौसम आज ऐसा ही रहने का अनुमान है.
न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस की आएगी कमी
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया की यूपी के अलग-अलग जिलो में अगले 48 घण्टो में अधिकतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस तक कि कमी आएगी. वहीं न्यूनतम तापमान भी 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़केगा. तापमान में गिरावट के बाद शीतलहर का कहर भी यूपी के कई जिलों में देखने को मिलेगा.