अनपरा में अधिकारी एसोसिएशन ने प्रबंध निदेशक को सौंपा ज्ञापन, कहा- सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार हो पदोन्नति
Last Updated:
UP Latest News: प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व ई. पीयूष कुमार राय, केंद्रीय संयुक्त सचिव, उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम अधिकारी एसोसिएशन ने किया. उन्होंने प्रबंध निदेशक को अवगत कराया कि निगम में वर्तमान समय में अधिशासी अभियंता (Executive Engineer) के 100 से अधिक पद लंबे समय से रिक्त हैं.
UP News: सोनभद्र के अनपरा में गुरुवार को उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम के प्रबंध निदेशक डॉ. रूपेश कुमार के आगमन पर निगम अधिकारी एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर उनका स्वागत किया. इस दौरान एसोसिएशन ने निगम में व्याप्त कई गंभीर समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा और विशेष रूप से माननीय सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार पदोन्नति करने की मांग की.
एसोसिएशन ने बताया कि वर्ष 2023 में ज्येष्ठता (Seniority) विवाद से संबंधित वाद में माननीय सुप्रीम कोर्ट का निर्णय आ चुका है, लेकिन उसके बाद भी विभाग द्वारा ज्येष्ठता सूची जारी नहीं की गई है. इस कारण योग्य अभियंताओं की पदोन्नति अटकी हुई है. उन्होंने कहा कि पद रिक्त रहने के चलते कई इकाइयों में अभियंताओं पर दोहरे कार्यभार का दबाव है, जिससे उत्पादन इकाइयों के संचालन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है और विद्युत उत्पादन की दक्षता भी प्रभावित हो रही है.
प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन के माध्यम से यह भी आग्रह किया कि निगम के प्रशासनिक ढांचे में पदोन्नति, स्थानांतरण, और कार्यभार वितरण की प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध बनाया जाए ताकि कार्य वातावरण में सुधार हो सके और कर्मचारियों में उत्साह बढ़े.
बैठक के दौरान वार्ता सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई. इस अवसर पर वरिष्ठ अभियंता संगीत कुमार, सुशील कुमार सिंह, प्रवीण कश्यप, मृदुरंजन श्रीवास्तव सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित रहे. सभी ने एक स्वर में कहा कि यदि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप शीघ्र पदोन्नति प्रक्रिया पूरी की जाती है तो न केवल कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा बल्कि उत्पादन इकाइयों की कार्यकुशलता में भी सुधार आएगा.
प्रबंध निदेशक डॉ. रूपेश कुमार ने अधिकारियों की समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनी और उन्हें आश्वासन दिया कि ज्ञापन में उठाए गए मुद्दों की गंभीरता से समीक्षा की जाएगी. साथ ही न्यायोचित समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.

काशी के बगल चंदौली से ताल्लुक रखते है. बिजेनस, सेहत, स्पोर्टस, राजनीति, लाइफस्टाइल और ट्रैवल से जुड़ी खबरें पढ़ना पसंद है. मीडिया में करियर की शुरुआत ईटीवी भारत हैदराबाद से हुई. अभी लोकल18 यूपी के कॉर्डिनेटर की…और पढ़ें
काशी के बगल चंदौली से ताल्लुक रखते है. बिजेनस, सेहत, स्पोर्टस, राजनीति, लाइफस्टाइल और ट्रैवल से जुड़ी खबरें पढ़ना पसंद है. मीडिया में करियर की शुरुआत ईटीवी भारत हैदराबाद से हुई. अभी लोकल18 यूपी के कॉर्डिनेटर की… और पढ़ें