अब हरिद्वार जाना हुआ आसान, यूपी के लखीमपुर से शुरू हुई रोडवेज बस सेवा…यहां जानें टाईमिंग

0
अब हरिद्वार जाना हुआ आसान, यूपी के लखीमपुर से शुरू हुई रोडवेज बस सेवा…यहां जानें टाईमिंग


लखीमपुर खीरी: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले से हरिद्वार जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है. लंबे समय से लोगों की मांग थी कि जिले से सीधे हरिद्वार के लिए बस सेवा शुरू की जाए, ताकि बार-बार वाहन बदलने की परेशानी खत्म हो सके. अब लखीमपुर डिपो प्रशासन ने यात्रियों की इस मांग को पूरा करते हुए लखीमपुर से हरिद्वार के लिए नियमित बस सेवा शुरू कर दी है. नई सुविधा के बाद यात्रियों का सफर न केवल सुगम होगा, बल्कि समय और पैसे—दोनों की बचत होगी.

पहले नहीं थी सीधी बस

अब तक लखीमपुर डिपो से हरिद्वार के लिए कोई सीधी बस नहीं चलती थी. यात्रियों को पहले सीतापुर, शाहजहांपुर या बरेली जैसे बड़े बस स्टेशनों तक जाना पड़ता था और वहां से हरिद्वार के लिए दूसरी बस पकड़नी होती थी. इससे अतिरिक्त समय, किराया और असुविधा का सामना करना पड़ता था. खासकर बुजुर्ग, महिलाएं, विद्यार्थी और धार्मिक यात्राओं पर जाने वाले श्रद्धालु इस समस्या से सबसे अधिक प्रभावित होते थे.

क्या है टाइमिंग

लखीमपुर डिपो की एआरएम गीता सिंह ने बताया कि नई बस प्रतिदिन शाम 4 बजे लखीमपुर से रवाना होगी और सुबह लगभग 4 बजे हरिद्वार पहुंचेगी. बस पूरे दिन हरिद्वार में रुकेगी और फिर शाम 4 बजे ही वापसी के लिए रवाना होगी. इस तय समय-सारणी से यात्रियों को यात्रा की बेहतर योजना बनाने में सुविधा मिलेगी.

हरिद्वार एक प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थल है

बस सेवा शुरू होने से जिले के व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और पर्यटकों को भी बड़ी राहत मिलेगी. हरिद्वार एक प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थल है, जहां पूरे वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं. इसके अलावा उत्तराखंड के अन्य पहाड़ी क्षेत्रों में जाने वाले लोग भी इस बस सेवा का सीधा लाभ उठा सकेंगे.

पहले हरिद्वार जाने के लिए यात्रियों को बरेली या शाहजहांपुर से ट्रेन पकड़नी पड़ती थी, लेकिन अब लखीमपुर से सीधे बस उपलब्ध हो जाने से यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित और समयबद्ध हो गई है. नई सेवा शुरू होने के बाद जिले के हजारों लोगों को यात्रा में बड़ी राहत मिलेगी.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *