आगरा: 1 सेकंड में 10 हजार बुकिंग से सर्वर डाउन, DSO ने दी राहत भरी खबर
Last Updated:
Agra Gas Cylinder Supply: आगरा में गैस सिलेंडर और पेट्रोल-डीजल की किल्लत की खबरें महज अफवाह हैं. जिला आपूर्ति अधिकारी आनंद कुमार सिंह ने स्पष्ट किया है कि जिले में ईंधन का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है. बुकिंग सर्वर पर लोड बढ़ने के बावजूद 4-5 दिनों में डिलीवरी सुनिश्चित की जा रही है. घरेलू सिलेंडर ₹925.50 और व्यावसायिक ₹1937.50 के निर्धारित रेट पर ही मिलेंगे. कालाबाजारी या एक्स्ट्रा चार्ज वसूलने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी. पैनिक न हों और किसी भी भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करें.
आगरा: ताजनगरी में पिछले कुछ दिनों से रसोई गैस और पेट्रोल-डीजल की कमी को लेकर बाजार में अफवाहों का बाजार गर्म है. लेकिन अब खुद जिला प्रशासन ने सामने आकर स्थिति साफ कर दी है. आगरा के जिला आपूर्ति अधिकारी (DSO) आनंद कुमार सिंह ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह की ‘पैनिक बुकिंग’ न करें. उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में ईंधन का पर्याप्त भंडार है और बुकिंग संख्या में अचानक आए भारी उछाल के कारण सर्वर में कुछ तकनीकी दिक्कतें आई थीं, जिसे जल्द ही दुरुस्त कर लिया गया है.
पैनिक बुकिंग से बचाएं खुद को, न ध्यान दें अफवाहों पर
आगरा के जिला आपूर्ति अधिकारी आनंद कुमार सिंह ने स्पष्ट किया है कि जिले में घरेलू गैस (एलपीजी), पेट्रोल और डीजल का स्टॉक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है. उन्होंने कहा कि लोग घबराकर जरूरत से ज्यादा बुकिंग न करें. अक्सर अफवाहों के चलते लोग पैनिक हो जाते हैं, जिससे सिस्टम पर दबाव बढ़ता है. अधिकारी ने भरोसा दिलाया कि बुकिंग के बाद अधिकतम 4-5 दिनों के भीतर सिलेंडर की डिलीवरी सुनिश्चित की जा रही है.
क्यों डाउन हुआ था बुकिंग सर्वर?
DSO ने एक चौंकाने वाला आंकड़ा साझा करते हुए बताया कि देशभर में अचानक सिलेंडर बुकिंग की रफ्तार दोगुनी हो गई है. उन्होंने कहा, ‘पहले भारत में औसतन एक सेकंड में 5000 सिलेंडर बुक होते थे, लेकिन हाल ही में यह संख्या अचानक 10,000 प्रति सेकंड पार कर गई.’ इसी भारी लोड की वजह से ऑनलाइन सर्वर धीमा हुआ था, जिसे अब ठीक किया जा रहा है. उन्होंने याद दिलाया कि उपभोक्ता अपना दूसरा सिलेंडर 15 से 25 दिनों के अंतराल पर आसानी से बुक कर सकते हैं.
कब तक पहुंचेगा आपके घर सिलेंडर?
डीओएस ने बताया कि अधिक बुकिंग बढ़ने से थोड़ी समस्या जरूर देखने को मिली थी, लेकिन अब यह समस्या दूर हो गई है. उन्होंने कहा कि अब लोगों को गबराहने या किसी भी तरह से पेनिक होने की जरुरत नहीं है. कहा कि पहले सिलेंडर कि बुकिंग के बाद दूसरे सिलेंडर को 25 दिन बाद आसानी से बुक किया जा सकता है. सिलेंडर बुकिंग के बाद आसानी से अधिकतम 4 से 5 दिनों के भीतर घर पहुंच जायेगा.
ओवररेटिंग और कालाबाजारी पर सख्त एक्शन
प्रशासन ने उन लोगों को भी कड़ी चेतावनी दी है जो इस स्थिति का फायदा उठाकर कालाबाजारी करने की ताक में हैं. DSO ने स्पष्ट किया कि गैस सिलेंडर के दामों में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है.
घरेलू गैस सिलेंडर (14.2kg): ₹925.50
व्यावसायिक गैस सिलेंडर (19kg): ₹1937.50
यदि कोई वेंडर या एजेंसी निर्धारित रेट से एक रुपया भी ज्यादा मांगती है, तो उपभोक्ता तुरंत इसकी शिकायत जिला आपूर्ति कार्यालय में कर सकते हैं.
पेट्रोल-डीजल की स्थिति सामान्य
रसोई गैस के साथ-साथ पेट्रोल पंपों पर भी भीड़ बढ़ने की खबरों को अधिकारी ने खारिज किया. उन्होंने कहा कि सभी पेट्रोल पंपों पर ईंधन की सप्लाई सुचारू है. उपभोक्ताओं को भ्रमित होने की आवश्यकता नहीं है और वे अपनी जरूरत के अनुसार ही ईंधन खरीदें.
About the Author
राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें