कचरे में मिला दिल्ली बम ब्लास्ट का सच, कहां था डॉ. आदिल विस्फोट से पहले? खुल गया बड़ा राज
Last Updated:
Delhi Car Blast: फेमस मेडिकेयर अस्पताल के डॉक्टर आदिल अहमद राथर की गिरफ्तारी के बाद अब जांच एजेंसियों को ऐसे-ऐसे सुराग मिले हैं, जिन्होंने पूरे पश्चिमी यूपी को चौकन्ना कर दिया है।
Delhi Car Blast News: दिल्ली ब्लास्ट के बाद ‘डॉक्टर्स ऑफ टेरर’ की कुंडली खंगाली जा रही है. एक के बाद एक नए चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं. उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से कथित संबंधों के आरोप में गिरफ्तार डॉक्टर आदिल अहमद राथर की परत दर परत खुलती जा रही है. अब पुलिस को आदिल के किराए के घर के पास से एक ऐसी चीज मिली, जिससे साफ हो गया कि वो कार ब्लास्ट से 10 दिन पहले दिल्ली में ही मौजूद था.
फेमस मेडिकेयर अस्पताल के डॉक्टर आदिल की गिरफ्तारी के बाद अब जांच एजेंसियों को ऐसे-ऐसे सुराग मिले हैं, जिन्होंने पूरे पश्चिमी यूपी को चौकन्ना कर दिया है. दिखने में शांत, पेशे से डॉक्टर और हाल ही में शादी करने वाले डॉ. अदिल के आतंकी नेटवर्क से जुड़े होने की खबर ने उसके साथियों और अस्पताल स्टाफ को हक्का-बक्का कर दिया है. अनंतनाग (जम्मू-कश्मीर) का रहने वाला आदिल सहारनपुर के अंबाला रोड स्थित फेमस मेडिकेयर अस्पताल में कार्यरत था.
एटीएस ने 6 नवंबर को सहारनपुर के अंबाला रोड स्थित एक छोटे से ढाबे से बिरयानी खाते हुए गिरफ्तार किया था. बताया जा रहा है कि आदिल भागने की फिराक में था, मगर उससे पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गया. जांच के बाद फरीदाबाद में विस्फोटक और हथियारों के जखीरे की बरामदगी ने शक को और गहरा कर दिया. अब एजेंसियां यह जांच कर रही हैं कि क्या आदिल पश्चिमी यूपी में किसी बड़े आतंकी मॉड्यूल की नींव रख रहा था.

इस बीच एक और बड़ी जानकारी सामने आई. आदिल सहारनपुर के मानकमऊ क्षेत्र में किराए के घर में रहता था. उसके घर के पास कचरे में से उसका श्रीनगर से दिल्ली का फ्लाइट टिकट मिला है. इससे साफ हो गया कि ब्लास्ट से 10 दिन पहले यानि 31 अक्टूबर को आदिल इंडिगो एयरलाइन से श्रीनगर से दिल्ली गया था. वह दिल्ली से सहारनपुर कब लौटा ये जांच का विषय है. हालांकि पुलिस ने टिकट अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.
डॉक्टर आदिल अहमद जम्मू कश्मीर के कुलगाम जिले के वानपुरा का रहने वाला है. श्रीनगर मेडिकल कॉलेज से उसने MBBS की पढ़ाई की है. इसके बाद वह अनंतनाग के सरकारी मेडिकल कॉलेज में रेजिडेंट डॉक्टर के तौर पर नौकरी करने लगा. हालांकि वर्ष 2024 में अनंतनाग के सरकारी मेडिकल कॉलेज से इस्तीफा दे दिया और सहारनपुर आ गया. तब से वह सहारनपुर के अलग अलग निजी अस्पतालों में नौकरी करता रहा. फिलहाल वह फेमस मेडिकेयर अस्पताल में नौकरी कर रहा था.