कन्नौज की धूप बत्ती का कमाल, डिजाइनर कोन धूप की देशभर में बढ़ी मांग, जानिए वजह
Last Updated:
कन्नौज को इत्र नगरी के रूप में पूरी दुनिया में पहचान मिली है, लेकिन अब यहां की धूप बत्ती भी अपनी अलग छाप छोड़ रही है. पूजा-पाठ और धार्मिक आयोजनों में इस्तेमाल होने वाली कन्नौज की खुशबूदार धूप बत्ती की मांग लगातार बढ़ रही है और इसकी महक अब देश के कई शहरों तक पहुंच रही है.
कन्नौज. कन्नौज को इत्र नगरी के नाम से दुनिया भर में जाना जाता है. यहां गुलाब, केवड़ा और खस के इत्र की खुशबू वर्षों से लोगों को आकर्षित करती रही है. लेकिन, अब इसी खुशबुओं की धरती पर धूप बत्ती भी अपनी अलग पहचान बना रही है. धार्मिक आयोजनों, मंदिरों और घरों में पूजा-पाठ के दौरान कन्नौज की धूप बत्ती की मांग लगातार बढ़ती जा रही है. इसकी सुगंध लोगों के दिन की शुरुआत को पवित्र और सकारात्मक बना रही है.
45 साल पुरानी परंपरा, भरोसे की पहचान
शहर के बड़ा बाजार से आगे अजय पाल रोड स्थित श्री बालाजी अगरबत्ती भंडार पिछले करीब 45 साल से इस कारोबार से जुड़ा हुआ है. दुकान के मालिक अशोक कुमार शुक्ला और उनके बेटे निशांत शुक्ला बताते हैं कि उन्होंने पारंपरिक तरीके को आधुनिक डिजाइन के साथ जोड़ा है. खासकर डिजाइनर कोन धूप की मांग सबसे ज्यादा रहती है. आकर्षक पैकिंग और लंबे समय तक टिकने वाली सुगंध ने ग्राहकों का भरोसा मजबूत किया है.
सौ से अधिक वैरायटी, हर पसंद का ख्याल
यहां 100 से अधिक प्रकार की धूप बत्ती उपलब्ध है. चंदन, गुलाब, मोगरा, लवेंडर, खस, केवड़ा और मिश्रित हर्बल सुगंध जैसी कई खुशबुएं ग्राहकों को मिलती हैं. धार्मिक उपयोग के साथ-साथ अरोमा और मेडिटेशन के लिए भी विशेष धूप तैयार की जाती है. त्योहारों और विवाह सीजन में इसकी बिक्री कई गुना बढ़ जाती है.
देशभर में पहुंच रही कन्नौज की खुशबू
दुकान संचालक अशोक शुक्ला के अनुसार उनकी धूप बत्ती केवल स्थानीय बाजार तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के कई राज्यों में इसकी सप्लाई की जाती है. कई व्यापारी यहां से थोक में खरीदारी कर अन्य शहरों में भेजते हैं. उनका कहना है कि गुणवत्ता और शुद्धता के कारण ग्राहकों की संख्या लगातार बढ़ रही है. कन्नौज का धूप बत्ती कारोबार यह साबित कर रहा है कि पारंपरिक व्यवसाय भी समय के साथ खुद को बदलकर नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकते हैं. इत्र की तरह अब धूप बत्ती भी कन्नौज की पहचान को और मजबूत कर रही है और आने वाले समय में यह उद्योग और विस्तार की ओर बढ़ता नजर आ रहा है.
About the Author
पिछले 4 साल से मीडिया इंडस्ट्री में काम कर रही हूं और फिलहाल News18 में कार्यरत हूं. इससे पहले एक MNC में भी काम कर चुकी हूं. यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश की बीट कवर करती हूं. खबरों के साथ-साथ मुझे…और पढ़ें