क्या 26 जनवरी को ताजमहल में देख सकेंगे शाहजहां-मुमताज की कब्र? तीन दिन फ्री रहेगी एंट्री
Agency:News18 Uttar Pradesh
Last Updated:
Agra Latest News: ताजमहल घूमने जाने वालों के लिए खुशी की खबर है. दरअसल, 26 जनवरी से लेकर 28 जनवरी तक एंट्री फ्री है और खास बात यह है कि इन दिन तक आप शाहजहां-मुमताज की कब्र भी देख सकेंगे. आइए जानते हैं पूरा मामल…और पढ़ें
ताजमहल में तीन दिन एंट्री फ्री.
आगरा. अगर आप घूमने फिरने के शौकीन है, और आगरा में ताजमहल घूमने का प्लान बना रहे है तो यह खबर आपके लिए जरूरी है. क्योंकि, 26 से 28 जनवरी के बीच ताजमहल घूमने का प्लान है, तो आप ताज वो चीज देख सकेंगे जो साल में सिर्फ एक बार ही पर्यटक देख सकते है, और साथ ही ताजमहल में सभी के लिए इस दिन एंट्री भी फ्री रहेगी. आइए जानते हैं क्या है आखिर ताजमहल के अंदर वो खास चीज.
आपने सुना होगा कि शहंशाह ने अपनी बेगम मुमताज की याद में ताजमहल बनवाया था. ताजमहल के मुख्य गुंबद के ठीक नीचे ही शाहजहां और मुमताज की मुख्य कब्रें भी मौजूद है. जो कब्रें साल में सिर्फ एक बार ही तीन दिन के लिए खोली जाती है. जिसके बाद यह कब्रें पूरी साल बंद रहती है. आगामी 26 से 28 जनवरी के बीच इन कब्रों को खोला जाएगा और साथ ही ताजमहल में सभी के लिए एंट्री भी फ्री रहेगी. शाहजहां का 370वां उर्स इस बार 26 से 28 जनवरी के बीच बनाया जाएगा, जिसको लेकर तैयारी शुरू कर दी गई है. उर्स में हजारों की संख्या में जायरीनों के आने का अनुमान लगाया जा रहा है. जिसके चलते पर्यटन पुलिस, ताज सुरक्षा पुलिस, CISF और ASI ने भी अपनी तैयारी कड़ी कर दी है, और दावा किया है, की उर्स के दौरान चप्पे चप्पे पर नजर रखी जाएगी, अगर कोई भी ऐसी चीज होगी, जिससे ताजमहल को खतरा होगा, उसको अंदर नहीं भेजा जाएगा.
26 और 27 को दोपहर में फ्री एंट्री
शाहजहां का 370वां उर्स 26 तारीख की दोपहर से शुरू हो जाएगा. जिसके चलते 26 और 27 जनवरी को देसी और विदेशी पर्यटकों दोपहर दो बजे के बाद ताजमहल में फ्री एंट्री मिलेगी और आखिरी दिन यानी कि 28 जनवरी को सुबह से लेकर शाम तक ताजमहल में सभी पर्यटकों के लिए निःशुल्क प्रवेश रहेगा. देसी और विदेशी सभी पर्यटकों के लिए प्रवेश निशुल्क रहेगा. चेकिंग के बाद सभी की एंट्री ताजमहल में होगी. ताजमहल के पूर्वी और पश्चिमी गेट पर कड़ी निगरानी रखी गई है, जिसके चलते अब तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है.
मुस्लिम युवक से शादी करने के लिए हिंदू युवती ने लिखा पत्र, पढ़ते ही मां हुई बेहोश, बोली- मेरी बेटी…
अन्य स्मारकों से बुलाया गया ASI स्टाफ
ASI अधिकारी और ताजमहल के इंचार्ज प्रिंस वाजपेई ने बताया कि उर्स के दौरान हर साल ताजमहल आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ जाती है. जायरीनों की संख्या भी अच्छी खासी रहती है, जिसके चलते हमने अन्य स्मारकों से बुलाकर ASI के 25 कर्मचारियों की ड्यूटी भी ताजमहल में लगाई है, साथ ही CISF के जवानों की संख्या भी बढ़ाई गई है, जिससे कि ताजमहल की सुरक्षा में कोई भी खतरा न हो सके. 26 और 27 को दोपहर दो बजे के बाद पर्यटकों का ताजमहल में फ्री प्रवेश रहेगा, जबकि 28 को सुबह से सभी पर्यटक फ्री में एंट्री करेंगे. ऐसे में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सभी पर्यटक और जायरीनों को प्रवेश दिया जाएगा और साथ ही चप्पे चप्पे पर नजर रखी जाएगी.
पिंक सूट पहनकर महाकुंभ पहुंची महिला, देखते ही पीछे पड़ा अघोरी बाबा भूतनाथ, लोग बोले- ये तो…
बैरिकेटिंग कर बढ़ाई गई फोर्स
एसीपी ताज सुरक्षा अरीब अहमद ने बताया कि शुरू से ही ताजमहल के बाहर की सुरक्षा व्यवस्था हमारे लिए मुख्य रही है. उर्स के समय पर सभी पुलिस कर्मियों को अलर्ट कर दिया गया है. ताजमहल के तीनों गेट पर पुलिस बैरिकेटिंग पहले से ही है, लेकिन उर्स के दौरान पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ाई गई है. ताजमहल के अंदर जाने वाले सभी पर्यटकों पर हमारी पुलिस नजर रखेगी, साथ ही सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी रखी जाएगी, अगर कोई भी संदिग्ध दिखाई देगा, तो उसको ताजमहल के आसपास नहीं भेजा जाएगा.
हिंदू महासभा कर रही प्रदर्शन
हर साल की तरह इस साल भी हिंदू महासभा के द्वारा जोरदार प्रदर्शन किया जा रहा है. हिंदू महासभा के कार्यकर्ताओं का दावा है कि ताजमहल नहीं बल्कि भगवान शिव का मंदिर तेजी महालय है. इस मामले में कोर्ट में केस भी चल रहा है. इसके बावजूद भी ताजमहल में उर्स मनाया जा रहा है. हिंदू महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय जाट का कहना है कि हमने ASI कार्यालय पर प्रदर्शन किया और अधिकारियों को उर्स रोकने के संबंध में ज्ञापन भी दिया है. किसी भी स्मारक पर इस तरह के आयोजन नहीं होने चाहिए, लेकिन हर साल ताजमहल एक अंदर शाहजहां का उर्स होता है.
इस बार चढ़ाई जाएगी इतनी लंबी चादर
इस साल ताजमहल में उर्स के मौके पर शाहजहां और मुमताज की कब्र पर लगभग 1500 फीट लंबी चादर चढ़ाई जाएगी. यह चादर सतरंगी होगी, जिसमें हिन्दू मुस्लिम एकता का संदेश दिखाई देगा. पिछली साल लगभग 1560 फीट की चादर उर्स के मौके पर चढ़ाई गई थी. हालांकि हर साल चढ़ाने वाली चादर की लंबाई बढ़ाई जाती है, लेकिन इस बार इस चादर की लंबाई को घटाया गया है.
यह होंगे कार्यक्रम
26 से 28 जनवरी तक चलने वाले उर्स में अलग अलग कार्यक्रम होंगे. जिसमें सबसे पहले 26 जनवरी को दोपहर दो बजे मुख्य कब्रों के मकबरे को खोला जाएगा, उसके बाद गुस्ल, फातिहा और दुआ की रस्म अदा होगी, फिर 27 जनवरी को दोपहर दो बजे के बाद संदल की रस्म को अदा किया जाएगा और फिर आखिरी दिन 28 जनवरी को कुरान ख्वानी, कुल, फातिहा, चादरपोशी और अंत में दुआ के बाद उर्स का समापन होगा.
रेलवे स्टेशनों की बढ़ाई गई सुरक्षा
वहीं 26 जनवरी के चलते रेलवे अलर्ट है. जिसके चलते आगरा रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा बढ़ाई गई है. जीआरपी और आरपीएफ की भी ड्यूटी बढ़ा दी गई है. दिल्ली की तरफ जाने वाले पार्सल बुकिंग को रेलवे प्रशासन ने फिलहाल बंद कर दिया है. रेलवे स्टेशनों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से भी की जा रही है.
Agra,Agra,Uttar Pradesh
January 24, 2025, 22:30 IST