खुद का शुरू करना है बिजनेस, तो इस सरकारी स्कीम से मिलेगा लोन..ऐसे करें अप्लाई
अमेठी: अपना खुद का रोजगार शुरू करने के लिए हमें आर्थिक समस्याओं का अक्सर सामना करना पड़ता है, लेकिन यदि आप अपने खुद के छोटे और बड़े रोजगार की शुरुआत करना चाहते हैं, तो आपको आर्थिक तंगी से परेशान नहीं होना पड़ेगा. जी हां, खुद का स्वरोजगार शुरू करने के लिए आपको 10 हजार से लेकर 50 हजार रुपए तक का ऋण ब्याज मुक्त तरीके से उपलब्ध कराया जाएगा. इसमें किसानों को क्रेडिट कार्ड भी दिया जाएगा, जिससे उन्हें अनुदान और छूट भी मिल सके.
कौन उठा सकता है योजना का लाभ
दरअसल, जिला नगरीय विकास प्राधिकरण (डूडा) की तरफ से यह काम की योजना पीएम स्वानिधि योजना चलाई गई है. जनपद अमेठी द्वारा संचालित पी०एम० स्वनिधि योजना के अर्न्तगत जनपद के नगर पालिका परिषद् गौरीगंज, नगर पालिका परिषद् जायस, नगर पंचायत अमेठी, नगर पंचायत मुसाफिरखाना के रेडही पटरी पर व्यवसाय करने वाले स्ट्रीट वेण्डर्स को अपने व्यवसाय को आगे बढाने के लिये ऋण योजना लाभ ले सकते हैं.
कितना मिलता है रुपया
इस योजना में अपने छोटे और बड़े व्यवसाय को शुरू करने के लिए पहले चरण में 10 हजार रुपए दिए जाते थे, जिसें बढ़ाकर अब 15 हजार किया गया है. इसके साथ ही इसी योजना में द्वितीय चरण का ऋण 20 हजार से बढ़कर को 25, हजार कर दिया गया है. इसके साथ ही अंतिम और तृतीय चरण का ऋण 50, हजार रुपए का बैंक द्वारा उपलब्ध कराया जायेगा. खास बात यह है कि इस अनुदान से आप अपने खुद के छोटे और बड़े व्यवसाय की शुरुआत कर सकते हैं. इसके अलावा किसानों को इसी योजना के अंतर्गत 30 हजार रुपए का क्रेडिट कार्ड भी बैंक द्वारा दिया जायेगा.
इन कागजातों की पड़ेगी जरूरत
अमेठी में दुकानदरों को इस योजना के अन्तर्गत आवेदन करने के लिए अपने नगर पंचायत और नगर पालिका स्थित कार्यालय में अपनी दुकान की पंजीकरण संख्या, आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक फोटो और मोबाइल नंबर के साथ अपना आवेदन करना होगा. नगर पंचायत और नगर पालिका के दुकानदार ही इस योजना का लाभ ले सकते हैं.
पहले आओ पहले पाओ
विभागीय जिम्मेदार अधिकारी सूर्य प्रताप सिंह ने कहा कि यह योजना बहुत ही काम की है. इससे बेरोजगारों को रोजगार शुरू करने में काफी आसानी होगी. इस योजना के तहत आवेदन शुरू हो गए हैं जो भी इच्छुक लाभार्थी हैं वो कागजात के साथ अपने आवेदन कर योजना का लाभ पहले आओ पहले पाओ के आधार पर ले सकते हैं