गर्मियों में गाड़ी बार-बार ओवरहीट हो रही है? अपनाएं ये एक्सपर्ट टिप्स…इंजन, कूलिंग और टायर हमेशा रहेंगे फिट

0
गर्मियों में गाड़ी बार-बार ओवरहीट हो रही है? अपनाएं ये एक्सपर्ट टिप्स…इंजन, कूलिंग और टायर हमेशा रहेंगे फिट


Last Updated:

Car Maintenance Tips: गर्मियों का मौसम आते ही कार मालिकों की मुश्किलें बढ़ जाती हैं. अक्सर देखा जाता है कि गर्मी में कार का एसी काम करना बंद कर देता है या बीच रास्ते में गाड़ी का इंजन ओवरहीट होकर जवाब दे देता है. अगर आप भी चाहते हैं कि इस तपती गर्मी में आपकी कार ‘चिल्ड’ कूलिंग दे और बीच सफर में कोई धोखा न मिले, तो यह खास रिपोर्ट आपके लिए है. बहराइच के ऑटो एक्सपर्ट्स ने बताए हैं कुछ ऐसे आसान तरीके जिनसे आप अपनी कार को फिट रख सकते हैं और टायर फटने या इंजन सीज होने जैसे बड़े खतरों से बच सकते हैं.

Car Maintenance Tips: गर्मियों का मौसम आते ही कार मालिकों के लिए सबसे बड़ी चुनौती अपने वाहन को दुरुस्त रखने की होती है. अगर आप अपनी कार की सही देखभाल नहीं करते हैं, तो वह ऐन मौके पर धोखा दे सकती है. गर्मी में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाला एसी कई बार कूलिंग छोड़ देता है और सिर्फ गर्म हवा फेंकने लगता है. ऐसे में कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखकर आप अपनी कार को बड़े आराम से फिट रख सकते हैं और लंबी यात्रा का आनंद ले सकते हैं.

सफर पर निकलने से पहले बोनट खोलकर ये चीजें जरूर देखें
गर्मियों में कार का ध्यान रखना कोई रॉकेट साइंस नहीं है, बस आपको थोड़ा सतर्क रहने की जरूरत है. एक्सपर्ट्स का मानना है कि जब भी आप गाड़ी को किसी लंबी दूरी पर ले जाएं, तो स्टार्ट करने से पहले उसका ‘कूलेंट’ जरूर चेक करें. इसके साथ ही इंजन ऑयल और ब्रेक ऑयल की स्थिति भी देख लेनी चाहिए. कई बार इंजन ऑयल कम होने की वजह से गाड़ी का इंजन गर्म होकर सीज हो जाता है, जिससे मालिक को हजारों-लाखों का नुकसान उठाना पड़ता है. इसके अलावा रेडिएटर को भी खोलकर देख लें कि उसमें कोई लीकेज तो नहीं है. समय-समय पर सर्विसिंग कराते रहने से ऐसी समस्याएं नहीं आतीं.

टायर प्रेशर का रखें खास ख्याल, जरा सी चूक पड़ सकती है भारी
इंजन के बाद सबसे जरूरी चीज है टायर में हवा का दबाव. अगर आपकी गाड़ी और टायर पुराने हैं, तो हवा का प्रेशर 30 से 35 पॉइंट के बीच रखें. वहीं अगर वाहन और टायर नए हैं, तो आप इसे 35 से 40 पॉइंट तक रख सकते हैं. गर्मियों में अक्सर टायर के फटने से बड़ी दुर्घटनाएं हो जाती हैं. एक्सपर्ट बताते हैं कि जिन टायरों में साधारण हवा होती है, वे गाड़ी चलने पर गर्म होकर फैलते हैं और प्रेशर बढ़ जाता है. इसलिए गर्मियों में नाइट्रोजन हवा भरवाना ज्यादा सुरक्षित रहता है और हवा का प्रेशर थोड़ा कम ही रखना चाहिए.

एसी की कूलिंग बरकरार रखने के लिए अपनाएं ये नुस्खा
भीषण गर्मी में अगर कार का एसी फेल हो जाए, तो सफर सजा बन जाता है. कई बार गैस होने के बावजूद एसी कूलिंग नहीं करता. ऐसी स्थिति से बचने के लिए गर्मियों की शुरुआत में ही एक बार मैकेनिक से एसी की सर्विस जरूर करा लेनी चाहिए. अच्छी कूलिंग के लिए एसी फिल्टर और रेडिएटर की सफाई समय-समय पर करते रहना बहुत जरूरी है. अगर एसी का कूलेंट कम हो, तो उसे तुरंत टॉप-अप करवाएं.

सावधानी ही है सबसे बड़ा बचाव
ऊपर बताई गई छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर आप अपने वाहन को गर्मियों में एकदम फिट रख सकते हैं. लंबी यात्रा पर जाने से पहले एक बार कार की पूरी जांच जरूर करा लें ताकि आपको और आपके परिवार को रास्ते में किसी परेशानी का सामना न करना पड़े. याद रखें, गाड़ी का सही रखरखाव न केवल आपके सफर को सुखद बनाता है, बल्कि आपकी जेब पर पड़ने वाले फालतू बोझ को भी कम करता है.

About the Author

Seema Nath

सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News18 (नेटवर्क18) के साथ जुड़ी हूं, जहां मै…और पढ़ें



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों