पहले पत्नी की गला रेतकर हत्या, फिर खुद भी दी जान, बच्चा ना होने से था नाराज
Last Updated:
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में होली के दिन एक परिवार का अंत हो गया. 9 साल से संतान 9 होने से परेशान शख्स ने पहले पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी. उसके बाद खुद की भी जान ले ली. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और जांच में जुटी है.
मुरादाबाद में पत्नी की हत्या कर खुद भी दी जान
मुरादाबाद. उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के मझोला थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. बच्चा न होने के चलते चल रहे लंबे विवाद ने इतना भयानक रूप ले लिया कि पति ने पत्नी की चाकू से हत्या कर दी और बाद में खुद भी चाकू मारकर आत्महत्या कर ली.
पुलिस के अनुसार, थाना मझोला क्षेत्र के नया गांव के रहने वाले एक युवक ने अपनी पत्नी पर चाकू से कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. इसके बाद आरोपी युवक ने खुद को भी चाकू से गंभीर रूप से घायल कर लिया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. घायल अवस्था में पड़े युवक को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
बच्चा ना होने की वजह से होता था विवाद
जानकारी के मुताबिक दोनों की शादी करीब 9 साल पहले हुई थी. शादी के इतने साल बीत जाने के बावजूद संतान नहीं होने से दोनों के बीच लगातार तनाव और झगड़े चलते रहे. परिवार और पड़ोसियों के अनुसार, इस मुद्दे पर अक्सर बहस होती थी और ताने दिए जाते थे. इसी तनाव ने आखिरकार इस खौफनाक कदम तक पहुंचा दिया. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. घटनास्थल से चाकू बरामद कर लिया गया है.
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और बताया है कि यह पूरी घटना घरेलू विवाद का नतीजा लगती है. इलाके में इस वारदात से सनसनी फैल गई है. लोग होली जैसे त्योहार के बीच ऐसी घटना से सदमे में हैं. पुलिस ने कहा कि जांच में और कोई वजह सामने आती है तो उसकी भी पड़ताल की जाएगी, लेकिन फिलहाल संतान न होने का विवाद मुख्य कारण दिख रहा है.
About the Author

अमित तिवारी, News18 Hindi के डिजिटल विंग में प्रिंसिपल कॉरेस्पॉन्डेंट हैं. वर्तमान में अमित उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, ब्यूरोक्रेसी, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और रिसर्च बेस्ड कवरेज कर रहे हैं. अख़बार…और पढ़ें