फसलों को कीट पतंगों से बचाएगा ये सोलर लाइट ट्रैप, सब्सिडी के साथ मिल रहा ये सिस्टम, जानिए कैसे करें आवेदन
Last Updated:
Firozabad latest news : फिरोजाबाद के किसानों को अब फसलों को कीट पतंगों से बचाने के लिए रासायनिक दवाओं पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा. कृषि विभाग ने सोलर लाइट ट्रैप योजना शुरू की है, जिससे कीट स्वतः नष्ट होंगे. यह तकनीक फसल सुरक्षा के साथ लागत कम करने में भी किसानों की मदद करेगी.
फिरोजाबाद : फिरोजाबाद जिले के किसान भाइयों के लिए कृषि विभाग ने फसलों को कीट पतंगों से बचाने के लिए एक नई और कारगर व्यवस्था शुरू की है. इस नई तकनीक से न केवल फसलों की सुरक्षा होगी बल्कि किसानों को रासायनिक कीटनाशकों के छिड़काव से भी छुटकारा मिलेगा. सोलर लाइट ट्रैप के माध्यम से कीट पतंगों को नष्ट किया जाएगा जिससे किसानों की लागत कम होगी और उत्पादन बेहतर होगा.
कीट पतंगों से होता है फसलों को सबसे ज्यादा नुकसान
किसानों को फसलों में सबसे अधिक नुकसान कीट पतंगों की वजह से उठाना पड़ता है. खासतौर पर जब फसलों में फूल आते हैं तो कीट पतंगे उन्हें नष्ट कर देते हैं. इससे पैदावार घट जाती है और किसानों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ता है. अब तक किसान इनसे बचाव के लिए तरह तरह की रासायनिक दवाओं का छिड़काव करते थे जिससे खर्च बढ़ता था.
रासायनिक दवाओं से स्वास्थ्य पर भी पड़ता है असर
फसलों पर ज्यादा मात्रा में रासायनिक कीटनाशकों के प्रयोग से न सिर्फ मिट्टी की गुणवत्ता प्रभावित होती है बल्कि मानव स्वास्थ्य पर भी इसका नकारात्मक असर पड़ता है. यही वजह है कि सरकार ने रासायनिक दवाओं के सीमित उपयोग को बढ़ावा देने के लिए कीट रोग नियंत्रण योजना की शुरुआत की है. इस योजना के तहत अब सोलर लाइट ट्रैप किसानों को उपलब्ध कराया जा रहा है.
सोलर लाइट ट्रैप कैसे करता है काम
कृषि रक्षा अधिकारी सुमित चौहान ने बताया कि यह सोलर लाइट ट्रैप पूरी तरह ऑटोमैटिक सिस्टम है. यह दिन में सूर्य की रोशनी से चार्ज होता है और जैसे ही अंधेरा होता है इसकी लाइट जलने लगती है. रोशनी की तरफ आकर्षित होकर कीट पतंगे ट्रैप के पास आते हैं और नीचे गिरकर मर जाते हैं. इससे फसलों को बिना किसी दवा के सुरक्षा मिलती है.
किसानों को मिलेगा सीधा लाभ और लागत में कमी
सोलर लाइट ट्रैप के इस्तेमाल से किसानों को बार बार दवाओं के छिड़काव की जरूरत नहीं पड़ेगी. इससे उनकी खेती की लागत कम होगी और पर्यावरण भी सुरक्षित रहेगा. साथ ही किसानों को बेहतर गुणवत्ता की फसल मिलेगी जिससे उनकी आमदनी बढ़ने की संभावना है.
पहले आओ पहले पाओ के आधार पर मिलेगा ट्रैप
कृषि विभाग द्वारा यह सोलर लाइट ट्रैप पहले आओ पहले पाओ की तर्ज पर किसानों को दिया जा रहा है. फिरोजाबाद जिले के लिए 1800 सोलर लाइट ट्रैप का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. कोई भी इच्छुक किसान कृषि विभाग में संपर्क कर आवेदन कर सकता है.
635 रुपये की कीमत, 431 रुपये की सब्सिडी
कृषि रक्षा अधिकारी ने बताया कि सोलर लाइट ट्रैप की कुल कीमत 635 रुपये है. सरकार द्वारा इसमें 431 रुपये की सब्सिडी दी जा रही है. इस तरह किसानों को यह आधुनिक सिस्टम केवल 204 रुपये में उपलब्ध होगा. यह योजना किसानों के लिए बेहद लाभकारी साबित होने वाली है और आने वाले समय में फसल सुरक्षा का मजबूत साधन बनेगी.