बलिया: अचानक शुरू हुई ताबड़तोड़ चेकिंग… और फिर रिकॉर्ड तोड़ चालान! जुर्माने की बरसात देख चालक रह गए दंग
बलिया: पुलिस ने यातायात सुरक्षा को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए पूरे जनपद में तीन दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान चलाया है. पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के नेतृत्व और ASP और CO यातायात के पर्यवेक्षण में 65 टीमों का गठन किया गया था, जो जिलेभर में व्यापक कार्रवाई करते हुए अवैध वाहनों, ओवरलोडिंग और नियमों के उल्लंघन पर जबरदस्त प्रहार किया है. संदेश भी साफ दिया है, ‘सड़क पर सावधानी, घर में खुशहाली, सावधानी हटी, दुर्घटना घटी’.
आपको बताते चलें कि अभियान के दौरान कुल 8,876 वाहनों का चालान, 240 वाहनों को सीज करते हुए पुलिस ने 1,18,98,100 रुपए का भारी-भरकम जुर्माना वसूला है. इस अभियान का उद्देश्य न केवल अवैध परिवहन को रोकने से था, बल्कि सड़क सुरक्षा मानकों को मजबूती भी देना था.
डग्गामार बस और अवैध टेम्पो पर बड़ी कार्रवाई
जिले में डग्गामार और अवैध सार्वजनिक वाहनों पर रोकथाम के लिए पुलिस ने 116 बसों और 589 अवैध टेम्पो का चालान किया है. इनमें से 4 बसों और 82 टेम्पो को सीज किया गया है यानी कुल मिलाकर 12,62,100 रुपए का जुर्माना लगाया गया है. यही नहीं, 65 टीमों ने 29 बस अड्डों और 43 टेम्पो स्टैंड की जांच भी की है. इस दौरान 515 लोगों को चेक किया गया और कई जगहों पर अवैध वसूली पर रोकथाम भी की गई है.
ओवरलोड वाहनों पर भी कार्रवाई
इसके अलावा, अभियान में 109 ट्रक और 530 अन्य ओवरलोड वाहनों का चालान किया गया है. 9 वाहनों को सीज कर 13,61,000 रुपए का जुर्माना वसूला गया है. उक्त जानकारी मोहम्मद उस्मान सीओ ट्रैफिक की ओर से दी गई है. यही नहीं, 263 काली फिल्म लगे वाहन और 65 हूटर लगे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई है. 12 वाहनों को सीज कर 6,32,000 का जुर्माना लगाया गया है. इसके अलावा, 256 वाहनों से काली फिल्म और 54 वाहनों से हूटर हटवाए गए हैं.
भड़काऊ शब्दों वाली नंबर प्लेट पर कार्रवाई
कुल 217 चार पहिया और 594 दोपहिया वाहनों पर जाति-सूचक और भड़काऊ शब्द लिखे हुए पाए गए, जिसमें 8 दोपहिया वाहनों को सीज करते हुए 13,57,500 रुपए का जुर्माना किया गया है. 1465 चार पहिया व 4928 दोपहिया वाहनों का चालान किया गया है. इसके अलावा, 49 कार और 64 बाइक सीज की कर दी गई है. इस श्रेणी में 72,85,500 रुपए का भारी जुर्माना लगाया गया है. इस अभियान के दौरान हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवरलोडिंग और ट्रिपल सवारी से बचने के लिए लोगों को जागरूक भी किया गया है.