बारिश, तेज हवा-गर्मी का तांडव, नया विक्षोभ ढाएगा कहर! बिहार से बंगाल तक असर
Today Weather Live: होली खत्म हो चुकी है, लेकिन लोग रंग के नशे में अभी भी सराबोर हैं. इधर मौसम अभी भी रंग बदल रहा है. मार्च की शुरुआत के साथ ही मौसम ने ऐसी करवट बदली है कि पूछो मत. कहीं सूरज आग उगल रहा है, कहीं बादल घिरने लगे हैं तो कहीं तेज हवाएं दस्तक दे रही हैं. उत्तर भारत के कई हिस्सों में दिन का तापमान तेजी से ऊपर जा रहा है. अब दोपहर में चुभन महसूस हो रही है. इसी बीच पहाड़ों की ओर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की आहट है. मौसम विभाग (IMD) ने साफ संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज और बिगड़ सकता है. बारिश, बर्फबारी और आंधी तीनों का असर अलग-अलग राज्यों में दिखेगा.
- देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का अलग रूप देखने को मिलेगा. पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां बढ़ेंगी. मैदानी इलाकों में तापमान 2 से 4 डिग्री तक ऊपर जा सकता है. गुजरात और कोंकण इलाके में हवा में नमी बढ़ने वाली है, जिससे उमस ज्यादा महसूस होगी. पूर्वोत्तर में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं. समग्र रूप से कहा जाए तो मार्च का पहला सप्ताह मौसम के कई रंग दिखाने वाला है.
- पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होते ही जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊंचे क्षेत्रों में बादल गरजने और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है. ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी भी दर्ज की जा सकती है. इससे तापमान में गिरावट आएगी और ठंड दोबारा महसूस होगी.
पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में 6 मार्च से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है.
दिल्ली-एनसीआर में बढ़ेगी चुभन
दिल्ली-एनसीआर में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने रफ्तार पकड़ ली है. दिन का तापमान लगातार ऊपर जा रहा है और दोपहर के समय तेज धूप लोगों को गर्मी का अहसास करा रही है. 5 मार्च को 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है. इन हवाओं की वजह से वातावरण में जमी धूल और प्रदूषक कणों में कमी आ सकती है. इससे वायु गुणवत्ता सूचकांक में आंशिक सुधार की संभावना है. अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच सकता है, जो सामान्य से थोड़ा अधिक माना जा रहा है. हालांकि सुबह और देर रात के समय हल्की ठंड अभी भी बनी रहेगी.
उत्तर प्रदेश में बढ़ेगी गर्मी, उत्तराखंड में बारिश
- उत्तर प्रदेश के लखनऊ, कानपुर, आगरा, गोरखपुर और आसपास के जिलों में दोपहर के समय गर्मी का असर बढ़ेगा. अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री तक जा सकता है. सुबह हल्की ठंड और दिन में तेज धूप का मिश्रित मौसम देखने को मिलेगा. ग्रामीण इलाकों में खेतों में काम करने वाले लोगों को दोपहर में सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
- वहीं उत्तराखंड के चमोली, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी में 8 और 9 मार्च को बारिश की संभावना जताई गई है. ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी हो सकती है. इससे पहाड़ी रास्तों पर फिसलन बढ़ सकती है और तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है.
बिहार और झारखंड में कैसा रहेगा मौसम
- बिहार के पटना, गया, बक्सर, दरभंगा और समस्तीपुर में अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री तक जा सकता है. दिन में तेज धूप रहेगी, जबकि सीमांचल क्षेत्र में हल्के बादल छा सकते हैं. नमी का स्तर सामान्य रहेगा, लेकिन दोपहर में गर्मी का असर स्पष्ट महसूस होगा.
- झारखंड के रांची और आसपास के इलाकों में भी तापमान बढ़ेगा. सुबह हल्की ठंड और दिन में गर्मी का दौर जारी रहेगा. फिलहाल किसी बड़े वर्षा अलर्ट की संभावना नहीं है.
पंजाब और हरियाणा में मौसम सामान्य बना रहेगा.
पंजाब और हरियाणा का मौसम
पंजाब और हरियाणा में मौसम सामान्य बना रहेगा. सुबह के समय हल्की ठंडक महसूस होगी, लेकिन दोपहर में तापमान बढ़ेगा. अधिकतम तापमान 30 से 33 डिग्री के बीच रह सकता है. अभी किसी बड़े बारिश अलर्ट की चेतावनी नहीं है. हालांकि बदलते मौसम के कारण सुबह हल्की धुंध या प्रदूषण का असर दिख सकता है.
हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में बारिश-बर्फबारी
- 7 से 9 मार्च के बीच हिमाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. मनाली और अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है. इससे तापमान में गिरावट आएगी.
- जम्मू-कश्मीर में 5 से 9 मार्च तक मौसम बदला रहेगा. ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी दर्ज की जा सकती है. मैदानी क्षेत्रों में बादल छाए रह सकते हैं और तापमान में हल्की गिरावट संभव है.
मध्य प्रदेश और राजस्थान में गर्मी
- मध्य प्रदेश के भोपाल, ग्वालियर, छतरपुर और खजुराहो में तापमान 34 डिग्री तक पहुंच सकता है. दिन में धूप तेज रहेगी और गर्मी का असर बढ़ेगा.
- राजस्थान के जयपुर, बीकानेर और अजमेर में गर्म हवाएं चल सकती हैं. शुष्क मौसम के कारण दिन में तापमान तेजी से बढ़ेगा. फिलहाल वर्षा की संभावना कम है.
दक्षिण भारत का जानें मौसम
कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल और आंध्र प्रदेश में तापमान 32 से 37 डिग्री के बीच रह सकता है. दोपहर में तेज धूप और उमस लोगों को परेशान कर सकती है. केरल में गर्मी को देखते हुए लोगों को पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचने की सलाह दी गई है. तटीय क्षेत्रों में नमी अधिक रह सकती है.
गुजरात और महाराष्ट्र का पौसम
- गुजरात के अहमदाबाद, सूरत और वडोदरा में गर्मी बढ़ेगी. तटीय इलाकों में आर्द्रता अधिक रहेगी.
- महाराष्ट्र के मुंबई, पुणे और नागपुर में भी तापमान में बढ़ोतरी होगी. दिन में तेज धूप रहेगी, लेकिन समुद्री प्रभाव के कारण मुंबई में तापमान अपेक्षाकृत संतुलित रह सकता है. फिलहाल व्यापक बारिश की संभावना नहीं है.
पूर्वोत्तर राज्य का क्या हाल
असम, मेघालय, सिक्किम और नागालैंड में आंशिक बादल छा सकते हैं. कुछ स्थानों पर हल्की बारिश संभव है. फिलहाल भारी वर्षा के संकेत नहीं हैं, लेकिन मौसम में हल्का बदलाव बना रह सकता है.
पश्चिमी विक्षोभ क्या है और इसका असर कितना गंभीर होगा?
पश्चिमी विक्षोभ भूमध्यसागर क्षेत्र से उत्पन्न होने वाला एक वेदर सिस्टम है. यह नमी और ठंडी हवाएं लेकर उत्तर भारत की ओर बढ़ता है. जब यह हिमालय से टकराता है तो पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी होती है. इस बार इसका असर जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में ज्यादा देखने को मिल सकता है. मैदानी क्षेत्रों में इसका प्रभाव सीमित रहेगा, लेकिन तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव संभव है.
क्या आने वाले दिनों में उत्तर भारत में तापमान और बढ़ेगा?
संभावना है कि अगले सप्ताह तक उत्तर भारत के कई मैदानी इलाकों में तापमान में और बढ़ोतरी हो. दिन में 34 से 36 डिग्री तक तापमान पहुंच सकता है. हालांकि अभी लू की आधिकारिक चेतावनी जारी नहीं है, लेकिन लगातार बढ़ती गर्मी संकेत दे रही है कि अप्रैल की शुरुआत अपेक्षाकृत अधिक गर्म हो सकती है.
दिल्ली में प्रदूषण पर क्या असर पड़ेगा?
मध्यम गति की हवाओं के कारण प्रदूषण में कमी आने की उम्मीद है. यदि हवाएं लगातार चलती रहीं तो वायु गुणवत्ता सूचकांक में सुधार दर्ज किया जा सकता है. हालांकि निर्माण गतिविधियों और वाहनों की आवाजाही के कारण प्रदूषण पूरी तरह खत्म नहीं होगा.
किन राज्यों में बारिश का अलर्ट है?
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और पूर्वोत्तर के कुछ राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है. ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है. मैदानी क्षेत्रों में फिलहाल बड़े स्तर की बारिश का अनुमान नहीं है.
क्या मार्च के दूसरे पखवाड़े में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा?
संभावना है कि मार्च के दूसरे पखवाड़े में उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में तापमान और बढ़ सकता है. दिन में गर्मी का असर तेज रहेगा और अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर जा सकता है. हालांकि पहाड़ी क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने पर हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की स्थिति बनी रह सकती है. इससे वहां तापमान में अस्थायी गिरावट दर्ज की जा सकती है.