मऊ की यह सड़क राहगीरों के लिए बनी सिर दर्द, वजह जान हर कोई हो रहा हैरान
मऊ: उत्तर प्रदेश के मऊ जिले की एक अहम सड़क इन दिनों आम लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनी हुई है. हालात ऐसे हैं कि जिस दूरी को महज 10 मिनट में तय किया जा सकता है, उसे पार करने में लोगों को 25 से 30 मिनट तक लग रहे हैं. इसकी मुख्य वजह सड़क पर जगह-जगह बने गहरे और बड़े गड्ढे हैं, जिनमें वाहन फंस जाते हैं और राहगीर गिरकर घायल हो रहे हैं. इसके चलते सड़क पर अक्सर लंबा जाम लगा रहता है.
रोजाना हो रहे हादसे, बढ़ रही परेशानी
लोकल 18 से बातचीत में मकरी ग्राम सभा के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अनिल यादव ने बताया कि यह सड़क आजमगढ़ को गोरखपुर और वाराणसी हाईवे से जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है. इस रास्ते से प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरते हैं, लेकिन वर्षों से सड़क की हालत जस की तस बनी हुई है. गड्ढों के कारण वाहन आए दिन फंस जाते हैं और लोग गिरकर घायल हो जाते हैं, जिससे जाम की स्थिति बन जाती है. उन्होंने कहा कि घर से निकलते समय यह चिंता रहती है कि समय पर मंजिल तक पहुंच पाएंगे या नहीं, क्योंकि आधे घंटे की दूरी तय करने में एक घंटे तक लग जाता है.
मुख्य मार्ग होने के बावजूद बदहाल हालात
एडवोकेट अभयदीप ने बताया कि यह सड़क बेहद महत्वपूर्ण है, लेकिन संकरी सड़क और भारी वाहनों की आवाजाही के कारण यहां हर दिन जाम लगता है. गड्ढों में गिरकर लोग गंभीर रूप से घायल हो रहे हैं, कई बार हाथ-पैर तक टूट जाते हैं. कई बार इस समस्या को अधिकारियों के सामने उठाया गया, लेकिन आज तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला.
आंदोलन की चेतावनी
स्थानीय निवासी संतोष चौहान ने कहा कि सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों से लोग लगातार चोटिल हो रहे हैं. यह सड़क गोरखपुर, मऊ और आजमगढ़ नेशनल हाईवे को जोड़ती है, जिस पर रोजाना हजारों वाहन चलते हैं. अगर जल्द ही सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई, तो राहगीरों को मजबूरन बड़े आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा.
स्थानीय लोगों की मांग है कि प्रशासन जल्द से जल्द इस सड़क की मरम्मत कराए, ताकि लोगों को जाम, हादसों और समय की बर्बादी से राहत मिल सके.