मानसरोवर तालाब पर छठ महापर्व की तैयारियां तेज, जानें कब शुरू होगी बुकिंग
Last Updated:
Chandauli News: मंदिर के संस्थापक कृष्ण गुप्ता ने लोकल 18 से कहा कि वर्ष 2018 से ही टोकन सिस्टम के माध्यम से घाट आवंटन किया जाता है. व्रती को पहचान पत्र, मोबाइल नंबर और पता देकर एक रजिस्टर में पंजीकरण कराना होता है
चंदौली जिले के मुगलसराय स्थित मानसरोवर तालाब पर छठ महापर्व को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं. श्री श्री सूर्य देव मंदिर छठ पूजा सेवा न्यास की ओर से एक बैठक आयोजित की गई. जिसमें डाला छठ पूजा की व्यापक तैयारियों की समीक्षा की गई और विभिन्न समितियों के प्रभारियों की नियुक्ति की गई. इस बार छठ पूजा का आयोजन न्यास के नेतृत्व में 25वां वर्ष मनाया जाएगा, जिसे लेकर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है.
बैठक में तय किया गया कि मानसरोवर तालाब को 4 सेक्टरों में बांटा गया है और हर सेक्टर में 3-3 व्यवस्था प्रभारी नियुक्त किए गए हैं. प्रत्येक प्रभारी के साथ 21 सदस्यीय युवा कमेटी भी कार्य करेगी. ये टीमें श्रद्धालुओं और उनके परिवारों की सेवा और सुरक्षा में तत्पर रहेंगी.
व्रती को लाने होंगे ये-ये दस्तावेज
मंदिर के संस्थापक कृष्ण गुप्ता ने लोकल 18 से कहा कि वर्ष 2018 से ही टोकन सिस्टम के माध्यम से घाट आवंटन किया जाता है. व्रती को पहचान पत्र, मोबाइल नंबर और पता देकर एक रजिस्टर में पंजीकरण कराना होता है, जिसके आधार पर उन्हें एक विशेष घाट आवंटित किया जाता है. इससे पहले एक ही घाट पर कई लोग नाम दर्ज करा लेते थे. फिर नाम मिटाकर अपना लिख देते थे, जिससे अव्यवस्था फैलती थी. टोकन व्यवस्था से यह समस्या समाप्त हो गई है.
22 अक्टूबर टोकन वितरण होगा प्रारंभ
इस वर्ष 22 अक्टूबर 2025 से सुबह 10 बजे से टोकन वितरण प्रारंभ होगा. व्रती अपने दस्तावेज लेकर पहुंचेंगे और टोकन प्राप्त करेंगे. एक बार टोकन मिलने के बाद पूरी व्यवस्था की जिम्मेदारी न्यास की होगी. मानसरोवर तालाब जिले का सबसे बड़ा छठ घाट है, जहां 4 दिनों तक छठ महापर्व के आयोजन होते हैं. 25 अक्टूबर को सुबह 11 बजे सूर्य देव की सवारी के रूप में 7 घोड़े छोड़े जाएंगे, जो व्रती परिवारों के घर-घर जाकर पूजा स्थल की शुरुआत का संदेश देंगे.
निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी ये चीजें
आयोजन में श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो, इसके लिए प्रसाद बनाने हेतु आम की लकड़ी, पूजा के लिए नारियल और चूल्हा बनाने के लिए नई ईंटें निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी. इस बार छठ महापर्व 25 अक्टूबर से 28 अक्टूबर 2025 तक आयोजित किया जाएगा.